×

Weather Update Today: यूपी और दिल्ली में छाया घना कोहरा, सड़कों पर रेंगते नजर आए वाहन, साल के अंत तक बना रहेगा ऐसा मौसम

Weather Update Today: वाहनों पर सवार लोग हेडलाइट जलाकर धीरे-धीरे रेंगने पर मजबूर हो गए। मंगलवार को भी आधे प्रदेश में ऐसा ही हाल था।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 27 Dec 2023 3:07 AM GMT (Updated on: 27 Dec 2023 3:25 AM GMT)
Weather Update Today
X

Weather Update Today  (Photo: Newstrack.com)

Weather Update Today: उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों और दिल्ली-एनसीआर में बुधवार की सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई है। दिल्ली के कई इलाकों में बुधवार की सुबह कोहरा इतना घना था कि इस मौसम में पहली बार जीरो विजिबिलिटी की स्थिति दिखी। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, बरेली और झांसी समेत प्रदेश के तमाम इलाकों में घने कोहरे के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई शहरों में विजिबिलिटी घटकर 15-20 मीटर तक रह गई।

वाहनों पर सवार लोग हेडलाइट जलाकर धीरे-धीरे रेंगने पर मजबूर हो गए। मंगलवार को भी आधे प्रदेश में ऐसा ही हाल था। मौसम विभाग का कहना है कि अब साल के अंत तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के सात जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जबकि 24 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश और दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में भी घने कोहरे के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हवाई और रेल सेवाओं पर भी कोहरे का काफी बुरा असर पड़ा है।

राजधानी दिल्ली में कोहरे का कहर

राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्य इस वक्त घने कोहरे की चादर में लिपटे हुए हैं। घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई है और कई इलाकों में तो जीरो विजिबिलिटी की स्थिति दिखी। इस कारण सुबह के समय बाहर निकलने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर पश्चिम भारत के राज्यों में अगले दो-तीन दिनों तक घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।

मौसम विभाग का करना है कि दिल्ली-एनसीआर में 29 दिसंबर तक कोहरे की यही स्थिति बनी रहेगी। इस कारण लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। घने कोहरे के साथ ही दिल्ली में कड़ाके की ठंड भी पड़ रही है और मंगलवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


यूपी में भी घना कोहरा बना मुसीबत

उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाको में भी घने कोहरे के कारण बुधवार को सुबह सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। राजधानी लखनऊ और वाराणसी समेत कई इलाकों में घने कोहरा के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोग वाहनों की हेडलाइट जलाकर चलने पर मजबूर हो गए। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के विभिन्न शहरों में अभी आने वाले दिनों में भी यही स्थिति बनी रहेगी।

पिछले 24 घंटे के दौरान बिजनौर जिले का नजीबाबाद सबसे ठंडा स्थान रहा है जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के सात जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है जबकि 24 जिलों में येलो अलर्ट की स्थिति रहेगी। येलो अलर्ट वाले जिलों में राजधानी लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, मेरठ, गाजियाबाद, आजमगढ़, हरदोई और उन्नाव आदि जिले शामिल हैं।


पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 5 दिनों में दक्षिणी राज्यों तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 30 दिसंबर से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर पश्चिम और आसपास के मध्य भारत के इलाकों में 30 दिसंबर से 2 जनवरी तक हल्की बारिश की संभावना है। नए पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली-एनसीआर में भी दिख सकता है। 31 दिसंबर तक पंजाब के कई हिस्सों में बहुत घने कोहने की स्थिति जारी रह सकती है। हरियाणा में भी इसका असर दिखेगा।


इन इलाकों में बारिश होने की संभावना

स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप के मौसम में आज बदलाव दिखेगा। इन इलाकों में छिटफुट हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। देश के अन्य इलाकों में 29 दिसंबर तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। 29 दिसंबर की रात से मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव दिख सकता है।

पश्चिमी हिमालय में बारिश और बर्फबारी शुरू होने की संभावना है। इसके साथ ही गंगा के मैदानी इलाकों में घने से बहुत घने कोहरे से लोगों की मुसीबत बढ़ सकती है। वैसे देश के अधिकांश इलाकों में अगले दो दिनों के दौरान तापमान में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story