×

Weather Today Update: यूपी समेत कई राज्यों में बदलेगा मौसम का मिजाज, IMD ने जारी किया अलर्ट

Weather Today Update: देश के कई इलाकों में औसत तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। वैसे पिछले दो दिनों के दौरान कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का दौर भी दिखा है।

Monika
Published on: 14 March 2023 8:53 AM GMT
Weather Today Update: यूपी समेत कई राज्यों में बदलेगा मौसम का मिजाज, IMD ने जारी किया अलर्ट
X

Weather Today Update: मार्च महीने के दूसरे हफ्ते के दौरान देश के कई इलाकों में भीषण गर्मी पड़ने लगी है। दोपहर के समय कड़ी धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। देश के कई इलाकों में औसत तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। वैसे पिछले दो दिनों के दौरान कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का दौर भी दिखा है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण देश के कई राज्यों में अभी भी आंधी-तूफान और बारिश का माहौल बना हुआ है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने की भी आशंका है। उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। दिल्ली एनसीआर के कुछ क्षेत्रों में भी मंगलवार को बूंदाबांदी होने की संभावना है।

आंधी-तूफान के साथ हो सकती है बारिश

मौसम विभाग की ओर से लगाए गए पूर्वानुमान के मुताबिक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में आज मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। इस इलाके में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मध्य महाराष्ट्र व मराठवाड़ा में 16 मार्च तक मौसम खराब रहेगा और इस दौरान इलाके में बारिश होने की संभावना है। देश के दक्षिणी प्रायद्वीप में 16 से 22 मार्च के बीच बारिश होने का अनुमान है।

पूर्व मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी 16 मार्च तक बारिश होने की आशंका जताई गई है। गुजरात में भी आज बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिम बंगाल, झारखंड,ओडिशा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पूर्वी गुजरात, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में 15 से 17 मार्च तक बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने और ओलावृष्टि का अनुमान लगाया गया है।

यूपी में भी बारिश होने के आसार

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश का मौसम भी आने वाले दिनों में बदला हुआ दिखेगा। उत्तर प्रदेश पूर्वांचल वाले जिलों में इस सप्ताह बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश की चेतावनी दी है।

प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के साथ ही तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान लगाया गया है। प्रदेश के कई जिलों में इन दिनों कड़ी धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आने वाले सप्ताह में गर्मी बढ़ने के साथ लू चलने की भी आशंका जताई गई है।

उत्तराखंड में बारिश के साथ होगी बर्फबारी

उत्तराखंड के पांच जिलों में बारिश और बर्फबारी की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में लोगों को इस सप्ताह बारिश के साथ बर्फबारी का भी सामना करना पड़ सकता है। राज्य के पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी देहरादून, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।

झारखंड के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। राज्य के कुछ जिलों में ओलावृष्टि होने की भी आशंका है। वैसे राज्य में मौसम का तेवर गर्म बना हुआ है और मौसम विभाग का मानना है कि राज्य के तापमान में तेजी का दौर बना रहेगा।

दिल्ली को मिल सकती है गर्मी से राहत

दिल्ली में सोमवार को लोगों को काफी गर्म दिन का सामना करना पड़ा। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम पारा 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में रविवार को भी काफी गर्मी महसूस की गई थी और अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। रविवार को दिल्ली में इस सीजन का सबसे गर्म दिन था।

राजधानी में सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में हाल के दिनों में काफी गर्मी पड़ी है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली के लोगों को आज गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है क्योंकि आज राजधानी में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान पंजाब, हरियाणा, दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तर राजस्थान के कुछ हिस्सों और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट बारिश होने की संभावना है। असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और केरल में हल्की बारिश हो सकती है। अगले 24 से 48 घंटों में उत्तर पश्चिमी मध्य भारत में दिन के तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। कोंकण के कुछ क्षेत्रों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story