×

Weather Update Today: भीषण ठंड से ठिठुरा पूरा उत्तर भारत, दिल्ली और यूपी समेत कई राज्यों में गलन बढ़ी, अभी कई दिनों तक नहीं मिलेगी राहत

Weather Update Today: उत्तर प्रदेश को भी अभी भीषण ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। प्रदेश के कई इलाकों में शीतलहर के साथ घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कई राज्यों में धूप तो निकल रही है मगर बर्फीली हवाएं चलने के कारण लोगों को तनिक भी राहत नहीं मिल रही है।

Anshuman Tiwari
Published on: 14 Jan 2024 3:46 AM GMT
Weather Update Today
X

Weather Update Today (Social Media)

Weather Update Today: राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत पूरा उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी मौसम का यही तेवर बने रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और बिहार को आने वाले कई दिनों तक भीषण ठंड और कोहरे से राहत नहीं मिलेगी। राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में आज घने कोहरे के कारण जीरो विजिबिलिटी रही।

मौसम विभाग का कहना है कि पूरे उत्तर भारत में अगले चार-पांच दिनों तक शीतलहर चलने और घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। उत्तर पश्चिमी इलाकों में कोल्ड डे से लेकर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है।

दिल्ली में घने कोहरे से जीरो विजिबिलिटी

राजधानी दिल्ली में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रविवार की सुबह दिल्ली के विभिन्न इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में जीरो विजिबिलिटी होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3 से 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस हो सकता है।

घने कोहरे की वजह से इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स पर काफी असर पड़ा है। दो दर्जन से अधिक ट्रेनें विलंबित होने के कारण रेल यात्रियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

भीषण शीतलहर की चपेट में यूपी

पूरा उत्तर प्रदेश इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है। शीतलहर ने प्रदेश में अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बर्फीली हवाएं चलने के कारण लोगों को हो काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार-पांच दिनों तक प्रदेश के लोगों को इस प्रचंड शीतलहर से राहत मिलने वाली नहीं है। मौसम विभाग की ओर से आज प्रदेश के 19 जिलों में सीवियर कोल्ड डे की स्थिति का अलर्ट जारी किया गया है।

इसके साथ ही 33 जिलों में बर्फीली हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। प्रदेश के 54 जिलों में घने से काफी घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे के दौरान 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को गोरखपुर के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट

मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मेरठ में शनिवार को कड़ाके की ठंड रही और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।। बरेली और गोरखपुर में न्यूनतम तापमान पांच-पांच डिग्री सेल्सियस जबकि राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग में आज प्रदेश पूरे प्रदेश में घने कोहरे और कई जिलों में शीतलहर बढ़ाने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के मुताबिक 17 जनवरी तक शीतलहर की यही स्थिति बने रहने की उम्मीद है। पूरे पूर्वांचल में शनिवार और रविवार की सुबह घने कोहरे की चादर में लिपटी रही। प्रदेश के तमाम जिलों में घने कोहरे की अभी यही स्थिति बनी रहेगी।

कई प्रदेशों में छाया रहेगा घना कोहरा

मौसम विभाग की ओर से लगाया गए पूर्वानुमान के मुताबिक पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश, दिल्ली और असम में अगले तीन से चार दिनों घने से अति घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। बिहार और राजस्थान के लोगों को भी घने कोहरे और शीतलहर का सामना करना पड़ेगा। घने कोहरे के कारण विमान सेवाओं और ट्रेन संचालन पर भी काफी बुरा असर पड़ा है।

मौसम विभाग ने हाइवे पर गाड़ी चलाने वालों को सतर्कता बरतने की हिदायत दी है। पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान के अधिकांश हिस्सों, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, दक्षिण राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न इलाकों में न्यूनतम तापमान 3 से 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कई इलाकों में सीवियर कोल्ड डे की चेतावनी

मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। उत्तराखंड के कुछ इलाकों में शनिवार को दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई है। राज्य के विभिन्न इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। पश्चिमी हिमालय में अगले दो दिनों के दौरान हल्की बारिश होने की संभावना है।

पश्चिम बंगाल, ओडिशा, जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, उत्तरी मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में 16 जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story