Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा बड़ा असर, देश के इन इलाकों में आज बारिश का IMD का अलर्ट

Weather Update Today: देश के कई राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फ बारी का माहौल बना हुआ है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 3 March 2023 3:43 AM GMT
Weather Update Today
X

Weather Update Today (Photo: Social Media)

Weather Update Today: देश के कई राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का माहौल बना हुआ है। जम्मू कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में चार मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। पंजाब में भी हल्की बारिश होने की संभावना है। उत्तर महाराष्ट्र, दक्षिण मध्य प्रदेश, राजस्थान, गोवा और गुजरात के विभिन्न इलाकों में 4 से 6 मार्च तक हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में आज और कल तेज हवाएं चल सकती हैं।

देश के कई इलाके होंगे प्रभावित

पिछले 24 घंटे के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम के विभिन्न इलाकों में बारिश के साथ तेज गति से चलने वाली हवाओं का असर दिखा है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज और कल भी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। राजस्थान और गुजरात में 4 से 6 मार्च तक मौसम का तेवर बदला रहेगा। इस दौरान तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 4 और 5 मार्च को और पूर्वी मध्य प्रदेश में 5 और 6 मार्च को बारिश हो सकती है।

यूपी समेत उत्तर भारत में भीषण गर्मी

वैसे विभिन्न राज्यों में बारिश के कारण इन दिनों पड़ रही गर्मी से खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। दक्षिण राजस्थान और गुजरात के कई हिस्सों में इन दिनों भीषण गर्मी महसूस की जा रही है और इन इलाकों में तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस बने रहने की संभावना है। तीखी धूप निकलने का कारण उत्तर प्रदेश के लोग भी भीषण गर्मी से जूझते हुए नजर आ रहे हैं। उत्तर भारत के अन्य राज्यों की तरह उत्तर प्रदेश में फरवरी महीने के दौरान काफी गर्म रहा है। मार्च की शुरुआत के साथ गर्मी तीखे तेवर दिखाने लगी है। प्रयागराज में बुधवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया। इस दौरान वाराणसी में भी पारा 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मार्च महीने के दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर जा सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक मार्च महीने में गर्मी के तेवर तो तीखे रहेंगे मगर लू चलने की संभावना नहीं है। उत्तर प्रदेश के आगरा और झांसी जिलों में भी गर्मी के तेवर काफी तीखे दिख रहे हैं। झांसी में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और आगरा में 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। देश में गर्मी के मामले में फरवरी महीने के दौरान 122 सालों का रिकॉर्ड टूट गया है। इस दौरान देश का अधिकतम औसत तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

स्काईमेट वेदर का यह पूर्वानुमान

अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी हिमालय में हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात होने की संभावना है। इसके बाद बारिश और हिमपात की तीव्रता में कमी आएगी। स्काईमेट वेदर के मुताबिक पूर्वी असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश हो सकती है। राजस्थान के पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में एक या दो स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। अगले दो-तीन दिनों के दौरान राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, उत्तरी कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story