Weather Today Update: इस साल पड़ेगी रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, फरवरी में पहाड़ों पर भी छूटने लगा पसीना, मई-जून में मचेगा हाहाकार

Weather Today Update: इस बार फरवरी महीने के दौरान ही गर्मी के अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड बनने लगा है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में रविवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 11 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

Anshuman Tiwari
Published on: 20 Feb 2023 3:39 AM GMT (Updated on: 20 Feb 2023 3:46 AM GMT)
Weather Today Update 20 February 2023
X

Weather Today Update 20 February 2023

Weather Today Update 20 February 2023: उत्तर भारत के विभिन्न इलाकों में फरवरी महीने के दौरान ही गर्मी का माहौल दिखने लगा है। इस बार फरवरी महीने के दौरान ही गर्मी के अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड बनने लगा है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में रविवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 11 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 20 वर्षों के दौरान शिमला में फरवरी महीने के दौरान यह अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड है।

उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी फरवरी महीने के दौरान ही अधिकतम तापमान काफी चढ़ गया है। उत्तर और मध्य भारत के अधिकतम तापमान में अगले कुछ दिनों के दौरान दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। इसे देखते हुए इस बार मई-जून के दौरान रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

हीट वेव का अलर्ट जारी

देश के कई इलाकों में फरवरी महीने के दौरान ही अधिकतम तापमान में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शिमला में शनिवार को न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला के साथ ही सोलन में भी अधिकतम तापमान काफी चढ़ चुका है। 16 फरवरी को सोलन में अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग की ओर से अगले दो दिनों के दौरान कोंकण और कच्छ में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान महाराष्ट्र और गुजरात के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 16 फरवरी को भी कोंकण और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

गर्मी तोड़ सकती है सारे रिकॉर्ड

मौसम विज्ञानी राजेश कपाड़िया के मुताबिक देश में इस बार गर्मी के सीजन के दौरान हीट वेव सारे रिकॉर्ड तोड़ सकती है। देश के कई इलाकों में फरवरी के दौरान ही असामान्य गर्मी पड़ रही है। गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा के अधिकतम तापमान में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। भुज में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है जबकि राजस्थान के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इस आधार पर माना जा रहा है कि एशिया में इस बार सर्वाधिक गर्मी भारत में ही पड़ सकती है।

उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में भी गर्मी का असर दिखने लगा है। मसूरी में 17 फरवरी को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गोवा में भी खूब गर्मी पड़ रही है और राजधानी पणजी में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। आने वाले दिनों में पारा और अधिक चढ़ने की संभावना है।

राजस्थान में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी की संभावना

राजस्थान के विभिन्न हिस्सों के न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। राजधानी जयपुर में शनिवार को न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पिलानी का न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस था। कोटा का न्यूनतम तापमान भी 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डूंगरपुर जिले का न्यूनतम तापमान तो 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग की ओर से इस बार राजस्थान में रिकॉर्डतोड़ गर्मी पड़ने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार राजस्थान में गर्मी का नया रिकॉर्ड बन सकता है। वैसे भी मैं जून महीने के दौरान राज्य के अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहता है। चूरु, गंगानगर और धौलपुर आदि इलाकों में तो तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। राजस्थान में इस बार और झुलसाने वाली गर्मी पड़ने की संभावना हो।

राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान बढ़ा

राजधानी दिल्ली में अच्छी धूप निकलने का कारण अधिकतम तापमान में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान इस मौसम के औसत से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। पिछले 2 वर्षों के दौरान फरवरी महीने में इतना अधिक तापमान कभी नहीं रहा है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही रविवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की उम्मीद जताई थी। रविवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम में सामान्य माना जा रहा है। आने वाले दिनों में राजधानी का तापमान और ऊपर जाने की संभावना जताई जा रही है।

इन इलाकों में हो सकती है बारिश

जम्मू कश्मीर लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। पश्चिमी हिमालय, उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में दिन और रात का तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहेगा। देश के अन्य हिस्सों में मौसम संबंधी कोई अन्य बड़ी गतिविधि होने की उम्मीद नहीं है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story