Weather Today: त्योहारी सीजन में भी बारिश का दौर जारी, जानिए देश के मौसम का मिजाज

Weather Update Today: दीपावली का त्योहार काफी करीब आ गया है मगर कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। देश के कई राज्यों में आज भी बारिश की आशंका जताई गई है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 22 Oct 2022 4:04 AM GMT
There is a possibility of rain in many states of the country even today.
X

त्योहारी सीजन में भी बारिश का दौर जारी, जानिए देश के मौसम का मिजाज: Photo- Social Media

Aaj Ka Mausam 22 October 2022: दीपावली (Diwali 2022) का त्योहार काफी करीब आ गया है मगर कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। देश के कई राज्यों में आज भी बारिश की आशंका जताई गई है। इस बीच बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे संभावित चक्रवात (hurricane) के कारण ओडिशा (Odisha) में कल से भारी बारिश होने की आशंका है। झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी इस चक्रवात का असर दिख सकता है। इस तरह इन राज्यों के लोगों की त्योहारी उमंग में खलल पैदा हो सकता है।

महाराष्ट्र (Rain in Maharashtra) और तमिलनाडु (Rain in Tamil Nadu) में आज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान इन दोनों राज्यों के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भी आज बारिश होने की संभावना जताई गई है। देश के कुछ राज्यों में बर्फबारी के बाद ठंड में बढ़ोतरी भी महसूस की जा रही है।

चक्रवात के कारण भारी बारिश की आशंका

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे संभावित चक्रवात के 25 अक्टूबर को ओडिशा के तट को छोड़कर पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश के तट से टकराने की उम्मीद है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र के चक्रवात में तब्दील होने पर ओडिशा में इसका व्यापक असर दिखेगा। ओडिशा के तटीय इलाकों में 23 अक्टूबर से भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद ओडिशा में काफी सतर्कता बरती जा रही है। तटवर्ती इलाकों में तैनात अफसरों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। चक्रवाती तूफान के कारण दीपावली के त्योहार में भी खलल पड़ने की आशंका पैदा हो गई है।

इस चक्रवात का पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी असर पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि दीपावली के दिन 24 अक्टूबर को झारखंड में बादल छाए रहेंगे। झारखंड के दक्षिणी इलाकों में 25 अक्टूबर को इसका असर दिख सकता है। इस कारण राजधानी रांची, जमशेदपुर और चाईबासा समेत कई इलाकों में 25 अक्टूबर को बारिश होने की संभावना जताई गई है। पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

इन राज्यों में आज होगी बारिश

अगले 24 घंटे के दौरान मध्य महाराष्ट्र और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक केरल, आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट रायलसीमा, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कोंकण और गोवा में हल्की बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी हिमालयी इलाके में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है।

दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में अभी भी बारिश वाला मौसम बना हुआ है। तमिलनाडु, केरल आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में आज भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। तमिलनाडु के कुछ इलाकों में भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है। मध्य महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश होने की आशंका है।

ठंड में धीरे-धीरे बढ़ोतरी

बिहार में मौसम शुष्क बना हुआ है मगर तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है। पूरे प्रदेश में सुबह के समय कोहरानुमा धुंध छाए रहने की संभावना भी जताई गई है। उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी रात और सुबह के समय गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है। माना जा रहा है कि दिवाली के बाद धीरे-धीरे ठंड में बढ़ोतरी होगी।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story