×

बिनय तमांग बने गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के प्रमुख, बिमल गुरुंग निलंबित

गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएम) की केंद्रीय समिति ने सोमवार को छह महीने से फरार चल रहे पार्टी प्रमुख बिमल गुरुंग को निलंबित कर उनकी जगह विनय तमांग को नया पार्टी अध्यक्ष चुना।

tiwarishalini
Published on: 20 Nov 2017 4:20 PM GMT
बिनय तमांग बने गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के प्रमुख, बिमल गुरुंग निलंबित
X
बिनय तमांग बने गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के प्रमुख, बिमल गुरुंग निलंबित

दार्जिलिंग : गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएम) की केंद्रीय समिति ने सोमवार को छह महीने से फरार चल रहे पार्टी प्रमुख बिमल गुरुंग को निलंबित कर उनकी जगह बिनय तमांग को नया पार्टी अध्यक्ष चुना। जीजेएम के विश्वस्त सूत्र के मुताबिक, तमांग को पार्टी प्रमुख बनाने का फैसला पश्चिम बंगाल के उत्तरी पहाड़ी क्षेत्र स्थित दार्जिलिंग जिले के घुम में हुई पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक में लिया गया।

समिति ने गुरुंग के अलावा जीजेएम के 13 अन्य नेताओं को भी निलंबित कर दिया। जिनमें पार्टी महासचिव रोशन गिरी, गुरुंग की पत्नी व जीजेएम महिला शाखा की अध्यक्ष आशा गुरुंग और महिला नेता सरोज थापा भी शामिल हैं।

बिमल गुरुंग पश्चिम बंगाल पुलिस की ओर से उनके खिलाफ जारी लुकआउट नोटिस जारी होने के बाद करीब छह महीने से फरार हैं।

यह भी पढ़ें ... गोरखा जनमुक्ति मोर्चा : पर्वतीय क्षेत्र के लोगों का लोकतांत्रिक आंदोलनों पर भरोसा

जीजेएम की केंद्रीय समिति ने बिमल गुरुंग और रोशन गिरी पर पिछले छह महीने से गोरखालैंड आंदोलन की अगुवाई नहीं करने का आरोप लगाया। कमेटी का कहना कि पार्टी के संविधान में ऐसी निष्क्रियता के लिए इजाजत नहीं है। सूत्र के मुताबिक, कुर्सियांग से जीजेएम नेता अनित थापा को पार्टी का नया महासचिव चुना गया है।

तमांग और थापा को जीजेएम के तत्कालीन प्रमुख गुरुंग ने दार्जिलिंग की पहाड़ियों में अनिश्चितकालीन बंद को वापस लेने के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया था। लेकिन, अब दोनों पार्टी में महत्वपूर्ण चेहरों के रूप में उभरे हैं और गोरखलैंड आंदोलन की कमान संभाल चुके हैं। पश्चिम बंगाल सरकार से समझौता वार्ता में भी दोनों नेता अपनी भूमिका निभा रहे हैं।

यह भी पढ़ें ...राजनीतिक लाभ के लिए दार्जिलिंग समस्या नहीं सुलझा रहीं ममता : भाजपा

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी गोरखालैंड क्षेत्रीय प्रशासन (जीटीए) में प्रशासक मंडल का गठन किया है। दार्जिलिंग की पहाड़ियों में चल रहे विवाद का हल निकालने के लिए गठित इस प्रशासक मंडल में तमांग को अध्यक्ष और थापा को उपाध्यक्ष बनाया गया है।

दोनों नेताओं ने कई बार पहाड़ी क्षेत्र के लोगों और पश्चिम बंगाल सरकार के बीच द्विपक्षीय बातचीत के लिए प्रतिनिधिमंडलों की अगुवाई की है। इनकी अगले दौर की बातचीत 21 नवंबर को होने वाली है।

जीजेएम केंद्रीय समिति ने पार्टी की अगली बैठक दिसंबर के दूसरे सप्ताह में करने की भी घोषणा की है, जिसमें जीजेएम में रिक्त कई पदों पर नेताओं का चयन किया जाएगा।

--आईएएनएस

tiwarishalini

tiwarishalini

Excellent communication and writing skills on various topics. Presently working as Sub-editor at newstrack.com. Ability to work in team and as well as individual.

Next Story