×

Weather Today: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, दिल्ली एनसीआर में जबर्दस्त शीतलहर

Weather Today: दिल्ली और एनसीआर गंभीर शीत लहर की गिरफ्त में हैं। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में आज सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर महज 50 मीटर रह गई है।

Neel Mani Lal
Published on: 28 Dec 2022 3:40 AM GMT
Weather Today
X

Weather Today  (Social Media)

Weather Today: दिल्ली और एनसीआर गंभीर शीत लहर की गिरफ्त में हैं। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में आज सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर महज 50 मीटर रह गई और सड़क यातायात और ट्रेन की आवाजाही प्रभावित हुई है। रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली से आने-जाने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि दो के समय में बदलाव किया गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है, जिसके कारण बुधवार को पूरे उत्तर भारत में गंभीर शीतलहर की स्थिति बनी रही। आईएमडी बुलेटिन में कहा गया है कि बुधवार सुबह हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। अगले 3-4 दिनों में उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी और इसके बाद फिर से 2 से 4 डिग्री की गिरावट आएगी।

दिल्ली में मंगलवार को सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस - सामान्य से एक डिग्री नीचे दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। बुधवार की सुबह न्यूनतम तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया है।

इस बीच, स्काईमेट वेदर ने कहा है कि एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण 25-26 दिसंबर को पहाड़ों में फिर से बर्फबारी हुई और इसके पीछे हटने के बाद अब ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं मैदानी इलाकों में चल रही हैं। उत्तर पश्चिमी भारत में शीतलहर की स्थिति बुधवार से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में समाप्त हो जाएगी। हालांकि, राहत अल्पकालिक रहने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को निचली, मध्य और ऊंची पहाड़ियों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की भविष्यवाणी की है। इसमें कहा गया है कि शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों और मध्य पहाड़ियों में बारिश होने की संभावना है और ऊंची पहाड़ियों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश या हिमपात की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार ), 'बहुत घना' कोहरा तब होता है जब दृश्यता 0 और 50 मीटर के बीच होती है, 51 और 200 मीटर 'घना', 201 और 500 'मध्यम' और 501 और 1,000 'उथला' होता है। मैदानी इलाकों में अगर न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है या जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम होता है और सामान्य से 4.5 डिग्री कम होता है तब उसे शीत लहर कहा जाता है। एक 'गंभीर' शीत लहर तब होती है जब न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story