Weather Update: कहीं गर्मी का सितम तो कहीं बारिश का मौसम, आईएमडी ने जारी किया ताजा अलर्ट

Weather Today Update: मौसम विभाग ने आज एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की चेतावनी दी है जिससे पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इस पश्चिमी विक्षोभ के 27 फरवरी तक सक्रिय रहने की संभावना है।

Anshuman Tiwari
Published on: 25 Feb 2023 3:33 AM GMT (Updated on: 25 Feb 2023 3:45 AM GMT)
Weather Update Today
X

Weather Update Today (Photo: Social Media)

Weather Today Update: देश के अलग-अलग इलाकों में मौसम का अलग-अलग मिजाज दिख रहा है। कहीं तीखी धूप के कारण लोग गर्मी से बेहाल दिख रहे हैं तो कहीं बारिश और बर्फबारी की स्थिति दिख रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में गर्मी का तेवर और तीखा हो जाएगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

दूसरी ओर मौसम विभाग ने आज एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की चेतावनी दी है जिससे पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इस पश्चिमी विक्षोभ के 27 फरवरी तक सक्रिय रहने की संभावना है। इसके बाद 28 फरवरी को एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा जिसकी वजह से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में दो मार्च तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा।

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग का कहना है कि 25 से 27 फरवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश होगी। बारिश के साथ इन इलाकों में हल्की बर्फबारी होने की भी संभावना है। 28 फरवरी से 2 मार्च के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने के बाद पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 28 फरवरी को कश्मीर घाटी में और एक मार्च को हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है।

मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के दौरान उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि 26 फरवरी को उत्तराखंड के चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 27 फरवरी को इन जिलों के अलावा देहरादून और राज्य के कई अन्य इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है।

फरवरी में गर्मी बढ़ने का महत्वपूर्ण कारण

आईएमडी का कहना है कि मार्च के पहले हफ्ते के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तक जा सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि फरवरी महीने के दौरान असामान्य रूप से गर्मी पड़ने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। मजबूत पश्चिमी विक्षोभ की अनुपस्थिति को मौसम का तेवर गर्म होने का सबसे महत्वपूर्ण कारण माना जा रहा है।

मजबूत पश्चिमी विक्षोभ की वजह से वर्षा होती है और तापमान कम रहने में मदद मिलती है। इस बार फरवरी महीने के दौरान मजबूत पश्चिमी विक्षोभ न होने के कारण तापमान में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों के दौरान उत्तर पश्चिमी भारत के अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। हालांकि इसके बाद अधिकतम पारे में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

बिहार में गर्मी तोड़ सकती है रिकॉर्ड

बिहार में इन दिनों दोपहर के समय काफी गर्मी पड़ने लगी है। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक और न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। पूर्णिया में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया।

मौसम के जानकारों का मानना है कि बिहार के लोगों को इस बार प्रचंड गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम नै फरवरी महीने के दौरान ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। इस कारण माना जा रहा है कि इस बार गर्मी के दौरान कई रिकॉर्ड टूट जाएंगे। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक हवा के उच्च दबाव ने पूरे बिहार को हीट जोन में तब्दील कर दिया है। बिहार के कई इलाकों में गर्मी ने अभी से ही लोगों को बेहाल करना शुरू कर दिया है।

इन इलाकों में होगी बारिश और बर्फबारी

स्काईमेट वेदर के मुताबिक पश्चिमी हिमालय में 26 से 28 फरवरी के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। बारिश और हिमपात की तीव्रता में 1 से 3 मार्च के बीच बढ़ोतरी होगी। इस दौरान कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश और हिमपात होने की संभावना है। पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में 1 और 2 मार्च को हल्की बारिश होने की संभावना है।

पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में 26 फरवरी से अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश का अधिकतम तापमान 27 फरवरी से और बढ़ सकता है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story