Weather Update: देश के कई राज्यों में मौसम ने ली करवट, हिमाचल में 120 सड़कें बंद, कई इलाकों में आज भी होगी बारिश

Weather Update Today: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक से देश के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी हुई है। इन पहाड़ी इलाकों में आज भी बारिश और बर्फबारी का मौसम बना रहेगा।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 2 March 2023 3:56 AM GMT
Weather Update Today in India
X

Weather Update Today in India (Photo: Social Media)

Weather Update Today: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक से देश के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी हुई है। इन पहाड़ी इलाकों में आज भी बारिश और बर्फबारी का मौसम बना रहेगा। दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को बूंदाबांदी हुई थी और आज भी कुछ इलाकों में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण तमिलनाडु, केरल, असम, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, लक्षद्वीप, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पंजाब के उत्तरी हिस्सों में आज भी बारिश होने की संभावना है।

इस बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में देश के कुछ इलाकों के तापमान में असामान्य बढ़ोतरी होने की चेतावनी दी है। देश के कई राज्यों में फरवरी का महीना काफी गर्म रहा है। फरवरी महीने के दौरान गर्मी ने 122 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस बार मौसम विज्ञानियों ने समय से पहले और भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी दी है।

हिमाचल प्रदेश में 120 सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश में लाहौल स्पीति और कुल्लू समेत ऊंचाई वाले कई इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई है। लाहौल घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात के कारण बर्फ की चादर बिछ गई। बर्फबारी के कारण राज्य की 120 सड़कें बंद हो गई हैं। हिमाचल प्रदेश में शिमला समेत राज्य के कई इलाकों में बारिश भी हुई है।

ताजा बर्फबारी के बाद अटल टनल को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। जलोड़ी दर्रा से भी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है। बर्फबारी से कुल्लू जिले में जनजीवन काफी हद तक प्रभावित हुआ है। हिमाचल प्रदेश में आज भी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी होने की आशंका है।

दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज

मौसम का तेवर बदलने के बाद तमिलनाडु और पुडुचेरी में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। राजधानी दिल्ली में बुधवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में बुधवार को हल्की बारिश हुई। शहर का न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने का कारण दिल्ली का मौसम बदला है। दिल्ली में आज भी बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।

इन इलाकों में आज होगी बारिश

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात होने की संभावना है। इस दौरान एक या दो स्थानों पर भारी बारिश और हिमपात हो सकता है। असम, अरुणाचल प्रदेश, केरल, दक्षिण तमिलनाडु, लक्षद्वीप और अंडमान निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पंजाब के उत्तरी भागों में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। उत्तर पश्चिमी भारत में अगले 48 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story