Weather Today Update: पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड, देश के इन इलाकों में आज बारिश का अलर्ट

Weather Today Update: मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे हुए अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की आशंका है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 17 Nov 2022 2:54 AM GMT
Weather Today
X

Weather Today (photo: social media )

Weather Today Update 17 November 2022: उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। जानकारों के मुताबिक देश के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के कारण तापमान लगातार नीचे जा रहा है। इस बीच देश के कुछ इलाकों में नवंबर महीने के दौरान भी बारिश ने मुसीबत बढ़ा रखी है।

दक्षिण केरल और दक्षिण तमिलनाडु में आज भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। अंडमान और निकोबार दीप समूह में आज व्यापक तौर पर बारिश होगी। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम तो कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है।

मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे हुए अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की आशंका है। आने वाले दिनों में दक्षिण भारत के कई इलाकों में इसका जबर्दस्त असर दिखेगा। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 20 नवंबर से भारी बारिश होने की आशंका है।

इस दौरान इन इलाकों में काफी तेज गति से हवा चलने की भी आशंका है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कई इलाकों में आज भारी बारिश होने की आशंका है। तमिलनाडु और केरल के कुछ इलाकों में आज भी बारिश होगी।

बारिश के साथ बर्फबारी बनेगी मुसीबत

मौसम विभाग की ओर से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कल बारिश के साथ बर्फबारी होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और बारिश का दौर जारी रहेगा। राज्य के विभिन्न इलाकों में 20 नवंबर तक हल्की बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई गई है। राज्य के विभिन्न इलाकों में पिछले तीन दिनों से हो रही बर्फबारी के कारण कई सड़कों पर आवागमन थम गया है।

उत्तराखंड में भी आज मौसम खराब रहेगा और बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर उत्तर और पूर्वोत्तर भारत में दिखेगा और तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस कारण मैदानी इलाकों में ठंड में इजाफा होगा।

अंडमान में जमकर बरसेंगे बादल

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान अंडमान और निकोबार दीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण केरल और दक्षिण तमिलनाडु में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। केरल और तमिलनाडु के शेष हिस्सों में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद है। दक्षिण अंडमान सागर और आसपास इलाकों में समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की हो सकती है। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक खराब श्रेणी में ही बने रहने की आशंका है।

मछुआरों को हिदायत

मौसम विभाग की ओर से मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे आज दक्षिण अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के इलाके में मछली पकड़ने के लिए न जाएं। मछुआरों को 18 और 19 नवंबर को बंगाल की दक्षिण पश्चिम खाड़ी और उससे सटे श्रीलंका तट पर जाने से परहेज करने की सलाह दी गई है। 20 और 21 नवंबर को भी मछुआरों के लिए हिदायत जारी की गई है। मछुआरों से कहा गया है कि इन दोनों दिनों के दौरान वे तमिलनाडु-पुडुचेरी तट से दूरी बनाकर रखें।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story