Weather Today: यूपी समेत उत्तर भारत में जल्द गिरेगा पारा, ठंड से बढ़ेगी लोगों की मुसीबत

Weather Today Update 18 December 2022: मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हरियाणा और दिल्ली के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

Anshuman Tiwari
Published on: 18 Dec 2022 3:23 AM GMT
Weather Today
X

Weather Today (Pic: Social Media)

Weather Today: देश के अधिकांश राज्यों में ठंड का प्रकोप धीरे-धीरे बढ़ चुका है। राजस्थान,पंजाब और हिमाचल प्रदेश में शीतलहर के प्रकोप के कारण लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। मौसम विभाग का कहना है कि शीतलहर का यह प्रकोप तीन दिनों तक जारी रह सकता है। इसके साथ ही मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हरियाणा और दिल्ली के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में भी ठंड महसूस की जा रही है।

मौसम विभाग का मानना है कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम साफ रहेगा मगर ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में उत्तर और मध्य भारत के इलाकों के न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। दूसरी ओर तमिलनाडु में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ता दिख रहा है। आईएमडी ने राजधानी चेन्नई में 21 दिसंबर तक बारिश जारी रहने की चेतावनी दी है। पुडुचेरी और कराईकल में भी सोमवार तक बारिश का दौर बना रहेगा।

कश्मीर में कड़ाके की ठंड

जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड के कारण जनजीवन पर असर दिखना शुरू हो गया है। खास तौर पर शाम ढलते ही सन्नाटा परसता दिख रहा है। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है। पूरी दुनिया में प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और न्यूनतम तापमान शून्य से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है।

लेह और कारगिल में शरीर जमा देने वाली ठंड महसूस की जा रही है। लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 10.6 और कारगिल में माइनस 11.6 दर्ज किया गया। कुपवाड़ा, बनिहाल और भद्रवाह में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। जम्मू संभाग के कई हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

राजस्थान, एमपी और यूपी में भी बढ़ी ठंड

उधर राजस्थान में भी कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। फतेहपुर और माउंट आबू में पारा जीरो डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इन दोनों ही इलाकों में कोहरे का असर भी दिखने लगा है। चुरू में भी जबर्दस्त ठंड पड़ रही है और पारा 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में राज्य के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के जिलों में ठंडी हवाओं के चलते ठिठुरन बढ़ने की आशंका जताई गई है।

मध्यप्रदेश में भी ठंड का असर तेज हो गया है और शनिवार की सुबह राज्य के कई जिलों में कोहरे का असर दिखा। मौसम के जानकारों के मुताबिक उत्तर भारत से आने वाली सर्द हवाओं के कारण राज्य में ठंड बढ़ी है। मध्यप्रदेश और राजस्थान के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और दिल्ली में भी ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह इस मौसम का सबसे सर्द दिन रहा।

तमिलनाडु में बारिश की आशंका

इस बीच मौसम विभाग की ओर से तमिलनाडु में 21 दिसंबर तक बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। तमिलनाडु में पिछले हफ्ते भी जोरदार बारिश से दर्ज की गई थी। अब राज्य का मौसम एक बार फिर बिगड़ता दिख रहा है। खास तौर पर राजधानी चेन्नई में ज्यादा बारिश होने की आशंका है। तमिलनाडु के अलावा पुडुचेरी और कराईकल में भी 19 दिसंबर तक बारिश जारी रहने का अनुमान लगाया गया है। तेज हवाओं के कारण मछुआरों को पश्चिम बंगाल की खाड़ी और श्रीलंकाई तटों पर 18 दिसंबर तक न जाने की हिदायत दी गई है।

स्काईमेट वेदर के मुताबिक 19 दिसंबर की रात तमिलनाडु के दक्षिणी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां शुरू होने के आसार है। बारिश की यह गतिविधि आगे चलकर तेज हो सकती है। देश के अन्य इलाकों में मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न हिस्सों में ठंड बढ़ने के साथ अब मध्यम कोहरा छाए रहने की उम्मीद है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story