×

Weather Today: देश के कई राज्यों में आज होगी जोरदार बारिश, उत्तर प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी

Weather Update Today: देश के कई राज्यों में मानसून की सक्रियता के कारण व्यापक वर्षा का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक कई राज्यों में मौसम खराब रहने और जोरदार बारिश होने की संभावना जताई है।

Anshuman Tiwari
Published on: 28 July 2022 2:52 AM GMT
weather update today in india
X

weather update today in india (image social media)

Weather Update Today 28 July 2022: देश के कई राज्यों में मानसून की सक्रियता के कारण व्यापक वर्षा का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक कई राज्यों में मौसम खराब रहने और जोरदार बारिश होने की संभावना जताई है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में आज भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। प्रदेश में बारिश का यह दौर 30 जुलाई तक जारी रहेगा।

देश के कई अन्य राज्यों में भी आज मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और असम में आज अच्छी बारिश होने की संभावना है इस दौरान कई इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। बिहार में भी अगले तीन दिनों तक मानसून की सक्रियता का खासा असर दिखेगा।

कई राज्यों में होगी जोरदार बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान देश के कई राज्यों में तेज बारिश का दौर दिखा है। इस दौरान कुछ ऐसे स्थानों पर भारी बारिश भी हुई है। अगले 24 घंटे के दौरान भी मानसून काफी सक्रिय रहेगा। इस दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू कश्मीर, उत्तरी राजस्थान, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, असम मध्य प्रदेश और सिक्किम में बारिश होने की संभावना है।

कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत, विदर्भ के कुछ हिस्सों, केरल, तमिलनाडु, कोंकण व गोवा और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। देश के कई अन्य हिस्सों में भी हल्की बारिश लोगों को भिगो सकती है।

यूपी में आज भारी बारिश की आशंका

उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मानसून की सक्रियता का असर दिख सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आज प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग की ओर से पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश दोनों इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई है।

आज मौसम का तेवर बदला हुआ दिखेगा और राज्य के अधिकांश इलाकों में झमाझम बारिश होने की संभावना है। वैसे बारिश और बदली का मौसम होने के कारण राज्य के विभिन्न जिलों में तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। 29 और 30 जुलाई को भी मानसून प्रदेश पर मेहरबान दिखेगा। दोनों दिन राज्य के कई इलाकों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में बारिश का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था और अब लोगों की उम्मीद पूरी होती हुई दिख रही है।

बिहार में भी सक्रिय मानसून

उत्तर प्रदेश के साथी बिहार में भी अगले तीन दिनों तक व्यापक रूप से वर्षा होने की संभावना है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी 30 जुलाई तक मानसून की सक्रियता का व्यापक असर दिखेगा। उत्तराखंड में आज और कल भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। राज्य में कई दिनों से व्यापक वर्षा का दौर जारी है।

राजस्थान में मानसून का खासा असर

मानसून इन दिनों राजस्थान में खासतौर पर मेहरबान दिख रहा है। राजस्थान के विभिन्न इलाकों में जोरदार बारिश हो रही है। मंगलवार और बुधवार को राज्य के कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई है। जोधपुर में तो इतनी बारिश हुई कि दो दिनों तक के स्कूल-कॉलेज सब बंद करना पड़े। जोधपुर में पूरे सीजन की बरसात का 84 फीसदी हिस्सा एक दिन में ही बरस गया।।

राज्य में कई स्थानों पर भारी बारिश के कारण सड़कों और रेल पटरियों पर पानी भरने से यातायात काफी प्रभावित हुआ है। जोधपुर मंडल में कई ट्रेनें रद्द कर दी गईं। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में आज भी बारिश का असर दिख सकता है। वैसे पिछले दिनों की अपेक्षा राज्य में मानसून आज थोड़ा कमजोर दिख रहा है। आज राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

हिमाचल प्रदेश में व्यापक वर्षा

हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भी भारी बारिश का असर दिख रहा है। राज्य में आज भी व्यापक वर्षा होने की चेतावनी दी गई है। भारी बारिश के चलते राज्य में अभी तक 100 करोड़ से अधिक का नुकसान हो चुका है। बारिश के कारण कई नालों में बाढ़ आ गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अफसरों को निर्देश दिया है कि बारिश से जुड़ी घटनाओं में तुरंत राहत पहुंचाने के इंतजाम किए जाएं।

दिल्ली में भी होगी बरसात

राजधानी दिल्ली में आज बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी में अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश जारी रहेगी और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। वैसे गर्मी और उमस के कारण राजधानी के लोग बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मानसून की सक्रियता से अब लोगों की उम्मीद पूरी हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि अब मानसून के धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है। इस कारण उत्तर भारत में बारिश संबंधी गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story