×

Weather Update: यूपी समेत दिल्ली में कड़ाके की ठंड का रेड अलर्ट, कई इलाकों में घने कोहरे से जीरो विजिबिलिटी

Aaj Ka Mausam 9 January 2023: मौसम विभाग ने दो दिनों तक उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए कड़ाके की ठंड का रेड अलर्ट जारी किया है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 9 Jan 2023 3:22 AM GMT (Updated on: 9 Jan 2023 3:34 AM GMT)
Weather Today Update
X

Weather Today Update (photo: social media )

Weather Update Today 9 January 2023: पूरे उत्तर भारत में इन दिनों भीषण शीतलहर और घने कोहरे ने लोगों को बेहाल कर रखा है। पहाड़ी राज्यों की बर्फीली हवाओं के कारण उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के सभी राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आने से लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। मौसम विभाग ने दो दिनों तक उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए कड़ाके की ठंड का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की ओर से राजस्थान और बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि इन राज्यों में कड़ाके की ठंड के साथ घने कोहरे का कहर दिखेगा।

सोमवार की सुबह दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्य घने कोहरे की चादर में लिपटे हुए दिखे। हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, लखनऊ, बरेली और आगरा के कई इलाकों में आज सुबह जीरो विजिबिलिटी रही। हालत यह थी कि गाड़ियों के इंडिकेटर भी बेदम साबित हुए। वैसे राहत की बात यह है कि मौसम विभाग का कहना है कि जल्द ही उत्तर पश्चिम भारत के हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मौसम के जानकारों के मुताबिक 10 जनवरी की रात नए पश्चिमी विक्षोभ की उम्मीद है जिससे शीतलहर और कोहरे से काफी हद तक छुटकारा मिलेगा। हालांकि मकर संक्रांति से ठंड की फिर वापसी हो सकती है। इस बीच जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और तटीय तमिलनाडु में बारिश होने की आशंका जताई गई है।

भीषण ठंड की चपेट में उत्तर प्रदेश

पहाड़ों से आ रहे बर्फीली हवाओं के कारण उत्तर प्रदेश के लोग कड़ाके की ठंड झेल रहे हैं। पूरा प्रदेश इस समय जबर्दस्त शीतलहर की चपेट में है। शनिवार की रात प्रदेश में कानपुर और सोनभद्र में चुर्क का सबसे ठंडा स्थान रहा। इन दोनों ही स्थानों पर न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बरेली का न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि आगरा में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार की रात तीन डिग्री टेंपरेचर के साथ अयोध्या सबसे ठंडा स्थान रहा। यूपी के 32 शहरों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। घने कोहरे और शीतलहर के कारण प्रदेश का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त नजर आ रहा है। रविवार को विजिबिलिटी कम होने के कारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विमान वाराणसी से लखनऊ के लिए उड़ान नहीं भर सका।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी देशों में ज्यादा कोहरा पड़ने की आशंका जताई गई है। ज़बर्दस्त दस्त शीतलहर के कारण प्रदेश के अधिकांश जिलों में कक्षा 8 तक के स्कूल मकर संक्रांति तक बंद कर दिए गए हैं। इसलिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों को रैनबसेरों का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी ठंड की स्थिति पर नजर रखें और कोई भी व्यक्ति सड़कों पर सोता हुआ नजर न आए। जिलों में अलाव की व्यवस्था भी दुरुस्त करने रखने का निर्देश दिया गया है।

बुलंदशहर में ठंड कोहरे और पाले से बढ़ी सर्दी। कड़ाके की ठंड से जनजीवन हुआ अस्तव्यस्त। कोहरे ने रोकी हाईवे पर वाहनों की रफ्तार। सामान्य से कम हुई विजिबलिटी, पारा भी लुढकर हुआ 3 डिग्री से.। यही वजह है कि कोहरे से वाहन चालकों को हो रही है सबसे अधिक परेशानी।

वही दूसरी ओर कोहरे की सफेद चादर से लिपटा बनारस शहर। विजिबिलिटी 10 से 15 मीटर के बाद शून्य। ठंड से बचने के लिए लोग ले रहे हैं अलाव का सहारा।

राजधानी दिल्ली में कड़ाके की ठंड

राजधानी दिल्ली में हाड़ कंपाने वाली ठंड ने लोगों को मुश्किल में डाल रखा है। दिल्ली में रविवार न्यूनतम पारा 1.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने के कारण लोगों की दिक्कतें बढ़ गईं। सोमवार की सुबह न्यूनतम पारा 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से लगातार कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लगातार न्यूनतम तापमान काफी कम होने के कारण लोग भीषण ठंड से ठिठुर रहे हैं।

हालत यह है कि दिल्ली का न्यूनतम तापमान कई पहाड़ी स्थलों से भी कम दर्ज किया गया है। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने रेल, सड़क और हवाई यातायात को काफी प्रभावित किया है। सोमवार की सुबह कई इलाकों में जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई। रेल विभाग के अनुसार दिल्ली आने वाली 68 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है जबकि 335 ट्रेनें काफी लेट चल रही हैं। उड़ान सेवा भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। यात्रियों को विमानन कंपनियों से संपर्क साधने को कहा गया है। दिल्ली में कड़ाके की ठंड का यह माहौल अभी बना रहेगा।

मध्यप्रदेश में न्यूनतम तापमान गिरा

मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। ठंड का आलम यह है कि छतरपुर जिले के नौगांव में रात का तापमान शून्य से एक डिग्री नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक नौगांव के इतिहास में यह अभी तक का सबसे कम तापमान है। नगर में कई स्थानों पर पानी और ओस की बूंदों के जम जाने की खबर मिली है। रीवा में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस और ग्वालियर में 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है।

मौसम विभाग की ओर से मध्यप्रदेश में भीषण शीतलहर की आशंका जताई गई है। मौसम के जानकारों के मुताबिक दो-तीन दिन बाद पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में कुछ बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी मगर मकर संक्रांति से ठंड की फिर वापसी हो सकती है। कड़ाके की ठंड के कारण इन दिनों पूरे प्रदेश का जनजीवन प्रभावित दिख रहा है।

इन राज्यों में भी ठंड का कहर

राजधानी दिल्ली के साथ ही पंजाब और हरियाणा के इलाकों में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजस्थान और बिहार में भी शीतलहर और घने कोहरे ने लोगों को परेशान कर रखा है। बिहार में कड़ाके की ठंड के कारण तीसरी बार स्कूलों में छुट्टी घोषित करनी पड़ी है। राजधानी पटना और भागलपुर समेत कई जिलों में घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। पंजाब में भी ठंड और घने कोहरे का डबल अटैक दिख रहा है। राजस्थान भी भीषण ठंड का कहर झेल रहा है और भीषण शीतलहर के कारण अधिकांश लोग घरों में दुबके हुए हैं।

शीतलहर और कोहरे का प्रकोप दिखेगा

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान गंगा के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और मध्य प्रदेश में शीतलहर से भीषण शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति दिख सकती है।

जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका है। उत्तराखंड और तटीय तमिलनाडु में हल्की बारिश हो सकती है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story