×

Weather Update Today: पहाड़ों पर बर्फबारी बढ़ाएगी ठंड, यूपी-बिहार समेत कई इलाकों में होगी बारिश, जानिए देश के मौसम का हाल

Weather Update Today: जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण सफेद चादर दिखने लगी है। दिल्ली-एनसीआर में भी इसका असर दिखने लगा है और ठंड बढ़ने के साथ ही कोहरा छाने लगा है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 2 Dec 2023 5:43 AM GMT
Weather Update Today
X

Weather Update Today  (photo: social media )

Weather Update Today: देश के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब धीरे-धीरे मैदानी इलाकों में भी दिखने लगा है। मौसम के जानकारों का मानना है कि इस बर्फबारी से आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ने वाली है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक देश के कई इलाकों में कोहरा और धुंध छाए रहने की संभावना है।

इसके अलावा देश के कई इलाकों में आज बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिमी हिमालय में हल्की बारिश होने की संभावना है। तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, विदर्भ के कुछ हिस्सों, लक्षद्वीप और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

राजधानी दिल्ली में ठंड और कोहरा

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण सफेद चादर दिखने लगी है। दिल्ली-एनसीआर में भी इसका असर दिखने लगा है और ठंड बढ़ने के साथ ही कोहरा छाने लगा है। मौसम विभाग का करना है कि राजधानी में इस हफ्ते कोहरा और धुंध छाए रहने की संभावना है।

शुक्रवार को राजधानी में धूप तो निकली मगर काफी हल्की। इस दौरान अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी में आज हल्की बारिश हो सकती है।

यूपी के कई शहरों में कोहरा,बारिश के भी आसार

उत्तर प्रदेश में मौसम का तेवर बदला हुआ नजर आ रहा है। प्रदेश के कई शहरों में आज सुबह के समय घना कोहरा नजर आया। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के कई शहरों में 5 दिसंबर तक बारिश का दौर बना रहेगा। प्रदेश के 12 जिलों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, चित्रकूट, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, मिर्जापुर और सोनभद्र शामिल हैं।

पश्चिम उत्तर प्रदेश के 15 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। राजधानी लखनऊ में 5 दिसंबर तक कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश होने की भी आशंका है। प्रदेश के कई जिलों में अब सुबह और रात के समय मजे की ठंड पड़ने लगी है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में अयोध्या सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

चक्रवाती तूफान की आशंका

स्काईमेट वेदर के मुताबिक बंगाल की दक्षिण-पूर्व खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र पिछले 12 घंटों के दौरान पश्चिम उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया और एक अवसाद में केंद्रित हो गया। दो दिसंबर तक यह एक गहरे दबाव में तब्दील हो सकता है और 3 दिसंबर को बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है।

इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और 4 दिसंबर की शाम के आसपास चक्रवाती तूफान के रूप में चेन्नई और मछलीपट्टनम के बीच आंध्र प्रदेश और आसपास के उत्तरी तमिलनाडु तट को पार कर सकता है। इसके परिणामस्वरूप तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश में भारी वर्षा का दौर देखने को मिल सकता है।

देश के इन इलाकों में होगी बारिश

देश में अगले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। तमिलनाडु,तटीय आंध्र प्रदेश और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका है। मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाडा, मध्य महाराष्ट्र, केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में भी हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story