×

Weather Today: देश के कई राज्यों में आज भी जमकर बरसेंगे बादल, यूपी में भी बारिश की संभावना

Weather Today: दक्षिण भारत के राज्यों में भी मानसून की सक्रिय उपस्थिति दिख रही है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी अगले तीन दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 3 Oct 2022 2:40 AM GMT
Weather Today
X

Weather Today (photo: social media )

Weather Today Update 3 October 2022: अक्टूबर की शुरुआत होने के बावजूद देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता दिख रही है। देश के कई राज्यों में अभी भी बारिश का दौर दिख रहा है। देश के कई इलाकों में आज भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है। पश्चिम बंगाल,ओडिशा, असम, त्रिपुरा, मिजोरम, मेघालय और नागालैंड में आज तेज बारिश हो सकती है।

दक्षिण भारत के राज्यों में भी मानसून की सक्रिय उपस्थिति दिख रही है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी अगले तीन दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान इन राज्यों के कुछ इलाकों में झमाझम बारिश होने की संभावना है। झारखंड के कई इलाकों में आज भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

मानसून की वापसी में विलंब

मौसम विभाग का कहना है कि सुपर चक्रवात नोरु के कारण बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवातीय परिसंचरण का देश के कई राज्यों में असर दिखेगा। इसी कारण दक्षिण पश्चिम मानसून की देश से वापसी में विलंब हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश में 5 अक्टूबर से बारिश होने की संभावना है।

भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र का कहना है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की ओर बढ़ने की संभावना है। इस कारण दुर्गापूजा के त्योहार में खलल पड़ने की आशंका जताई गई है।

विभिन्न राज्यों का हाल

अगले 24 घंटे के दौरान देश के कई राज्यों में जोरदार बारिश होने की संभावना है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक ओडिशा, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम, गंगीय पश्चिम बंगाल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। मध्य महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार के कुछ हिस्सों, तटीय कर्नाटक, कोंकडण व गोवा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, रायलसीमा और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़, विदर्भ, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में एक या दो ही स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

यूपी और उत्तराखंड में बिगड़ेगा मौसम

मौसम विभाग की ओर से लगाए गए पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में तीन दिनों तक बारिश होने की संभावना है। इन दोनों राज्यों के कुछ इलाकों में तेज बारिश होने की आशंका जताई गई है। उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग के निदेशक डॉ जेपी गुप्ता का कहना है कि 4 और 5 अक्टूबर को भी उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका है। उन्होंने नवरात्रि के बाद हल्की ठंड बढ़ने का भी पूर्वानुमान लगाया है।

हिमाचल प्रदेश का मौसम भी 3 और 4 अक्टूबर को खराब रहेगा और राज्य के विभिन्न इलाकों में व्यापक बारिश हो सकती है। नार्थ ईस्ट और देश के पूर्वी इलाके में भी तीन दिनों तक झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

ओडिशा-झारखंड में होगी झमाझम बारिश

बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का ओडिशा में व्यापक असर दिखेगा। राज्य में पांच अक्टूबर तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। राज्य में इस वर्ष जोरदार बारिश हुई है और अब विदाई की बेला में भी मानसून काफी सक्रिय दिख रहा है।

झारखंड के विभिन्न इलाकों में आज भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के कई इलाके में बारिश से सराबोर रहेंगे। इस दौरान हजारीबाग, बोकारो, गुमला, खूंटी और रामगढ़ समेत कई जिलों में जोरदार बारिश होने की आशंका जताई गई है। बिहार के कुछ हिस्सों में भी आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में पूर्वोत्तर के राज्यों में भी तेज बारिश होने की संभावना है। असम और मेघालय में सोमवार और मंगलवार को व्यापक तौर पर बारिश होने की संभावना जताई गई है। मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड और मणिपुर में भी आज विभिन्न इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story