×

Weather Today: कई राज्यों में भारी बारिश बढ़ाएगी लोगों की दिक्कत, यूपी और बिहार में भी बरसेंगे बादल

Weather Update Today: देश के कई राज्यों में मानसून की सक्रियता का खासा असर दिख रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई राज्यों में नदी-नाले उफान आ गए हैं। आज भी देश के कई राज्यों में आज भी जोरदार बारिश होने की संभावना है।

Prashant Dixit
Published on: 27 Aug 2022 3:01 AM GMT (Updated on: 27 Aug 2022 3:12 AM GMT)
Weather Update Today
X

Weather Update Today (image social media)

Click the Play button to listen to article

Weather Update Today 27 August 2022: देश के कई राज्यों में मानसून की सक्रियता का खासा असर दिख रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई राज्यों में नदी-नाले उफान आ गए हैं और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। देश के कई राज्यों में आज भी जोरदार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि कर्नाटक, केरल, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड, असम, हिमाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल आदि राज्यों में आज कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न राज्यों में भी आज और कल झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है। झारखंड और उत्तराखंड में भी बारिश का दौर जारी रहेगा।

इन राज्यों में बारिश की संभावना

मौसम विशेषज्ञों का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटों के दौरान केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक,तमिलनाडु और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक मिजोरम, मणिपुर, नागालैंड, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है। इन इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश लोगों की मुसीबत बढ़ा सकती है।

पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पूर्वी मध्य प्रदेश, तेलंगाना, विदर्भ के कुछ हिस्सों, रायलसीमा, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, जम्मू कश्मीर और लद्दाख में हल्की बारिश हो सकती है। हरियाणा, पंजाब और दक्षिण राजस्थान में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

मध्यप्रदेश में लोगों को नहीं मिलेगी राहत

मध्य प्रदेश में हाल के दिनों में जमकर बारिश हुई है और एक बार फिर बारिश का नया सिस्टम सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बनने के कारण प्रदेश में अगले चार-पांच दिनों तक तेज बारिश होने की संभावना है। भोपाल और नर्मदापुरम जिलों में 29 अगस्त तक तेज बारिश का असर दिख सकता है। इंदौर और उज्जैन संभाग के जिले की बारिश से सराबोर होंगे मगर वहां हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

ग्वालियर और मुरैना समेत अगल-बगल के जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मध्यप्रदेश में इस बार सामान्य से 28 फीसदी अधिक बारिश हुई है। राज्य में में हाल के दिनों में हुई भारी बारिश के कारण बाढ़ के हालात बने हुए हैं और राज्य के सभी नदी-नाले उफना गए हैं। बांधों के ओवरफ्लो हो जाने के कारण गेटों को खोलकर पानी निकाला जा रहा है।

हिमाचल प्रदेश में भी दिखेगा असर

मध्य प्रदेश की तरह हिमाचल प्रदेश भी इस बार मानसूनी सीजन के दौरान भारी बारिश से काफी प्रभावित रहा है। प्रदेश के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राज्य के कई प्रमुख मार्गों पर लोगों को आवागमन में अभी भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राज्य में बारिश का दौर शुक्रवार और शनिवार को भी जारी रहने की संभावना है। हालांकि इन दोनों दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना ही जताई गई है।

नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में होगी झमाझम बारिश

उत्तर प्रदेश और बिहार में इस बार अपेक्षा के अनुरूप बारिश नहीं हो सकी है। वैसे अब इन दोनों राज्यों में बारिश के अनुकूल सिस्टम बनता दिख रहा है। उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न हिस्सों में आज झमाझम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश और बिहार में शनिवार और रविवार को तेज बारिश होने की संभावना है।

नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों में भी आज मौसम खराब रहने की आशंका है।। मौसम विभाग का मानना है कि असम, मेघालय, नागालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम में झमाझम बारिश होने के आसार हैं। इन राज्यों के कुछ इलाकों में भारी बारिश से लोगों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग का कहना है कि नार्थ ईस्ट के राज्यों में अगले तीन-चार दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story