×

Weather Today Update: पहाड़ों पर बर्फबारी का दिखेगा असर, यूपी-बिहार में बढ़ेगा सर्दी का कहर, जानें मौसम का हाल

Weather Today Update: उत्तर प्रदेश, बिहार और राजधानी दिल्ली समेत उत्तर और मध्य भारत के अन्य इलाकों में ठंड में बढ़ोतरी हुई है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 24 Nov 2022 3:14 AM GMT
weather today update
X

weather today (photo: social media ) 

Weather Today Update: पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी दिख रहा है। कश्मीर,हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार बर्फबारी हो रही है और आने वाले दिनों में यह दौर जारी रहने की संभावना है। इसकी वजह से उत्तर प्रदेश, बिहार और राजधानी दिल्ली समेत उत्तर और मध्य भारत के अन्य इलाकों में ठंड में बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि जल्द ही तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी।

दूसरी ओर दक्षिण भारत के कई इलाकों में अभी भी बारिश का दौर बना हुआ है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, दक्षिण आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आज भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि मौसम के जानकारों के मुताबिक इन इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका नहीं है।

बर्फीली हवाएं बनेंगी मुसीबत

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश और बिहार में जल्द ही ठंड में तेजी से बढ़ोतरी होगी। दोनों राज्यों में बर्फीली हवाओं का दौर लोगों के लिए मुसीबत बन सकता है। रात और सुबह के तापमान में गिरावट की उम्मीद जताई गई है। राजधानी दिल्ली में बुधवार की सुबह सबसे सर्द रही और पारा लुढ़ककर आठ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बुधवार की सुबह राजधानी में धुंध छाई रही और लोगों को काफी ठंड का एहसास हुआ। दिल्ली में जल्द ही तापमान में और गिरावट की आशंका है।

हिमालयी क्षेत्र में बर्फीली हवाओं का असर राजधानी दिल्ली और अन्य मैदानी इलाकों में दिखेगा। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में आज भी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। कश्मीर के कई इलाकों में लगातार बर्फबारी जारी रहने से पारा शून्य से नीचे चला गया है। श्रीनगर में भी इस मौसम में पहली बार पारा शून्य से नीचे पहुंच गया। पूरे कश्मीर में कोकेरनाग एकमात्र ऐसा स्थान था जहां पारा शून्य से ऊपर दर्ज किया गया।

इन इलाकों में बारिश होने की आशंका

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तो एक या दो स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। तमिलनाडु,आंध्र प्रदेश और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

कर्नाटक के शेष हिस्सों, लक्षद्वीप और रायलसीमा में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। दिल्ली और एनसीआर का वायु गुणवत्ता सूचकांक मध्यम श्रेणी में बने रहने की संभावना है। उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में दिन और रात के तापमान में कुछ और गिरावट आने की आशंका है।

राजस्थान में पड़ने लगी कड़ाके की ठंड

इस बीच राजस्थान में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। सीकर के फतेहपुर में मंगलवार की रात पारा 5.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। चूरू में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और पारा 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नागौर, सीकर, चित्तौड़गढ़ और हनुमानगढ़ में भी कड़ाके की सर्दी लोगों को परेशान करने लगी है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों के दौरान ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी और उसके बाद ठंड में और इजाफा होगा।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story