×

Weather Update: होली पर आज कई राज्यों में रंगों के साथ बरसेंगे बादल, ओलावृष्टि की भी आशंका, IMD ने जारी किया अलर्ट

Weather Update: होली के मौके पर राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, झारखंड और उत्तर प्रदेश आदि राज्यों में मौसम करवट बदलता दिख रहा है।

Anshuman Tiwari
Published on: 8 March 2023 3:37 AM GMT
Alert of rain in many states on Holi, there is also a possibility of hailstorm, IMD issued an alert
X

होली पर आज कई राज्यों में बारिश का अलर्ट ओलावृष्टि की भी आशंका, IMD ने जारी किया अलर्ट: Photo Social Media

Weather Update: देश के विभिन्न राज्यों में आज होली का त्योहार पूरे उल्लास और उमंग के साथ मनाया जा रहा है मगर मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ दिख रहा है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, झारखंड और उत्तर प्रदेश आदि राज्यों में मौसम करवट बदलता दिख रहा है। इन सभी राज्यों के विभिन्न इलाकों में बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी मंगलवार से बादल छाए हुए हैं। मंगलवार की रात कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई है। बुधवार को भी सुबह से मौसम का तेवर बदला हुआ नजर आ रहा है। ऐसे में होली के रंग में भंग पड़ना तय माना जा रहा है।

देश के इन राज्यों में बारिश होने की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक देश के कई राज्यों में बारिश का माहौल दिख रहा है। इसके साथ ही पश्चिमी हिमालय और सिक्किम के कुछ इलाकों में हिमपात होने की भी आशंका जताई गई है। मौसम एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक दक्षिण राजस्थान और आसपास के इलाकों में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। उत्तरी गोवा से छत्तीसगढ़ तक एक ट्रफ रेखा भी चल रही है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ का पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में असर देखने की भी संभावना है।

इस कारण पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, महाराष्ट्र, विदर्भ और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। झारखंड में आज अच्छी बारिश हो सकती है और इसके लिए मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने की भी आशंका है।

यूपी के कुछ इलाकों में भी बारिश का अलर्ट

पिछले 24 घंटे के दौरान देश के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है। पूर्वोत्तर के तीन राज्यों असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई है। इसके साथ ही पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, राजस्थान के कई हिस्सों, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और महाराष्ट्र के कई इलाकों में भी बारिश का माहौल दिखा है।

लखनऊ विस्तृत मौसम केंद्र के मुताबिक आज प्रदेश के भी कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और कानपुर में आज गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने का भी अलर्ट जारी किया गया है। वाराणसी में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है और घने बादल छाए हुए हैं। वाराणसी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई है।

मुंबई में बिगड़ा मौसम का मिजाज

देश की आर्थिक राजधानी माने जाने वाली मुंबई में होली का मजा किरकिरा हो सकता है। भारतीय मौसम विभाग की ओर से मुंबई में बादलों की गर्जन और बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। आईएमडी की ओर से इस दौरान तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है।

तेज हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हो सकती है। मुंबई के अलावा पुणे और अहमदनगर जिलों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। इन जिलों में भी आंधी-तूफान और हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी गई है।

झारखंड में येलो अलर्ट जारी

झारखंड में भी होली के रंग में भंग पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग की ओर से लगाए गए पूर्वानुमान के मुताबिक होली के दिन पूरे झारखंड राज्य में बादलों की गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। बुधवार को बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान राज्य में ओलावृष्टि होने की भी आशंका है।

रांची के मौसम केंद्र के मुताबिक आठ मार्च को राज्य के पूर्वी, दक्षिणी-पश्चिमी और उससे सटे हुए इलाकों में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य का मौसम 9 मार्च तक खराब रह सकता है। उसके बाद राज्य का मौसम एक बार फिर शुष्क हो जाने की उम्मीद है। वैसे फरवरी के आखिरी सप्ताह से ही राज्य के लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

राजस्थान के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की आशंका

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ और कम दबाव के क्षेत्र का असर दिखने लगा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में बादलों के गर्जन के साथ हल्की बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक कोटा संभाग के कुछ जिलों में ओलावृष्टि होने की भी खबर है।

जयपुर स्थित मौसम केंद्र का कहना है कि कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक आज राजस्थान के कई इलाकों में तूफानी हवाओं के साथ बारिश होने की आशंका है।

मध्यप्रदेश में भी दिखेगा बारिश का कहर

राजस्थान की तरह मध्यप्रदेश का भी मौसम खराब दिख रहा है। पिछले दो दिनों के दौरान काफी तेज गति से हवाएं चलने के कारण राज्य के कई हिस्सों में पेड़ों के उखड़ने की खबर आई है। राज्य के मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान राज्य के पश्चिमी हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी हवाओं के साथ बारिश हुई है।

मौसम विभाग की ओर से आज भी राज्य के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का कहर दिखने की संभावना जताई गई है। ऐसे में मध्य प्रदेश के कई इलाकों के लोगों की होली खराब हो सकती है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story