Weather Update: मार्च में गर्मी तोड़ेगी रिकॉर्ड, यूपी समेत कई इलाकों में 40 डिग्री पर पहुंच सकता है पारा

Weather Update: फरवरी महीने के दौरान ही देश के कई हिस्सों में पड़ने वाली गर्मी ने लोगों को बेहाल करना शुरू कर दिया है। राजस्थान, हरियाणा, मध्यप्रदेश, दिल्ली और देश के कुछ अन्य हिस्सों में अधिकतम तापमान इतना बढ़ गया है कि फरवरी महीने में ही लोगों को पसीने छूटने लगे हैं।

Anshuman Tiwari
Published on: 27 Feb 2023 3:46 AM GMT
Weather Update Today
X

Weather Update Today (Photo: Social Media)

Weather Update Today: फरवरी महीने के दौरान ही देश के कई हिस्सों में पड़ने वाली गर्मी ने लोगों को बेहाल करना शुरू कर दिया है। राजस्थान, हरियाणा, मध्यप्रदेश, दिल्ली और देश के कुछ अन्य हिस्सों में अधिकतम तापमान इतना बढ़ गया है कि फरवरी महीने में ही लोगों को पसीने छूटने लगे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर पश्चिमी और मध्य भारत के तापमान में आने वाले दिनों में और बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग की ओर से दी गई ताजा जानकारी में कहा गया है कि दो मार्च तक उत्तर पश्चिमी और मध्य भारत के कई हिस्सों में तापमान बढ़ जाएगा। मार्च महीने के दौरान राजधानी दिल्ली समेत देश के कई इलाकों में गर्मी का नया रिकॉर्ड बन सकता है।

मार्च महीने के दौरान तीखी गर्मी के आसार

इस बार फरवरी महीने के दौरान राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान एक दिन 33.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच चुका है। मौजूदा समय में तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि दो मार्च तक देश के कई हिस्सों के अधिकतम तापमान में तीन से छह डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। इस कारण राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और हरियाणा के कई इलाकों में तापमान बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश और दक्षिण राजस्थान के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। गुजरात में दो दिनों तक तापमान में कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है मगर उसके बाद तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। महाराष्ट्र में अगले तीन दिनों के दौरान तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

पहाड़ी राज्यों में होगी बारिश और बर्फबारी

वैसे देश के विभिन्न इलाकों में मौसम काफी उतार-चढ़ाव भरा दिख रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज हल्की बारिश होने की संभावना है। इन सभी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है। इसके साथ ही कश्मीर घाटी में 28 फरवरी को और हिमाचल प्रदेश में एक मार्च को भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि एक मार्च को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, चंबा और लाहौल-स्पीति के कई भागों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड के देहरादून,चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत कई इलाकों में आज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।

इन इलाकों में भी दिखेगा विक्षोभ का असर

28 फरवरी से दो मार्च के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने के बाद पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आईएमडी के मुताबिक दूसरा पश्चिमी पिछोर 27 फरवरी से 3 मार्च तक सक्रिय रह सकता है। इस कारण कश्मीर घाटी के विभिन्न इलाकों में लोगों को बारिश और बर्फबारी का सामना करना पड़ सकता है।

मध्यप्रदेश में पड़ने लगी तीखी गर्मी

मध्यप्रदेश में फरवरी महीने के दौरान ही गर्मी तीखे तेवर दिखाने लगी है। प्रदेश के कई इलाकों में रहा दिन का पारा 37 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है जबकि रात के समय भी पारा 20 के ऊपर दर्ज किया जा रहा है। मध्य प्रदेश में सबसे गर्म दिन राजगढ़ में दर्ज किया गया है जबकि सबसे गर्म रात सागर में रही। मौसम के जानकारों का मानना है कि हवाओं का रुख दक्षिण पूर्वी होने के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। फरवरी महीने के दौरान ही इतनी तीखी धूप होने के कारण इस बार गर्मी के रिकॉर्ड तोड़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग की जानकारी के मुताबिक मध्यप्रदेश के अलावा पंजाब,राजस्थान और दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान औसत से एक डिग्री अधिक 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।

इन इलाकों में बदलेगा मौसम का मिजाज

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। असम, जम्मू और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में भी हल्की बारिश होने की संभावना है। पंजाब, उत्तरी हरियाणा और दक्षिण तमिलनाडु में 24 घंटे बाद हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। 28 फरवरी से 2 मार्च के बीच पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी की तीव्रता बढ़ सकती है।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story