×

येदियुरप्पा और वसुंधरा राजे के सपनों को पंख लगा गए चुनाव परिणाम

Rishi
Published on: 18 Dec 2017 12:26 PM GMT
येदियुरप्पा और वसुंधरा राजे के सपनों को पंख लगा गए चुनाव परिणाम
X

जयपुर : राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सोमवार को विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर गुजरात और हिमाचल प्रदेश के लोगों को बधाई दी और कहा कि भारत में भाजपा का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने दोनों प्रदेशों में भाजपा के विकास के एजेंडे को तरजीह देने के लिए वहां की जनता का आभार जताया।

ललित मोदी प्रसंग को लेकर चर्चा में रहने वाली वसुंधरा ने कहा कि भाजपा के पक्ष में दोनों प्रदेशों में लोगों के मतदान करने से यह साबित होता है कि वे विकास चाहते हैं।

ये भी देखें : BJP गुजरात में अपेक्षित जीत हासिल नहीं कर सकी : शिव सेना

मुख्यमंत्री की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा, "इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्रिय नेतृत्व को जाता है, जो देश की तरक्की के लिए समर्पित हैं। साथ ही, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की कार्यशैली की भी तारीफ की जानी चाहिए, जिन्होंने रात-दिन एक करके पूरे देश में पार्टी के संगठन को मजबूत किया है।"

उन्होंने कहा कि भारत के विकास के लिए दोनों नेताओं के अथक परिश्रम और समर्पण के चलते देशभर में भाजपा को लगातार जीत मिल रही है। उन्होंने कहा कि इन दोनों राज्यों के चुनाव नतीजों से यह साबित हो गया कि भारत में भाजपा का विकल्प नहीं है।

गुजरात में भाजपा की लगातार छठी बार सरकार बनने से मालूम होता है कि प्रदेश के लोगों का इस पार्टी में अडिग विश्वास है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल में भाजपा के सत्ता में आने से साबित होता है कि देश 'कांग्रेस मुक्त भारत' की ओर बढ़ रहा है।

वसुंधरा ने दावा किया कि राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव में भी भाजपा की सत्ता कायम रहेगी।

उन्होंने कहा, "प्रदेश के लोग भाजपा पर भरोसा जता रहे हैं। हम उनके भरोसे को कायम बनाए रखने की दिशा में काम कर रहे हैं।"

नहीं कोई नाटक बीजेपी को चाहिए कर्नाटक

गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में सोमवार को अपनी जीत से उत्साहित भाजपा को कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से सत्ता छीनने की उम्मीद है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष बी.एस. येदियुरप्पा ने भरोसा जताया कि दोनों राज्यों में मिली 'भारी जीत' का प्रभाव अगले साल अप्रैल-मई महीने में इस दक्षिणी राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव पर भी पड़ेगा।

उन्होंने पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं से कहा, "गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनाव परिणामों से लगता है कि लोगों ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का और उनके नीतियों का समर्थन किया है।"

ये भी देखें : हिमाचल : BJP सत्ता के करीब, धूमल पिछड़े तो वीरभद्र ने स्वीकारी हार

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने 'भ्रष्ट' कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंका है और भाजपा को चुना है।

उन्होंने दावा किया, "कर्नाटक में भी इसी प्रकार कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार को जनता 2018 के चुनाव में उखाड़ फेंकेगी। गुजरात में भाजपा की जीत का कर्नाटक में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।"

भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने कहा कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भाजपा की जीत लोगों का मोदी के प्रति समर्थन को दर्शाता है।

उन्होंने कहा, "परिणाम से लगता है कि लोग नोटबंदी के खिलाफ नहीं थे और लोगों ने विमुद्रीकरण और मोदी के नीतियों का समर्थन किया है।"

भाजपा राज्य में 2008 में अपने दम पर सत्ता में आई थी, लेकिन 2012 में राज्य नेतृत्व में विभाजन के बाद 2013 में चुनाव हार गई थी। येदियुरप्पा ने पार्टी से अलग होकर 2012 में कर्नाटक जनता पार्टी का गठन कर लिया था। हालांकि, बाद में वह भाजपा में शामिल हो गए थे।

Rishi

Rishi

आशीष शर्मा ऋषि वेब और न्यूज चैनल के मंझे हुए पत्रकार हैं। आशीष को 13 साल का अनुभव है। ऋषि ने टोटल टीवी से अपनी पत्रकारीय पारी की शुरुआत की। इसके बाद वे साधना टीवी, टीवी 100 जैसे टीवी संस्थानों में रहे। इसके बाद वे न्यूज़ पोर्टल पर्दाफाश, द न्यूज़ में स्टेट हेड के पद पर कार्यरत थे। निर्मल बाबा, राधे मां और गोपाल कांडा पर की गई इनकी स्टोरीज ने काफी चर्चा बटोरी। यूपी में बसपा सरकार के दौरान हुए पैकफेड, ओटी घोटाला को ब्रेक कर चुके हैं। अफ़्रीकी खूनी हीरों से जुडी बड़ी खबर भी आम आदमी के सामने लाए हैं। यूपी की जेलों में चलने वाले माफिया गिरोहों पर की गयी उनकी ख़बर को काफी सराहा गया। कापी एडिटिंग और रिपोर्टिंग में दक्ष ऋषि अपनी विशेष शैली के लिए जाने जाते हैं।

Next Story