×

Weather Update Today: यूपी में बढ़ेगा सर्दी का कहर, दक्षिण भारत के इन इलाकों में कई दिनों तक होगी बारिश

Weather Update Today: मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिणी राज्यों में बारिश का माहौल अभी बना रहेगा। मौसम विभाग की ओर से दक्षिण भारत के कई राज्यों में आज भी बारिश की आशंका जताई गई है।

Anshuman Tiwari
Published on: 30 Nov 2022 3:05 AM GMT (Updated on: 30 Nov 2022 10:55 AM GMT)
Lucknow Weather Today
X

Weather Update of Today (Pic: Social Media)

Weather Update Today 30 November 2022: नवंबर का महीना खत्म होने को है मगर दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनी हुई है। कहीं हल्की से मध्यम तो कहीं भारी बारिश के कारण लोग बेहाल हैं। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिणी राज्यों में बारिश का माहौल अभी बना रहेगा। मौसम विभाग की ओर से दक्षिण भारत के कई राज्यों में आज भी बारिश की आशंका जताई गई है। आईएमडी के मुताबिक केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आज बारिश होने की संभावना है।

इन राज्यों के अलावा मणिपुर और मिजोरम में भी आज हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस बीच उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पहाड़ों पर बर्फबारी होने के कारण दिल्ली, यूपी, बिहार और कई अन्य राज्यों में ठंड बढ़ती जा रही है। दिसंबर के पहले हफ्ते में पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने से ठंड में भारी बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है।

दक्षिण भारत में कई दिनों तक जारी रहेगी बारिश

हाल के दिनों में उत्तर भारत में तो मौसम लगातार शुष्क बना हुआ है मगर दक्षिण भारत के लोगों को बारिश से निजात नहीं मिल पा रही है। मौसम के जानकारों का कहना है कि अंडमान सागर के पास कम दबाव का क्षेत्र बन जाने के कारण अभी चार-पांच दिनों तक दक्षिण भारत के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में बारिश का यह दौर बना रहेगा।

केरल और तमिलनाडु के कुछ स्थानों पर भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है। कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में भी अभी बारिश थमने के आसार नहीं दिख रहे हैं। दोनों राज्यों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है।

मैदानी इलाकों में बढ़ेगी ठंड

इस बीच राजधानी दिल्ली और राजस्थान समेत कई इलाकों में शीतलहर का प्रकोप दिखने लगा है। जम्मू-कश्मीर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के कारण ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड काफी ज्यादा पड़ने लगी है। कश्मीर के कई इलाकों में पारा शून्य से नीचे चले जाने के कारण लोगों की मुसीबत बढ़ गई है। चारों ओर बर्फ की सफेद चादर बिछी होने के कारण लोग अपने घरों में कैद होकर रह गए हैं।

जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी का दौर बने रहने की संभावना है। इसका असर मैदानी इलाकों में भी दिखेगा। दो दिसंबर के बाद न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस कारण यूपी,बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और मध्य प्रदेश समेत कई इलाकों में ठंड में बढ़ोतरी हो सकती है।

इन इलाकों में भारी बारिश की आशंका

स्काईमेट वेदर के मुताबिक तमिलनाडु के दक्षिणी इलाकों और केरल के कुछ हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दोनों राज्यों में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। तटीय कर्नाटक, मणिपुर, मिजोरम और लक्षद्वीप में हल्की बारिश होने की संभावना है। उत्तर पश्चिम,मध्य और पूर्वी भारत के दिन और रात के तापमान में हल्की गिरावट आने की उम्मीद है। दिल्ली और एनसीआर के वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार की उम्मीद नहीं है और यह बेहद खराब श्रेणी में बना रहेगा।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story