TRENDING TAGS :

Aaj Ka Rashifal

UP Nikay Chunav 2023: नवगठित नगर पंचायत एट में चुनावी सरगर्मी तेज, प्रत्याशियों के बीच प्रतिष्ठा की जंग

UP Nikay Chunav 2023: नवगठित नगर पंचायत एट में प्रत्याशियों के बीच प्रतिष्ठा की जंग |

Afsar Haq
Published on: 25 April 2023 12:36 PM GMT
UP Nikay Chunav 2023: नवगठित नगर पंचायत एट में चुनावी सरगर्मी तेज, प्रत्याशियों के बीच प्रतिष्ठा की जंग
X
नगर पंचायत एट में प्रत्याशियों के बीच प्रतिष्ठा की जंग

Jalaun News: दो वर्ष पूर्व अस्तित्व में आई नगर पंचायत एट में पहली बार चेयरमैन का चुनाव हो रहा है। यहां पर गांव की राजनीति में दमखम रखने वाले अब नगर पंचायत की राजनीति में भी अपना लोहा मनवाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए हैं। यही वजह है कि यहां का चुनाव दिनोंदिन दिलचस्प होता जा रहा है। हालात यह है कि यहां पर कोई अपने परिजनों को राजनीतिक विरासत सौंपकर अपने वजूद को दिखाना चाह रहा है तो कोई अपने चहेतों को चेयरमैन बना कर यह संदेश देना चाहता है कि आज भी उनके प्रति मतदाताओं का विश्वास कम नहीं हुआ है।

आरक्षित सीट पर सभी प्रमुख दलों ने उतारे हैं प्रत्याशी

एट नगर पंचायत के चुनाव में भाजपा, सपा से लेकर सभी प्रमुख दलों के अलावा निर्दलीय भी चुनाव में पूरी ताकत झोंके हुए हैं। नई-नई बनी नगर पंचायत एट अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित है। एट को जनपद की सबसे बड़ी नगर पंचायत का भी दर्जा मिला है। यहां पर पहली मर्तबा चेयरमैन के लिए मतदान होने जा रहा है। इसके पहले एट ग्राम पंचायत हुआ करती थी और इसे जनपद की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत का दर्जा प्राप्त था। आरक्षण में सीट अनुसूचित महिला के लिए आरक्षित हो गई तो बड़े दिग्गजों का चुनाव लड़ने का सपना भी टूट गया था, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। जहां भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस ने नई नगर पंचायत पर कब्जा जमाने के लिए अपने प्रत्याशी उतारे हैं तो वहीं कुछ दिग्गजों ने निर्दलीय प्रत्याशी लाकर मैदान में उतार दिए हैं। इससे चुनाव और रोचक हो गया है।

ये हैं प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के उम्मीदवार

भाजपा ने एट जिला पंचायत सदस्य मेवा रानी की पुत्रवधू दीप माला वर्मा को चुनाव मैदान में उतारा है। बहुजन समाज पार्टी ने पूर्व प्रधान स्व. पांन कुवांर अहिरवार की पुत्रवधू इंद्रा चौधरी को प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा समाजवादी पार्टी से पूर्व प्रधान रहे मैथिलीशरण दीक्षित के पुत्र सुधीर दीक्षित ने अपने मित्र की पत्नी पूनम देवी को चुनावी समर में उतार दिया। उन्होंने चुनाव की बागडोर स्वयं संभाल रखी है। यहां पर कांग्रेस भी पीछे नहीं रही। कांग्रेस ने पूर्व बीडीसी उमाशंकर की मां किशोरी देवी वर्मा को मुकाबले में उतारकर चुनाव को कांटे की टक्कर का बना दिया है। भाजपा से टिकट ना मिलने से नाराज पूर्व प्रधान अरविंद कुमार उर्फ लाल जी ने पूर्व प्रधान व वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य पूनम को निर्दलीय चुनाव मैदान में उतार रखा है। इसके अलावा पूर्व प्रधान संजीदा बेगम के पति लल्लन ने आमआदमी पार्टी का सहारा लेकर सुनीता कठेरिया को चुनाव में उतार दिया है। इन सभी नेताओं का एक ही मकसद है कि उनकी राजनीतिक हैसियत बनी रहे। यही वजह है कि प्रत्याशी से ज्यादा वह नेता सक्रिय दिख रहे हैं।

Afsar Haq

Afsar Haq

Next Story