×

Weather Update Today: यूपी और दिल्ली समेत कई राज्यों में कोहरे का अलर्ट, पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक से कई राज्यों में होगी बारिश

Weather Update Today: मौसम विभाग के मुताबिक दिसंबर महीने के अंत में पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक से कई राज्यों का मौसम बदलेगा। इस कारण कई राज्यों में बारिश हो सकती है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 26 Dec 2023 4:04 AM GMT
Weather Update Today
X

Weather Update Today  (photo: social media )

Weather Update Today: देश के विभिन्न राज्यों में पड़ रही ठंड के बीच कोहरा भी लोगों की मुसीबत बढ़ा रहा है। इस बीच मौसम विभाग की ओर से इस महीने के अंत में मौसम के करवट लेने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक दिसंबर महीने के अंत में पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक से कई राज्यों का मौसम बदलेगा। इस कारण कई राज्यों में बारिश हो सकती है।

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की वजह से उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में ठंड बढ़ गई है। यूपी समेत कई राज्यों में सुबह के वक्त घने कोहरे के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और त्रिपुरा में घने कोहरे का दौर बने रहने का अलर्ट जारी किया है। तमिलनाडु,केरल और पुडुचेरी में आज से फिर दोबारा बारिश का दौर शुरू होगा जबकि नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में 30 दिसंबर से बारिश की चेतावनी दी गई है।

साल के अंत में दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम विभाग की ओर से 29-30 दिसंबर के आसपास पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की बात कही गई है। बाद में यह और मजबूत हो सकता है। इस कारण मध्य प्रदेश के उज्जैन, ग्वालियर और चंबल क्षेत्र में बादल छाए रहेंगे और छिटपुट बारिश हो सकती है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश की होने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश और बर्फबारी होने की उम्मीद है। इन राज्यों के अलावा पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और दिल्ली-एनसीआर में भी कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में भी गिरावट आने की उम्मीद है। तापमान में गिरावट आने से लोगों को भारी ठंड के बीच नए साल का स्वागत करना होगा। बारिश और बर्फबारी से लोगों की घूमने की योजनाओं पर ग्रहण लग सकता है।

राजधानी दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी

राजधानी दिल्ली में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। सुबह और रात के वक्त छाया रहने वाला कोहरा भी लोगों की मुसीबत बढ़ा रहा है। मौसम विभाग की ओर से दिल्ली और एनसीआर में आज घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को घरों से निकलने से पहले सावधान किया है। मौसम विभाग की ओर से लगाए गए पूर्वानुमान के मुताबिक घने कोहरे का यह दौर 28 दिसंबर तक जारी रह सकता है।

इन इलाकों में कोहरे की आशंका

स्काईमेट वेदर की ओर से लगाए गए पूर्वानुमान के मुताबिक आज लगभग पूरे देश में मौसम शुष्क बना रहेगा। असम और अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में छिटपुट हल्की बारिश होने की आशंका है। पंजाब, हरियाणा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा लोगों की मुसीबत बढ़ा सकता है।

उत्तर प्रदेश के अन्य हिस्सों,ओडिशा के कुछ हिस्सों, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर पूर्व भारत में भी कोहरा छाए रहने की आशंका है। इसके साथ ही उत्तर पश्चिम भारत के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की उम्मीद जताई गई है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story