×

Weather Update Today: पहाड़ों में बर्फबारी ने बढ़ाई ठंड, यूपी समेत कई राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट, इन राज्यों में ओलावृष्टि की चेतावनी

Weather Update Today: मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में आज घने से अधिक घना कोहरा लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनेगा। इसके साथ ही नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में ओलावृष्टि होने की चेतावनी भी दी गई है।

Anshuman Tiwari
Published on: 24 Dec 2023 3:10 AM GMT (Updated on: 24 Dec 2023 4:01 AM GMT)
Weather Update Today
X

Weather Update Today (Social Media)

Weather Update Today: देश के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में दिखने लगा है। मैदानी इलाकों में भी अब कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में देश के कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी है। इन राज्यों में उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजधानी दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाके भी शामिल हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में आज घने से अधिक घना कोहरा लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनेगा। इसके साथ ही नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में ओलावृष्टि होने की चेतावनी भी दी गई है।

यूपी समेत कई राज्यों में घना कोहरा

देश के कई राज्यों में पड़ रही कड़ाके की ठंड अब लोगों को परेशान करने लगी है। इसके साथ ही सुबह और रात के समय पड़ रहा कोहरा भी मुसीबत पैदा कर रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि कोहरे का यह सितम अभी बना रहेगा। खासतौर पर उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में घने कोहरे के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। बिहार,उत्तरी राजस्थान और त्रिपुरा के कई इलाकों में भी घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में मौसम का तेवर बदलने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार असम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आज अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि लोगों की मुसीबत बढ़ाएगी।

दिल्ली-एनसीआर में और गिरेगा पारा

दिल्ली-एनसीआर में भी अब कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी दिल्ली में 29 दिसंबर तक धुंध और कोहरा लोगों के लिए मुसीबत बना रहेगा। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना है और यह तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में आज भी घना कोहरा छाया रहा जिससे लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ीं। शनिवार को दिल्ली में दिन के दौरान न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से दो डिग्री अधिक है। अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा,जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है।

इन इलाकों में होगी बारिश और बर्फबारी

स्काइमेट वेदर के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की आशंका है। उत्तराखंड में आज हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में हल्की बारिश होने की चेतावनी दी गई है। पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्र में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

पिछले 24 घंटे के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, दक्षिण केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि तमिलनाडु के चार जिलों में अभी भी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story