×

केरल में बोले PM मोदी- मुस्लिमों को वोट की मंडी नहीं, अपना समझें

aman
By aman
Published on: 25 Sep 2016 9:57 AM GMT
केरल में बोले PM मोदी- मुस्लिमों को वोट की मंडी नहीं, अपना समझें
X

कोझिकोड: केरल के कोझिकोड में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के तीसरे और आखिरी दिन पीएम नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पंडित दीन दयाल उपाध्याय के जीवन आदर्शों पर चलने की बात कही। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने मुस्लिमों को वोट की मंडी नहीं, अपना समझने की बात कही।

इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को पीएम नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि 'पीएम का जिक्र कर उनका सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।'

इस बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री अरुण जेटली और वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के अलावा बीजेपी के 1700 से ज्यादा नेता शामिल हुए। आज खत्म होने वाली बीजेपी की नेशनल काउंसिल की बैठक में पीएम मोदी ने समापन भाषण दिया। इससे पहले अमित शाह ने धन्यवाद भाषण दिया था।

राजनीति जड़ों से जुड़ी हो

पीएम मोदी ने कहा, '50 साल बाद 2016 में हम इसी नगर में दीन दयाल उपाध्याय की 100वीं जयंती पर उपस्थित हुए हैं। तब हम भारतीय जनसंघ के रूप में थे। ये नगर कालीकट के रूप में जाना जाता था, अब कालीकट कोझिकोड़ बन गया। हम जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी बन गए। हम जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी बने लेकिन हम आज उसी जगह आए ताकि पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी ने हमें राजनीति भारतीय जड़ों से जुड़ी हो इस मंत्र को फिर से एक बार चेतना देना।'

ऊंचाई पर जाने वाला हमेशा वहीं नहीं रहता

नरेंद्र मोदी ने कहा, इस देश के पीएम से एक बार पूछा गया था कि आप कितने साल तक पीएम रहेंगे। तो उन्होंने कहा, 'जो एवरेस्ट पर जाता है तो क्या वह वहां रहने के लिए जाता है क्या। पीएम ने कहा कि हम उस यात्रा के यात्री नहीं हैं। हम सब लोग लेने पाने और बनने निकले वाले लोग नहीं है।' उन्होंने कहा कि यहीं करना होता तो हम भी समझौता कर लेते।

जनसेवा ही समाज सेवा है

लेकिन इस दल के कार्यकर्ताओं का चरित्र रहा कि जिन आदर्शों के लिए चले उसी की पूर्ति के लिए जन सामान्य के अपने आप को खपा दें।

पंडित दीन दयाल उपाध्याय यही मंत्र देकर गए थे 'अन्त्योदय', जनसेवा ही समाज सेवा है। हम भारतीय जनता पार्टी के लिए एक राजनीतिक चिंतन क्या हो सकता है। आचार के माध्यम से राजनीति में पुन: खुद को स्थापित कर सकते हैं। जब आजादी का आंदोलन चल रहा था उस समय उस पीढ़ी के लिए वो प्रेरणास्रोत होते थे

राजनैतिक जीवन में आई गिरावट

आज राजनैतिक जीवन और सार्वजिनक जीवन में गिरावट आई है। आज बेटा अपने पिता का परिचय कराने से हिचकिचाता है कि मेरे पिता नेता हैं। अगर राजनीति के लिए जनसामान्य के मन में ऐसे गिरावट हो जाए तो यह लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा हो जाता है।

आज भी अच्छे लोग हैं

लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों का होना अनिवार्य है। बीजेपी की ओर से हम आचार और विचार के माध्यम से देश के नागरिकों के मन में राजनेताओं की ओर लोगोें के देखने का दृष्किोण बदल सकते हैं क्या। मोदी ने कहा कि सब डूब चुका है। यह गलत है। अब भी अच्छे लोगों की कमी नहीं है। आज भी अच्छे लोग हैं। पीएम मोदी ने कहा कि अन्य दलों में भी अच्छे लोग हैं। लेकिन हमारे पास ऐसे लोगों की संख्या ज्यादा होगी। क्योंकि हम बीमारियों से बचें हैं, लेकिन बीमारी इतनी फैल चुकी है कि उससे बचने के लिए सतत जागरुक होना पड़ता है।

समाज का कोई भी वर्ग अछूत नहीं

पीएम मोदी ने कहा, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी 'सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय' के लिए काम करते थे। वह कहते थे, 'समाज का कोई भी वर्ग हमारे लिए अछूत नहीं होना चाहिए।' पंडित दीन दयाल उपाध्याय ने 50 साल पहले कहा था कि 'मुसलमानों को न पुरस्कृत करें न तिरस्कृत करें।' दलित पीड़ित, शोषित और किसान ये हमारे नारे नहीं हैं सबका साथ सबका विकास यही हमारा मुख्य केंद्र होना चाहिए।

अंतिम सीढ़ी तक वालों के लिए हो उदय

समाज की अंतिम सीढ़ी पर जो बैठा है सबसे पहले उसका उदय होना चाहिए। राष्ट्र को सशक्त और स्वावलंबी बनाने के लिए समाज की अंतिम सीढ़ी तक विकास करना होगा। इसलिए दल के रूप में सत्ता के माध्यम से जहां सेवा करने का मौका मिला है। वहां इसी भाव को जेहन में रखकर आगे बढ़ने का प्रयास करने रहे हैंं।

ऊपर वाले झुककर हाथ बढ़ाएं

मोदी ने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय जयंती पर हम उनके विचारों पर चलकर उन्हें याद करें। उन्होंने कहा था कि अगर सभी को बराबरी में लाना है तो ऊपर के लोगों को झुककर अपने हाथ वंचित लोगों तक बढ़ाने चाहिए ताकि उन्हें ऊपर उठा सकें।

पंडित जी ने भी पर्यावरण को लेकर चेताया था

पूरी दुनिया ने कहा, भारत ने ग्लोबल वार्मिंग के लिए अहम भूमिका अदा की। मैं गर्व के साथ कहना चाहता हूं की पंडित जी ने पर्यावरण के लिए हमें चेताया। गांधी का जीवन मीनिमम कार्बन दोहन का जीवन था।

हमारी सरकार गरीबों के लिए

पीएम मोदी ने कहा कि गरीब कल्याण के कामों को गति कैसे मिले और देश का गरीब, गरीबी के खिलाफ लड़ने के लिए सशक्त कैसे हो इस पर काम करना है। जब एनडीएम ने मुझे पीएम के रूप में चुना था उस दिन मैंने सेन्ट्रल हॉल में कहा था कि हमारी सरकार गरीबों के लिए बनी है।

हमारे पास नि:स्वार्थ कार्यकर्ताओं की फौज है

पीएम मोदी ने कहा कि अभी भी देश में बहुत कुछ करना बाकी है। संकल्प दृढ़ है हमने ठान लिया है। भारत में बीजेपी ही एक ऐसी पार्टी है जिसके पास नि:स्वार्थ कार्यकर्ताओं की फौज है। सरकारी योजनाएं बनेंगी, वह गरीब किसानों के लिए होंगी। हम पंडित दीनदयाल के विचारों से सीख लें।

चुनाव सुधार प्रक्रिया में सुधार पर जोर

पीएम मोदी ने कहा, हमारे देश में चुनाव प्रक्रिया में व्यापक सुधार की चर्चा हो रही है। अलग-अलग चुनाव होने के कारण देश पर बोझ पड़ता है। हम पूरे देश में सेमिनार कर मंथन कर सकते हैं। चुनाव सुधार प्रक्रिया में क्या अच्छा करें, इस पर चर्चा होनी चाहिए।

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, केरल की धरती को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अपने रक्त से सींचा है। पंडित जी ने भी यही संदेश दिया था।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story