×

यूपी निकाय चुनावों के बीच मायावती और अखिलेश करेंगे कर्नाटक का दौरा,दोनों नेता कल करेंगे चुनावी सभाएं

Karnataka Assembly Election 2023: मायावती ने निकाय चुनावों के सिलसिले में उत्तर प्रदेश में एक भी चुनावी जनसभा को संबोधित नहीं किया मगर वे पार्टी प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार करने के लिए कर्नाटक दौरे पर जा रहे हैं। इसी तरह सपा का भी कर्नाटक में कोई खास जनाधार नहीं माना जाता मगर सपा मुखिया अखिलेश यादव प्रदेश का निकाय चुनाव छोड़कर दो दिनों तक कर्नाटक में अपनी पार्टी के प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार करेंगे।

Anshuman Tiwari
Published on: 4 May 2023 5:05 PM GMT
यूपी निकाय चुनावों के बीच मायावती और अखिलेश करेंगे कर्नाटक का दौरा,दोनों नेता कल करेंगे चुनावी सभाएं
X
bsp chief mayawati and samajwadi party president akhilesh yadav (Photo-Social Media)

Karnataka Assembly Election 2023: उत्तर प्रदेश में चल रहे निकाय चुनावों के बीच प्रदेश की सियासत के दो बड़े चेहरे बसपा मुखिया मायावती और सपा मुखिया अखिलेश यादव कल कर्नाटक में चुनावी रैलियां करने वाले हैं। हैरानी वाली बात तो यह है कि बसपा मुखिया मायावती ने निकाय चुनावों के सिलसिले में उत्तर प्रदेश में एक भी चुनावी जनसभा को संबोधित नहीं किया मगर वे पार्टी प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार करने के लिए कर्नाटक दौरे पर जा रहे हैं। इसी तरह सपा का भी कर्नाटक में कोई खास जनाधार नहीं माना जाता मगर सपा मुखिया अखिलेश यादव प्रदेश का निकाय चुनाव छोड़कर दो दिनों तक कर्नाटक में अपनी पार्टी के प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार करेंगे।

मायावती की कल बेंगलुरु में रैली

कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच में हो रहा है। कई इलाकों में जनता दल (एस) के प्रत्याशी भी अपनी ताकत दिखाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। चुनावी बाजी में जीत हासिल करने के लिए भाजपा और कांग्रेस नेताओं ने पूरी ताकत लगा रखी है। सपा और बसपा का कर्नाटक में कोई खास जनाधार नहीं माना जाता मगर फिर भी उत्तर प्रदेश के निकाय चुनावों को छोड़कर सपा मुखिया अखिलेश यादव और बसपा मुखिया मायावती दोनों कल कर्नाटक में होंगे।
बसपा मुखिया मायावती कल बेंगलुरु के पैलेस ग्राउंड में एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगी। वे शाम को एक होटल में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक में पार्टी की चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगी। वैसे सियासी जानकारों का मानना है कि इस बार के विधानसभा चुनाव में बसपा कहीं भी मजबूत स्थिति में नजर नहीं आ रही है। बीएसपी के चुनावी अखाड़े में कूदने से कांग्रेस को सियासी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

अखिलेश यादव करेंगे पांच चुनावी सभाएं

सपा मुखिया अखिलेश यादव भी निकाय चुनावों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरह सक्रिय नहीं दिखे हैं। हालांकि उन्होंने कुछ चुनावी सभाओं के जरिए सपा प्रत्याशियों की स्थिति मजबूत बनाने का प्रयास जरूर किया है। उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव का दूसरे चरण का मतदान 11 मई को होने वाला है मगर सपा मुखिया अखिलेश यादव प्रदेश में प्रचार छोड़कर अब कल कर्नाटक के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे।
सपा सूत्रों का कहना है कि अखिलेश यादव कर्नाटक में पार्टी प्रत्याशियों के लिए पांच चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। कर्नाटक में समाजवादी पार्टी का कोई खास जनाधार नहीं माना जाता मगर फिर भी पार्टी ने 17 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे हैं। अखिलेश चुनावी सभाओं के जरिए इन पार्टी प्रत्याशियों की स्थिति मजबूत बनाने की कोशिश करेंगे।

यूपी का निकाय चुनाव छोड़कर कर्नाटक में सक्रियता

प्रदेश में निकाय चुनावों के दौरान सपा और बसपा दोनों पार्टियों के इन दोनों बड़े नेताओं के कर्नाटक दौरे पर हैरानी भी जताई जा रही है। बसपा मुखिया मायावती ने तो इस बार के चुनाव में अपनी पार्टी के लिए एक भी सभा नहीं संबोधित की है। बसपा ने सभी जिलों में मेयर और सभासद पदों के लिए अपने प्रत्याशी उतारे हैं। फिर भी मायावती प्रचार करने के लिए घर से बाहर नहीं निकलीं। यही कारण है कि उनके कर्नाटक में चुनावी जनसभा करने पर हैरानी जताई जा रही है।
दूसरी ओर सपा मुखिया अखिलेश यादव भी ज्यादा सक्रिय नहीं दिखे हैं। इन दोनों नेताओं की अपेक्षा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के निकाय चुनावों में पूरी ताकत झोंक रखी है। कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की ओर से योगी की भारी डिमांड की जा रही है मगर योगी कर्नाटक की अपेक्षा उत्तर प्रदेश को ज्यादा तरजीह दे रहे हैं। निकाय चुनावों के पहले चरण के आज हो रहे मतदान के बाद दूसरे चरण के लिए भी योगी ने धुआंधार प्रचार शुरू कर दिया है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story