×

Who is T Raja Singh: BJP के टी. राजा सिंह का विवादों से पुराना नाता, 17 पुलिस थाने में दर्ज हैं 43 केस

Who is T Raja Singh: टी. राजा सिंह इन दिनों सुर्ख़ियों में हैं। उन पर धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप हैं। पैगंबर पर तथाकथित टिप्पणी के आरोप में उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। यहां जानें सब कुछ....

aman
Written By aman
Published on: 24 Aug 2022 2:54 PM GMT
bjp suspended leader t raja singh booked under 43 fir do you know who is t raja singh
X

T. Raja Singh (Social Media)

Who is T Raja Singh: तेलंगाना के एक विधायक बीते दो दिनों से सुर्ख़ियों में हैं। इनका नाम है टी. राजा सिंह (T. Raja Singh)। टी.राजा सिंह हैदराबाद की गोशामहल सीट (Goshamahal Seat) से विधायक हैं। इन पर पैगंबर मोहम्मद (Prophet Muhammad) पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप हैं। टी.राजा भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक थे। लेकिन, जब उनकी टिप्पणियों को लेकर विवाद बढ़ा तो BJP ने उन्हें पार्टी से सस्पेंड कर दिया। टी. राजा सिंह के खिलाफ केस भी दर्ज हुआ। उनकी गिरफ्तारी भी हुई, लेकिन कुछ देर बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।

टी. राजा सिंह की पहचान तेलंगाना के उन चुनिंदा बीजेपी नेताओं में होती रही है जो साल 2018 विधानसभा चुनाव के दौरान TRS की आंधी के बावजूद जीत दर्ज करने में सफलता पाई थी। हालांकि, टी. राजा सिंह पर मुस्लिमों की अवहेलना और जहर उगलने के लिए जाना जाता रहा है। मुस्लिमों के खिलाफ उनके भड़काऊ भाषण की वजह से उन पर कई केस दर्ज हो चुके हैं।

क्या है टी. राजा से जुड़ा हालिया विवाद?

ताजा मामले में बीजेपी के पूर्व नेता टी. राजा सिंह पर पैगंबर मोहम्मद पर विवादित बोल के आरोप लगे हैं। दरअसल, राजा सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था। इसमें वो पैगंबर मोहम्मद को लेकर विवादित टिप्पणी (Controversial remarks about Prophet Muhammad) की। इसी वीडियो में उन्होंने कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी (Comedian Munawwar Farooqui) पर भी विवादित बयान दिया। टी. राजा सिंह के इस वीडियो के वायरल होने के बाद बवाल मच गया। हैदराबाद के कई पुलिस थानों के बाहर गुस्साए लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने राजा सिंह की गिरफ्तारी की मांग की। शिकायत दर्ज होने के बाद टी. राजा सिंह को गिरफ्तार तो किया गया लेकिन कुछ घंटे में ही जमानत भी मिल गई।


मुनव्वर फारूकी के शो को लेकर दी थी धमकी

आपको बता दें कि, कुछ दिन पहले हैदराबाद (Hyderabad) में कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी का शो आयोजित होना था। जिस पर राजा सिंह ने धमकी दी थी। तब उन्होंने कहा था, कि अगर ये शो हुआ तो वो (राजा सिंह) आयोजन स्थल की कुर्सियां जला देंगे। इस धमकी के बाद उन्हें हाउस अरेस्ट (T. Raja Singh House Arrest) कर लिया गया था।

जानें कौन हैं टी.राजा सिंह?

अब आपके मन में कौतूहल होना स्वाभाविक है कि आखिर ये टी. राजा सिंह है कौन? तो चलिए हम आपको बताते हैं। टी.राजा सिंह (42 वर्ष) का जन्म 15 अप्रैल 1977 को हैदराबाद में हुआ था। उनकी पत्नी का नाम उषा बाई है। उनकी चार संतानें हैं। टी.राजा सिंह के तीन बेटे और एक बेटी है। राजा सिंह ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत तेलुगु देशम पार्टी (TDP) से की थी। वर्ष 2009 से 2014 तक यानी 5 साल वो ग्रेटर हैदराबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में कॉर्पोरेट भी रहे थे


2014 में पहली बार बने MLA

2014 में जब देश में नरेंद्र मोदी की आंधी थी तब टी. राजा सिंह टीडीपी (TDP) छोड़कर बीजेपी (BJP) के साथ हो लिए। 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में पहली बार टी.राजा विधायक बने। 2018 में भी वो गोशामहल से ही चुनाव जीते।

विवादों से है पुराना नाता

साल 2015 में बीजेपी विधायक रहते टी. राजा सिंह पर एक पुलिस कॉन्स्टेबल के साथ बदसलूकी का आरोप लगा। तब उनका ये वीडियो खूब वायरल हुआ था। दरअसल, एक शादी समारोह में जब पुलिस ने रात के 2 बजे बीजेपी विधायक को तेज आवाज में संगीत बजाने से रोका, तो राजा सिंह ने उसके साथ गाली-गलौज की। विवाद बढ़ता गया और उन्होंने कॉन्स्टेबल के साथ धक्का-मुक्की भी की। इस मामले में उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ था।

चुनावी हलफनामा में बताया 43 केस दर्ज हैं

साल 2018 के विधानसभा चुनाव में जब टी. राजा सिंह ने चुनाव आयोग को हलफनामा दिया था तब अपने ऊपर 43 केस दर्ज होने की बात बताई थी। ये केस उनके गृह राज्य तेलंगाना के 16 पुलिस थानों में दर्ज हैं। राजा सिंह के खिलाफ सुल्तान बाजार (Sultan Bazaar), सैफाबाद (Saifabad), रेन बाजार, राजापेट (Rajapet), मंगलहाट सहित कई थानों में केस दर्ज है। एक मामला कोलकाता में भी दर्ज है। टी.राजा सिंह (T.Raja Singh) पर दंगे भड़काने, भड़काऊ बयानबाजी और खतरनाक हथियार रखने तथा हत्या की कोशिश जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं।


रही है 'एंटी मुस्लिम' छवि

टी. राजा सिंह की छवि 'एंटी-मुस्लिम' नेता की रही है। राजा सिंह पर मस्जिदों पर हमला करने की कोशिश के भी आरोप लगे हैं। साथ ही, मुस्लिमों के खिलाफ भड़काऊ बयान देने और बिना अनुमति रैली व यात्रा निकालने के भी मामले दर्ज हैं। टी राजा सिंह के इस तरह के मामलों में कई बार नाम सामने आ चुके हैं।

'बीफ फेस्टिवल' पर दी थी धमकी

यही नहीं, टी. राजा सिंह स्वयं को 'गौ सेवक' बताते रहे हैं। इससे जुड़ा एक विवाद भी उनके सिर है। साल 2016 में जब हैदराबाद की उस्मानिया यूनिवर्सिटी (Osmania University) में बीफ फेस्टिवल का आयोजन होना था, तब राजा सिंह ने धमकी दी थी, कि गौ माता के लिए वो मरने-मारने को भी तैयार हैं।

फेसबुक ने किया था बैन

अमेरिकी अखबार 'वॉल स्ट्रीट जर्नल' (wall street journal) की एक रिपोर्ट के अनुसार, 2020 में फेसबुक ने टी.राजा सिंह को 'खतरनाक व्यक्ति' करार दिया था। तब फेसबुक ने उन्हें ऐसा बताते हुए अपने सभी प्लेटफार्म से बैन कर दिया था। उनका एक पोस्ट सोशल मीडिया पर विवादित रहा था जिसमें उन्होंने कहा था, कि रोहिंग्या मुस्लिम शरणार्थियों को गोली मार देनी चाहिए।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story