×

Weather Today Update: पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदला मौसम का मिजाज,यूपी समेत कई राज्यों में होगी बारिश और ओलावृष्टि

Weather Today Update: उत्तर भारत के राज्यों में हाल के दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होने के कारण लोगों को भीषण ठंड से तो राहत मिली है मगर बदली और बारिश ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं।

Anshuman Tiwari
Published on: 25 Jan 2023 3:38 AM GMT
Lucknow Weather Today
X

Lucknow Weather Today (Photo - Newstrack)

Weather Today Update: उत्तर भारत के राज्यों में हाल के दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होने के कारण लोगों को भीषण ठंड से तो राहत मिली है मगर बदली और बारिश ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। उत्तर भारत के राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख रहा है और कई इलाकों में हल्की बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा,उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली और चंडीगढ़ में 26 जनवरी तक बारिश का दौर बना रहेगा।

देश के पहाड़ी राज्यों में भी पश्चिमी विक्षोभ का बड़ा असर दिख रहा है। पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी का दौर बना रहेगा। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश और हिमपात हो सकता है।

कई राज्यों में बना रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत के कई राज्यों में 26 जनवरी तक बारिश होने की आशंका है। इस दौरान उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ के अधिकांश इलाकों में गरज के साथ बारिश होगी। राजस्थान के उत्तरी हिस्से और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में भी 26 जनवरी तक बारिश होने की आशंका है।

इस दौरान उत्तर भारत के कुछ राज्यों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज ओलावृष्टि होने की आशंका है। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बुधवार और गुरुवार को ओलावृष्टि हो सकती है। राजधानी दिल्ली के अधिकांश इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ होगी बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर में इन दिनों मौसम का मिजाज बदलता हुआ दिख रहा है। कई इलाकों में भीषण ठंड में लोगों की मुसीबतें बढ़ा रखी हैं। श्रीनगर में न्यूनतम पारा शून्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। गुलमर्ग में काफी ज्यादा ठंड पड़ रही है और यहां न्यूनतम पारा शून्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। घाटी के प्रवेश द्वार कांजीगुंड में न्यूनतम पारा शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे था। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में हाल के दिनों में भारी बर्फबारी और बारिश हुई है जिसका असर मौसम पर दिख रहा है।

मौसम विभाग का कहना है कि जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ का व्यापक असर दिख रहा है। अन्य पहाड़ी राज्यों में भी इसका काफी प्रभाव पड़ा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में आज भारी बारिश होने की आशंका है। कश्मीर के मैदानी इलाकों में बुधवार तक तेज बारिश और हिमपात का दौर बना रहेगा। गुरुवार और शुक्रवार को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और हिमपात हो सकता है।

पंजाब और हरियाणा में हल्की बारिश

पंजाब और हरियाणा के मौसम में भी बड़ा बदलाव दिखा है और मंगलवार को इन दोनों राज्यों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में अभी हल्की बारिश हुई है। दोनों राज्यों में बारिश का मौसम अभी आगे भी बने रहने की संभावना है। दोनों राज्यों के कुछ इलाकों में अभी भी ठंड का काफी असर दिख रहा है। पंजाब का बठिंडा इलाका कड़ाके की ठंड की चपेट में है और यहां न्यूनतम पारा चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरदासपुर में न्यूनतम पारा 5 डिग्री सेल्सियस और बरनाला में 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रूपनगर में न्यूनतम पारा 5.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।

राजस्थान में भी बदला मौसम

राजस्थान के पूर्वी हिस्सों के कुछ इलाकों में पिछले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। भरतपुर के वैर में सबसे ज्यादा 21 मिलीमीटर बारिश हुई। भरतपुर के रूपवास में 17 मिलीमीटर बारिश हुई है। मौसम केंद्र का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव दिख रहा है। इसी कारण भीषण सर्दी के इस मौसम में कई इलाकों का तापमान गिर गया है। गंगापुर और बयाना में 11-11 मिलीलीटर बारिश दर्ज की गई है। जयपुर के मौसम केंद्र के मुताबिक राज्य में 26 जनवरी तक बादल छाए रहने और राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

कई राज्यों में बारिश की आशंका

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बर्फबारी होने की आशंका है। इन राज्यों के कुछ इलाकों में भारी बारिश और हिमपात हो सकता है। लद्दाख में भी हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात की आशंका जताई गई है। पंजाब और हरियाणा के उत्तरी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है।

पंजाब, हरियाणा, पश्चिम और मध्य उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, केरल, तटीय कर्नाटक, उत्तर कर्नाटक और महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी हरियाणा, उत्तरी पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि होने की आशंका है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story