×

Weather Update: बदलेगा मौसम का मिजाज, यूपी समेत कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

Weather Update Today: मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत कई राज्यों में शुक्रवार से आंधी-तूफान और बारिश होने की आशंका है।

Anshuman Tiwari
Published on: 29 Feb 2024 3:21 AM GMT (Updated on: 29 Feb 2024 3:31 AM GMT)
Weather Update Today
X
सांकेतिक तस्वीर (सोशल मीडिया)

Weather Update Today: उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में भले ही तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई हो मगर जल्द ही मौसम का तेवर फिर बदलने वाला है। मौसम के जानकारों के मुताबिक गुरुवार की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है जिसका व्यापक असर दिखेगा। नया पश्चिमी विक्षोभ काफी ताकतवर होगा जिसकी वजह से कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत कई राज्यों में शुक्रवार से आंधी-तूफान और बारिश होने की आशंका है। इस दौरान कई इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं। मौसम विभाग में तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी दी है। नए पश्चिमी विक्षोभ का असर पूरे उत्तर प्रदेश में दिखेगा और शुक्रवार को प्रदेश के 33 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कृषि के जानकारों के मुताबिक भारी बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

पश्चिमी विक्षोभ से होगी बारिश और बर्फबारी

स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इसकी वजह से देश के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी होगी और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि होने की आशंका है। बर्फबारी और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और ठंड में बढ़ोतरी होने की संभावना है। नए पश्चिमी विक्षोभ का असर पश्चिमी हिमालय के राज्यों के साथ ही उत्तर पश्चिम भारत के विभिन्न राज्यों में दिखेगा।

मौसम विभाग का कहना है कि देश के पहाड़ी राज्यों में शुक्रवार और शनिवार को भारी बर्फबारी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर,उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में जमकर हिमपात होने की आशंका है। खास तौर पर शनिवार को ज्यादा बर्फबारी हो सकती है। इसके साथ ही इन राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट भी जारी किया गया है।

इन राज्यों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

मौसम विभाग की ओर से मध्य प्रदेश के 48 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के कई जिलों में बड़े-बड़े ओले गिरने की आशंका है। पंजाब और हरियाणा में अगले तीन दिनों तक मौसम का तेवर बदला रहेगा। पंजाब में 2 मार्च को भारी बारिश होने की आशंका है।

हरियाणा में शुक्रवार और शनिवार को मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के साथ ही इन दोनों राज्यों में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

यूपी के 33 शहरों में भारी बारिश का अलर्ट

नए पश्चिमी विक्षोभ का उत्तर प्रदेश में भी व्यापक असर दिखेगा। प्रदेश के विभिन्न जिलों में अगले चार दिनों तक मौसम का तेवर बदला रहेगा। शुक्रवार को प्रदेश के 33 से शहरों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें अधिकांश जिले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हैं।

मौसम के जानकारों का कहना है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाएं एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ बना रही हैं। यह इस सीजन का सबसे मजबूत पश्चिमी विक्षोभ होगा जिसका व्यापक असर दिखेगा। प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया है मगर बारिश और ओलावृष्टि के बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

इन राज्यों में भी बदलेगा मौसम

राजस्थान, बिहार, झारखंड और राजधानी दिल्ली में भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की चेतावनी दी गई है। राजस्थान के साथ ही महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में भी ओलावृष्टि होने की आशंका है। बिहार और झारखंड में नए पश्चिमी विक्षोभ का असर 3 मार्च तक दिखेगा और कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है।

इसके साथ ही तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है। राजधानी दिल्ली में आज बदली छाए रहने की संभावना है। बुधवार को दिल्ली और नोएडा के कई इलाकों में बारिश हुई थी और मौसम का यह तेवर अभी बना रहेगा। राजधानी में तापमान में गिरावट के कारण अभी ठंड की विदाई नहीं होने वाली है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story