TRENDING TAGS :
Bajinder Singh: कौन है पंजाब का पादरी 'पापा' बजिंदर सिंह? जिस पर दर्ज हुआ है यौन उत्पीड़न का केस
Bajinder Singh: बजिंदर सिंह का जन्म हरियाणा के यमुनानगर में एक हिंदू जाट परिवार में हुआ था। करीब 15 साल पहले एक कथित हत्या के मामले में जेल में बंद होने के दौरान उसने ईसाई धर्म अपना लिया था।
Bajinder Singh (photo: social media )
Bajinder Singh: सोशल मीडिया पर वायरल अपने ‘येशु – येशु’ वीडियो के लिए प्रसिद्ध पंजाब के पादरी बजिंदर सिंह पर जालंधर जिले में यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है। एक महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि वो और उसके पेरेंट्स अक्टूबर 2017 से चर्च में आ रहे थे। एक दिन पादरी बजिंदर सिंह ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया और मैसेज भेजना शुरू कर दिया। महिला का कहना है कि वह पादरी से डरती थी और अपने माता-पिता को अपनी बात नहीं बता सकती थी। इस महिला द्वारा पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, 2022 से लगातार बजिंदर सिंह उसे रविवार के दिन को चर्च के एक केबिन में अकेले बैठाता रहा जहाँ वह कथित तौर पर उसे गले लगाता था और अनुचित तरीके से छूता था।
इस शिकायत पर बजिंदर सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 ए (यौन उत्पीड़न), 354 डी (पीछा करना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। 42 वर्षीय स्वयंभू चमत्कारी उपचारक ने अभी तक खुद को सरेंडर नहीं किया है।
कौन हैं बजिंदर सिंह?
बजिंदर सिंह का जन्म हरियाणा के यमुनानगर में एक हिंदू जाट परिवार में हुआ था। करीब 15 साल पहले एक कथित हत्या के मामले में जेल में बंद होने के दौरान उसने ईसाई धर्म अपना लिया था। 2012 में रिहा होने के बाद वह एक उपदेशक बन गया और ताजपुर चर्च की स्थापना की। ताजपुर चर्च की अब पंजाब में 23 शाखाएँ हैं, और भारत के बाहर कनाडा, यूके और दुबई सहित कई और शाखाएँ हैं। बजिंदर सिंह के इंस्टाग्राम हैंडल पर उसे 'पैगंबर बजिंदर सिंह' के रूप में कहा गया है, उसके अनुयायी उसे 'पापा' के नाम से भी जानते हैं। बजिंदर के सोशल मीडिया फॉलोअर्स की संख्या अच्छी खासी है। उसके YouTube चैनल पर 3.74 मिलियन सब्सक्राइबर हैं।
मंच पर चमत्कार
बजिंदर सिंह अक्सर अपने अनुयाइयों के बीच मंच पर चमत्कार दिखाते हैं, कई विडियो क्लिप में उन्हें सभाओं में 'मेरा यीशु यीशु' गाते हुए दिखाया गया है।उनका दावा है कि उन्होंने बड़े पैमाने पर सेवाओं के माध्यम से लोगों को एचआईवी और गूंगेपन जैसी बीमारियों से ठीक किया है। बजिंदर को कई मशहूर हस्तियों से भी समर्थन मिला है, जिनमें जया प्रदा, अरबाज खान, तुषार कपूर, चंकी पांडे और आदित्य पंचोली जैसे फिल्मस्टार्स शामिल हैं।
कई विवादों से नाता
बजिंदर का इतिहास काफी विवादों वाला रहा है। 2018 में चंडीगढ़ के सेक्टर 63 में अपने घर पर एक महिला से बलात्कार करने और मारपीट की रिकॉर्डिंग करने का आरोप लगा था। उसे लंदन जाने की कोशिश करते समय इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार भी किया गया था, हालाँकि बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया था। मोहाली की एक अदालत में अभी भी मामले की सुनवाई चल रही है, जिसने हाल ही में बजिंदर के खिलाफ वारंट जारी किया है। इसके अतिरिक्त, 2022 में, दिल्ली के एक परिवार ने बजिंदर पर अपनी बेटी के इलाज के लिए पैसे लेने का आरोप लगाया, जिसकी बाद में कैंसर से मृत्यु हो गई। 2023 में, आयकर विभाग ने बजिंदर के चर्च पर छापा मारा था और कई दस्तावेज़ जब्त किए थे।