×

Weather Update Today: देश के कई राज्य घने कोहरे और शीतलहर की चपेट में, यूपी समेत कई इलाकों में अभी राहत के आसार नहीं

Weather Update Today: देशभर में तापमान में गिरावट के साथ लोग कड़ाके की ठंड झेलने को मजबूर हैं। राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में ठंड और घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

Anshuman Tiwari
Published on: 31 Dec 2023 4:01 AM GMT
Weather Update Today
X

Weather Update Today (Newstrack)

Weather Update Today: देश के कई राज्य इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में हैं। मौसम विभाग का कहना है कि ठंड और घने कोहरे से अभी राहत मिलने के आसार नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर पश्चिम और आसपास के मध्य भारत के इलाकों के मैदानी इलाकों में बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। बाद में इसका असर पूर्वी भारत में भी दिखने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उतरी मध्य प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के लोगों को आने वाले दिनों में घने कोहरे का सामना करना पड़ सकता है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और हल्की बारिश होने की आशंका है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ने की आशंका जताई गई है।

कई राज्यों में घना कोहरा बनेगा मुसीबत

देशभर में तापमान में गिरावट के साथ लोग कड़ाके की ठंड झेलने को मजबूर हैं। राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में ठंड और घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग का कहना है कि साल के आखिरी दिन आज पंजाब, हरियाणा, यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

पंजाब के विभिन्न इलाकों में आज घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 जनवरी तक घना कोहरा लोगों के लिए मुसीबत बना रहेगा। दिल्ली, चंडीगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में सोमवार तक घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। उत्तराखंड में चार जनवरी तक और उत्तरी मध्‍य प्रदेश, उत्तरी राजस्‍थान तथा झारखंड में सोमवार तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

यूपी में ठंड और कोहरे का डबल अटैक

लखनऊ के आंचलिक विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि मौसम में पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है। इसकी वजह से नमी की अधिकता दिख रही है और हल्की शीतलहर का भी लोगों को सामना करना पड़ रहा है। इसी के परिणामस्वरूप घना कोहरा छा रहा है और उत्तर प्रदेश में अभी यह क्रम बना रहेगा।

राजधानी लखनऊ और वाराणसी समेत प्रदेश के कई इलाकों में शनिवार को सुबह से शाम तक धूप नहीं निकली। मौसम विभाग का कहना है कि 1 जनवरी तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग की ओर से लखनऊ, गाजियाबाद, कानपुर, उन्नाव, हरदोई, रायबरेली और आगरा समेत प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है।

दिल्ली में घने कोहरे का येलो अलर्ट

मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी दिल्ली में आने वाले दो-तीन दिनों के दौरान ठंड और कोहरे का कहर बना रहेगा। साल के आखिरी दिन दिल्ली में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में आ रही गिरावट के कारण राजधानी के लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा। राजधानी दिल्ली में 1 से 5 जनवरी तक अधिकतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

कोहरे की वजह से दिल्ली में यातायात पहले से ही प्रभावित है और आने वाले दिनों में भी लोगों को इससे राहत नहीं मिलने वाली है। ठंड बढ़ने के साथ ही दिल्ली के लोग जहरीली हवा में सांस लेने के लिए मजबूर हैं। शनिवार को दिल्ली का एक्यूआई करीब 400 पर पहुंच गया और ठंड बढ़ने के साथ इसमें और बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है।

बारिश और बर्फबारी बढ़ाएगी मुश्किलें

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और बिहार के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड की स्थिति बनी रहेगी। विभाग के अनुसार कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। अगले दो दिनों के दौरान मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से ठंड में बढ़ोतरी होगी।

स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट

स्काईमेट वेदर के मुताबिक तमिलनाडु में कुछ स्थानों,दक्षिणी केरल, लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों, अंडमान और निकोबार के दक्षिणी द्वीपों और पूर्वोत्तर भारत में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा,उत्तर प्रदेश,उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों और बिहार के कई स्थानों पर बहुत घना कोहरा जारी रह सकता है।

पश्चिमी हिमालय, झारखंड के कुछ हिस्सों, ओडिशा और पूर्वोत्तर भारत में घना कोहरा लोगों के लिए मुसीबत बन सकता है। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story