×

Weather Update: मौसम ने ली करवट, यूपी समेत इन राज्यों में बारिश का अलर्ट, कुछ इलाकों में आंधी की भी आशंका

Weather Update:देश के कई इलाकों में बुधवार को रंग के साथ बादल भी बरसे। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बुधवार को हल्की बारिश ने होली के त्योहार में खलल पैदा किया।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 9 March 2023 4:10 AM GMT (Updated on: 9 March 2023 7:23 AM GMT)
Weather took a turn, rain alert in these states including UP, possibility of thunderstorm in some areas
X

मौसम ने ली करवट, यूपी समेत इन राज्यों में बारिश का अलर्ट, कुछ इलाकों में आंधी की भी आशंका: Photo Social Media

Weather Update:देश के कई इलाकों में बुधवार को रंग के साथ बादल भी बरसे। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बुधवार को हल्की बारिश ने होली के त्योहार में खलल पैदा किया। इन प्रदेशों में आज भी मौसम का मिजाज खराब रहने की संभावना है। आईएमडी की ओर से इन प्रदेशों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग की ओर से गुरुवार और शुक्रवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में आंधी और हल्की बारिश होने की आशंका जताई गई है। पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भी बादल छाए रहने और गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली और झारखंड में भी आज हल्की बारिश होने की संभावना है।

कई राज्यों में बिगड़ेगा मौसम का मिजाज

अगले 24 घंटे के दौरान देश के कई इलाकों में मौसम का तेवर बिगड़ा रहेगा। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में आंधी-पानी की गतिविधियां दिख सकती हैं। सिक्किम, उत्तरी छत्तीसगढ़ और असम के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से राजस्थान में मौसम ज्यादा खराब हो सकता है। राजस्थान के कई इलाकों में काफी तेज गति से हवाएं चलने की आशंका है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि होने की भी आशंका है।

उत्तरी मध्य प्रदेश और दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश में भी गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि भी हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख सकता है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज हल्की बारिश होने की आशंका जताई है। राजधानी दिल्ली में भी हल्की बदली छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है।

राजस्थान और झारखंड में होली पर बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान राजस्थान के विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। जैसलमेर के फतेहगढ़ इलाके में सबसे अधिक 26 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। डूंगरपुर, अजमेर और बाड़मेर के विभिन्न इलाकों में भी लोगों को बारिश का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान राज्य के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई है।

झारखंड की राजधानी रांची और आसपास के कई इलाकों में बारिश में होली के त्योहार को बिगाड़ दिया। होली के दिन राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई है। हालांकि इस बारिश से लोगों को राज्य में पड़ रही भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है। बारिश के बाद राज्य के तापमान में गिरावट आई है। झारखंड में आज भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा मगर इसके बाद फिर मौसम एक बार शुष्क हो जाने की उम्मीद है। उसके बाद राज्य के अधिकतम तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

हिमाचल में बारिश के साथ ओलावृष्टि का कहर

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और आसपास के इलाकों में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई है। बारिश और ओलावृष्टि के कारण राज्य के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह के समय राज्य के विभिन्न इलाकों में मौसम साफ दिख रहा था मगर दिन चढ़ने के साथ आकाश में बादल छा गए। राज्य में तेज गति से चलने वाली बर्फीली हवाओं के कारण भी लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा। राज्य के कई अन्य इलाकों में भी बारिश हुई है।

दिल्ली में बढ़ता तापमान बनेगा मुसीबत

होली के बाद दिल्ली का तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम विभाग का कहना है कि इस सप्ताह के अंत में दिल्ली का तापमान बढ़कर 34 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। फरवरी महीने के दौरान भी तापमान बढ़ने से दिल्ली के लोगों के पसीने छूट रहे थे। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम औसत तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिल्ली में फरवरी महीने के दौरान पिछले 63 वर्षों में तीसरी बार सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया है। दिल्ली में आज बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है।

स्काईमेट वेदर का पूर्वानुमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वी राजस्थान, उत्तर मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों और दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश में छिटपुट बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में बारिश और आंधी की गतिविधियां दिख सकती हैं। सिक्किम,उत्तरी छत्तीसगढ़ और असम के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। उत्तर पश्चिम,उत्तर और मध्य भारत के अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story