×

Weather Update Today: लखनऊ समेत यूपी के कई जिलों में बारिश, घने कोहरे के साथ बारिश बढ़ाएगी लोगों की मुसीबत

Weather Update Today: उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में आज कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 16 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 5 Jan 2024 4:31 AM GMT (Updated on: 5 Jan 2024 10:31 AM GMT)
Weather Update
X

Weather Update (Photo: Newstrack)

Weather Update Today: उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के लोगों को आने वाले दिनों में और ज्यादा कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड में और बढ़ोतरी होगी। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली आदि इलाकों में जबर्दस्त शीतलहर के कारण लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली में झमाझम बारिश की आशंका को देखते हुए ठंड का प्रकोप और तेज होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में आज कोल्ड डे की स्थिति दिखी। मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही निकली। लखनऊ समेत तमाम इलाकों में बारिश हुई। इतना ही नहीं बल्कि दिन में अंधेरी छा गया। लोगों के अपने वाहनों की लाइट जलाकर निकलना पड़ा। प्रदेश के 16 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के 18 जिलों में बारिश की चेतावनी दी गई थी जबकि 52 जिलों में घने कोहरे के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।



दिल्ली में शीतलहर से बढ़ीं मुश्किलें

राजधानी दिल्ली में दिन-प्रतिदिन ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी के कई इलाकों में आज लोगों को शीतलहर का सामना करना पड़ेगा। राजधानी में 9 और 10 जनवरी को बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है जिससे ठंड में और बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश के बाद तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। बारिश के साथ तेज ठंडी पछुआ हवाओं के कारण ठंड में बढ़ोतरी होगी। ऐसी स्थिति में आने वाले दिनों में दिल्ली के लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा।

गुरुवार को राजधानी दिल्ली का मौसम काफी सर्द रहा और अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि 9 जनवरी को बारिश शुरू होने के बाद 11 जनवरी के बाद ही दिल्ली के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।


प्रदेश के कई जिलों में कोल्ड डे की स्थिति

उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में भी मौसम का तेवर काफी बिगड़ चुका है। प्रदेश के कई इलाकों में गुरुवार को बारिश हुई है। कानपुर में तो गुरुवार को जोरदार बारिश हुई और इस बारिश ने पिछले 7 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के कई इलाकों में अगले तीन दिनों तक मौसम का यही तेवर बना रहेगा। राजधानी लखनऊ में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और दिन व रात के तापमान में सिर्फ 6.4 डिग्री सेल्सियस का अंतर रह गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के विभिन्न जिलों में कड़ाके की ठंड का दौर बना रहेगा। प्रदेश के 16 जिलों में आज कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ जिलों में सीवियर कोल्ड डे की स्थिति भी दिख सकती है। इसके साथ ही प्रदेश के 18 जिलों में आज बारिश लोगों की मुसीबत बढ़ाएगी। इसके साथ ही प्रदेश के लोगों को घने कोहरे से भी अभी मुक्ति नहीं मिलने वाली है। प्रदेश के 52 जिलों में आज गने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

कई राज्यों में कड़ाके की ठंड का अलर्ट

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत में कई राज्यों के लोगों को आज शीतलहर का सामना करना पड़ सकता है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में घना कोहरा रहने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में तीन दिनों तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के लोगों को भी घने कोहरे का सामना करना पड़ेगा।


इन इलाकों में बारिश बढ़ाएगी मुसीबत

स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक लक्षद्वीप, केरल और तटीय कर्नाटक में आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी हिस्सों, आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट,मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, उत्तरी छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड के कुछ हिस्सों और बिहार में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

गोवा और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। उत्तरी राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे से सीवियर कोल्ड डे की स्थिति जारी रह सकती है। उत्तर प्रदेश में कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है। पूर्वी राजस्थान में एक या दो स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story