Weather Update: उत्तर भारत में मौसम रहेगा शुष्क, पहाड़ी इलाकों और दक्षिण भारत में होगी बारिश

Weather Update: उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड का असर कमजोर पड़ा है। दोपहर के समय खुली धूप निकलने के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

Anshuman Tiwari
Published on: 5 Feb 2023 4:06 AM GMT
Weather Update Today
X

Weather Update Today (Photo: Social Media)

Weather Update: उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड का असर कमजोर पड़ा है। दोपहर के समय खुली धूप निकलने के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि शाम के बाद तापमान में गिरावट के कारण लोगों को ठंड महसूस हो रही है। वैसे भीषण ठंड का दौर बीत चुका है और इस कारण लोगों को काफी राहत मिली है।

अब मौसम विभाग अगले पांच दिनों के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में रहने वाले लोगों के लिए खुशखबरी दी है। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहने की उम्मीद है। वैसे देश के पहाड़ी इलाकों के साथ दक्षिण भारत में बारिश लोगों के लिए मुसीबत बनेगी। पूर्वोत्तर में भी बारिश की आशंका जताई गई है।

पहाड़ी इलाकों में बारिश का मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में देश के अधिकांश इलाकों के मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि मौसम विभाग ने देश के पहाड़ी इलाकों में जम्मू-कश्मीर उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका जताई है। इसके अलावा देश के कुछ अन्य भागों में भी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक असम, अरुणाचल प्रदेश, दक्षिणी तमिलनाडु और केरल के दक्षिणी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि देश के पहाड़ी इलाकों को छोड़ दिया जाए तो देश के अन्य भागों में मौसम को लेकर कोई खास चेतावनी नहीं जारी की गई है।

दक्षिण के राज्यों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान देश के पहाड़ी इलाकों के अलावा दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में लोगों को बारिश का सामना करना पड़ा। तमिलनाडु के अलावा केरल, लक्षद्वीप और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। वैसे उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश राज्यों के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं दिखा। उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश राज्यों का तापमान न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा।

धूप ने दिलाई ठंड से राहत

राजधानी दिल्ली में इन दिनों न्यूनतम तापमान 9-10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। शनिवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वैसे दोपहर के समय धूप निकलने के कारण लोगों को ठंड से काफी राहत मिली है। मौसम विभाग की ओर से राजधानी में तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। इस कारण दोपहर में तो धूप के कारण लोगों को राहत मिलेगी मगर सूरज ढलने के बाद लोगों को ठंड का एहसास हो सकता है।

राजस्थान के विभिन्न इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी होने के कारण लोगों को ठंड से काफी राहत मिली है। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं का दौर थमने के कारण भी लोगों ने राहत की सांस ली है। दूसरी ओर पंजाब और हरियाणा में अभी भी ठंड का असर बना हुआ है। बिहार के विभिन्न इलाकों में आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट की आशंका जताई गई है। इस कारण ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी हिमालय, सिक्किम, पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक दक्षिण तमिलनाडु, दक्षिणी केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी हिस्सों और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। देश के पूर्वी, मध्य और उत्तर पश्चिमी भागों के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story