×

Weather Update: फरवरी में ही गर्मी ने किया बेहाल, अभी और चढ़ेगा पारा, IMD ने किसानों को किया अलर्ट

Weather Update Today: देश के कई हिस्सों में तापमान चढ़ने के साथ दोपहर के समय भीषण गर्मी महसूस होने लगी है। फरवरी महीने के दौरान ही लोगों के पसीने छूटने लगे हैं। देश के कई राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 35 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

Anshuman Tiwari
Published on: 22 Feb 2023 3:53 AM GMT
Weather Update Today
X

Weather Update Today (Photo: Social Media)

Weather Update Today: देश के कई हिस्सों में तापमान चढ़ने के साथ दोपहर के समय भीषण गर्मी महसूस होने लगी है। फरवरी महीने के दौरान ही लोगों के पसीने छूटने लगे हैं। देश के कई राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 35 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में भी अधिकतम तापमान 23 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के विभिन्न इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने का पूर्वानुमान है।

गेहूं और सरसो की फसल को नुकसान

अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के बाद मौसम विभाग की ओर से किसानों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने राजस्थान,पंजाब और हरियाणा के किसानों के लिए अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि दोपहर के समय तीखी गर्मी से गेहूं और सरसो की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी भीषण गर्मी पड़ने लगी है। वाराणसी में मंगलवार को अधिकतम तापमान 139 साल पुराने रिकॉर्ड को छूने के करीब पहुंच गया। यहां मंगलवार को तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान में और होगी बढ़ोतरी

देश के कई राज्यों के तापमान में हाल के दिनों में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंगलवार को निकली कड़ी धूप लोगों को बर्दाश्त नहीं हो रही थी। देश के विभिन्न इलाकों में लोग गर्मी से बचाव के लिए उपाय करते हुए दिखे। आईएमडी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक उत्तर पश्चिम, मध्य और पश्चिम भारत में अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। जानकारों का कहना है कि फरवरी महीने के दौरान ही देश के कई हिस्सों में इतना अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है जैसा कि आमतौर पर मार्च के पहले हफ्ते में दिखता रहा है। माना जा रहा है कि मार्च के शुरुआती दौर में होली के दौरान तापमान में काफी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

वाराणसी में 139 साल बाद इतनी गर्मी

उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। यूपी,बिहार, दिल्ली और झारखंड में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कई इलाकों में हाल तो यह है कि पारा 30 डिग्री सेल्सियस के भी ऊपर जा चुका है। यूपी के कई इलाकों में तापमान कई दिनों से 30 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है। वाराणसी में मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के आंकड़े के मुताबिक इससे पूर्व 28 फरवरी 1884 को वाराणसी फरवरी महीने के दौरान 36.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। इस तरह वाराणसी में 139 साल बाद फरवरी में इतनी गर्मी पड़ी है।

किसानों को हल्की सिंचाई करने की सलाह

मौसम विभाग ने बढ़ते तापमान के कारण किसानों को फसलों के नुकसान से सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 5 दिनों के दौरान फसलों को नुकसान से बचाने के लिए किसानों को हल्की सिंचाई करनी चाहिए। रांची स्थित मौसम केंद्र पर कहना है कि अगले कुछ दिनों के दौरान झारखंड के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। इसके बाद दो दिनों तक मौसम में कोई बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। वैसे न्यूनतम तापमान में अगले पांच दिनों तक कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। राज्य के अधिकांश इलाकों में मौसम के शुष्क बने रहने की उम्मीद है।

राजधानी दिल्ली में भी पारा चढ़ा

राजधानी दिल्ली में अब काफी गर्मी महसूस की जा रही है। राजधानी में मंगलवार को सुबह न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को दिल्ली की सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। मौसम के जानकारों का कहना है कि राजधानी के न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले तीन दिनों के दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 24, 25 और 26 फरवरी को राजधानी दिल्ली में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। यदि प्रदूषण की बात की जाए तो दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक खरात श्रेणी में बना हुआ है।

इन इलाकों में होगी बारिश और बर्फबारी

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान राजस्थान और गुजरात के दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। मध्य भारत के कई हिस्सों में दिन और रात का तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी का दौर बना रहेगा। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। पूर्वोत्तर में असम और मेघालय के साथ सिक्किम में भी हल्की बारिश होने की संभावना है।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story