×

उपचुनाव: BJP ने 10 में से 5 तो कांग्रेस ने 3 सीटें जीतीं, दिल्ली में AAP प्रत्याशी की जमानत जब्त

aman
By aman
Published on: 13 April 2017 12:36 PM GMT
उपचुनाव: BJP ने 10 में से 5 तो कांग्रेस ने 3 सीटें जीतीं, दिल्ली में AAP प्रत्याशी की जमानत जब्त
X

नई दिल्ली: आठ राज्यों की 10 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना गुरुवार (13 अप्रैल) को हुई। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के बाद उपचुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की लहर दिखी। बीजेपी ने 5 सीटों पर जीत दर्ज की तो वहीं कांग्रेस के खाते में 3 सीट आई।

पीएम मोदी ने उपचुनावों में बीजेपी को जीत मिलने पर पार्टी वर्कर्स को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लोग ने विकास और सुशासन की राजनीति में विश्वास जताया है, जिसके लिए वह लोगों को धन्यवाद देते हैं।



दिल्ली में होने वाले एमसीडी चुनावों से पहले सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (आप) को जबर्दस्त झटका लगा है। राजौरी गार्डन सीट से बीजेपी-अकाली गठबंधन के उम्मीदवार मनजिंदर सिंह सिरसा ने जीत दर्ज की है। मनजिंदर सिंह सिरसा ने 14,652 मतों से कांग्रेस उम्मीदवार को हराया।

जबकि आप उम्मीदवार की जमानत जब्त हो गई। बता दें, कि यह सीट आप विधायक जरनैल सिंह के इस्तीफे से खाली हुई थी। जरनैल ने पंजाब में पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल को लांबी सीट से चुनौती दी थी, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

बीजेपी ने हिमाचल की भोरंज, असम की धेमाजी, मध्य प्रदेश की बांधवगढ़, राजस्थान की धौलपुर और दिल्ली की राजौरी गार्डन सीट पर जीत दर्ज की। वहीं, कांग्रेस के खाते में 3 सीट गईं। इनमें दो सीट कर्नाटक की और एक मध्य प्रदेश के भिंड जिले की अटेर सीट शामिल है।

वेस्ट बंगाल की कांठी साउथ सीट पर टीएमसी ने जीत ली है। टीएमसी की चंद्रिमा भट्टाचार्य ने इस सीट पर 42 हजार वोटों से जीत दर्ज की। उधर, कर्नाटक की नंजनगढ़ और गुंदलूपेट सीट पर कांग्रेस के खाते में गई है। नंजनगढ़ से केएन केशवमूर्ति ने 21,334 और गुंदलूपेट से एमसी मोहन कुमारी ने करीब 10,877 वोटों से जीत दर्ज की।

झारखंड की लिट्टीपाड़ा असेंबली उपचुनाव में में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के साइमन मरांडी ने जीत हासिल की। मरांडी ने बीजेपी के हेमलाल मुर्मू को 12,643 वोट से हराया। इस सीट पर पहले भी जेएमएम का कब्जा था।

भोरंज से बीजेपी के अनिल धीमान रहे विजयी

हिमाचल प्रदेश की भोरंज सीट पर बीजेपी प्रत्याशी अनिल धीमान ने जीत दर्ज की। अनिल ने कांग्रेस की उम्मीदवार प्रोमिला देवी को 8,290 मतों से हराया। धीमान को कुल 24,453 वोट मिले।

धीमाजी सीट से रनोज पेगु जीते

जबकि, असम की धीमाजी विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार रनोज पेगु ने जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस के बाबुल सोनोवाल को 9,285 मतों से हराया। रनोज पेगु को 75,217 वोट मिले। इस सीट से बीजेपी विधायक प्रदान बरुआ लखीमपुर लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे जिसके बाद ये सीट खाली थी।

श्रीनगर लोकसभा क्षेत्र के 38 मतदान केंद्रों पर गुरुवार को फिर से वोटिंग कराई गई। हिंसक झड़प के बीच यहां वोटिंग प्रतिशत काफी रहा था, जिसके बाद चुनाव आयोग ने इन मतदान केंद्रों पर फिर से मतदान कराने का फैसला लिया था। यहां 2.02% वोटिंग दर्ज हुई।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story