×

Weather Today : यूपी पर मानसून मेहरबान, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी आज जमकर होगी बारिश

Weather Today: बिहार और झारखंड में भी आज झमाझम बारिश होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल और विदर्भ में भी बारिश का असर दिखेगा।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 21 Sept 2022 8:34 AM IST
Weather Today
X

Weather Today (Image Credit : Social Media)

Weather Today: विदाई से पहले मानसून कई राज्यों पर मेहरबान दिख रहा है। देश के कई राज्यों में आज भी जोरदार बारिश होने की संभावना है। ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में आज भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। उत्तर प्रदेश में भी आज व्यापक तौर पर बारिश होगी। विशेष रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून ज्यादा मेहरबान दिखेगा और कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

बिहार और झारखंड में भी आज झमाझम बारिश होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल और विदर्भ में भी बारिश का असर दिखेगा। पूर्वोत्तर के कई राज्यों में 23 सितंबर तक जोरदार बारिश होने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान और दिल्ली में भी आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इन राज्यों में बारिश की संभावना

अगले 24 घंटे के दौरान कई राज्यों में जोरदार बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम के जानकारों के मुताबिक आज ओडिशा,छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार के कुछ हिस्सों, असम, मेघालय, नागालैंड, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, विदर्भ और झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गंगीया पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, तेलंगाना, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, मराठवाड़ा और कोकण व गोवा में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी मध्य प्रदेश, तटीय कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप तथा अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश हो सकती है।

यूपी और बिहार में होगी बारिश

उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में पिछले दिनों जोरदार बारिश हुई है। विशेष रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता का काफी असर दिख रहा है। मौसम विभाग की ओर से लगाए गए पूर्वानुमान के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज भी झमाझम बारिश होने के आसार हैं। मौसम के जानकारों के मुताबिक इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। उत्तर प्रदेश के शेष इलाकों में भी मानसून की सक्रियता का असर बारिश के रूप में दिखेगा। मंगलवार को भी प्रदेश के विभिन्न इलाकों में जोरदार बारिश हुई है।

उत्तर प्रदेश के साथ ही बिहार के कई इलाकों में भी आज जोरदार बारिश होने की संभावना जताई गई है। बिहार के कुछ इलाकों में भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है।

झारखंड में जमकर बरसेंगे बादल

बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण झारखंड में आज भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक झारखंड के दक्षिणी इलाके में आज झमाझम बारिश होने की संभावना है। 23 और 24 सितंबर को भी राज्य में बारिश का दौर जारी रहेगा।

इस दौरान राज्य में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। झारखंड के विभिन्न इलाकों में हाल के दिनों में जमकर बारिश हुई है। आज भी राजधानी और आसपास के इलाके बारिश से सराबोर रहेंगे।

ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग का कहना है कि ओडिशा और छत्तीसगढ़ में आज भारी बारिश होने की आशंका है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण ओडिशा में भारी बारिश की आशंका पैदा हुई है। सोमवार और मंगलवार को भी राज्य के कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई थी।

बारिश के साथ तूफानी हवाएं चलने की आशंका भी जताई गई है। ओडिशा के साथ ही छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में भी आज व्यापक तौर पर बारिश होगी।

पूर्वी राजस्थान में खराब रहेगा मौसम

मौसम विभाग की ओर से पूर्वी राजस्थान में अगले चार-पांच दिनों तक बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसका असर पूर्वी राजस्थान में दिखने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

पूर्वोत्तर में भी बरसेंगे बादल

पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी आज मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग ने असम, मेघालय और नगालैंड में आज कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका जताई है। अरुणाचल प्रदेश में भी 23 सितंबर तक जोरदार बारिश होने की आशंका जताई गई है। असम के कई इलाकों में कई दिनों से बारिश हो रही है और बारिश का यह दौर 23 सितंबर तक जारी रह सकता है। मेघालय में भी आज जोरदार बारिश होने की संभावना है।



Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story