×

#Chitrakoot उपचुनाव: BJP को झटका, 14,333 वोटों से कांग्रेस की जीत

मध्य प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को झटका लगा है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है।

tiwarishalini
Published on: 12 Nov 2017 7:41 AM GMT
#Chitrakoot उपचुनाव: BJP को झटका, 14,333 वोटों से कांग्रेस की जीत
X
#Chitrakoot उपचुनाव: BJP को झटका, कांग्रेस ने लहराया जीत का परचम

सतना/भोपाल : मध्य प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को झटका लगा है। कांग्रेस प्रत्याशी नीलांशु चतुर्वेदी ने बीजेपी प्रत्याशी शंकर दयाल त्रिपाठी को 14,333 वोटों से मात दी है। इस उपचुनाव में नौ निर्दलीयों सहित 12 उम्मीदवार मैदान में थे। कांग्रेस विधायक प्रेम सिंह के निधन के बाद यहां उप-चुनाव हुआ। चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव के लिए रविवार को मतों की गिनती के बाद आए नतीजे में कांग्रेस प्रत्याशी नीलांशु चतुर्वेदी को कुल 66,810 मत मिले, जबकि बीजेपी प्रत्याशी शंकर दयाल त्रिपाठी को कुल 52,677 मत प्राप्त हुए।

यह भी पढ़ें ... हिमाचल चुनाव : पिछले साल से 1% ज्यादा पड़े वोट, इस बार 74% वोटिंग

मध्य प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष नंद कुमार सिंह चौहान ने हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा कि इन नतीजों की समीक्षा की जाएगी। नंद कुमार चौहान ने कहा कि कांग्रेस को परंपरागत सीट होने का फायदा मिला और हम जनादेश को स्वीकार करते हैं।



मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई और 19 चक्र में पूरी हुई। पांच चरणों की मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी नीलांशु चतुर्वेदी ने भाजपा प्रत्याशी शंकर दयाल त्रिपाठी पर 10,057 मतों की बढ़त बना ली थी। 10वां चक्र पूरा होने तक यह बढ़त 17,959 हो गई। बाद में भाजपा उम्मीदवार त्रिपाठी की बढ़त बढ़ी और गिनती का अंत आते तक यह अंतर 14,133 रह गया। यहां कुल 1,26,903 वोट वैध पाए गए।

मतगणना के दौर को देखा जाए, तो कई चक्र में कांग्रेस उम्मीदवार की बढ़त लगभग दो हजार बढ़ते रहे। 19 चक्रों में से सात चक्र में बीजेपी के उम्मीदवार ने बढ़त बनाई, तो शेष 12 चक्रों में कांग्रेस उम्मीदवार आगे रहा।

सतना स्थित शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-एक में वोटों की गिनती अलग-अलग 14 टेबलों पर हुई। यह मतगणना 19 चरण में पूरी हुई। इस उपचुनाव में नौ निर्दलियों सहित 12 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे थे।

मतगणना के लिए 70 कर्मचारी तैनात किए गए। इनमें एक-एक काउंटिंग सुपरवाइजर, काउंटिंग सहायक और माइक्रो ऑब्जर्वर तथा दो अन्य कर्मचारी शामिल रहे। मतगणना स्थल पर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बिना प्राधिकार-पत्र के किसी को प्रवेश नहीं दिया गया। सुरक्षा के लिए सीएपीएफ की एक कंपनी के अलावा स्थानीय पुलिस बल को तैनात किया गया था।

चित्रकूट में एक लाख 98 हजार 122 मतदाता हैं। इनमें एक लाख छह हजार 390 पुरुष, 91 हजार 730 महिला और दो थर्ड जेंडर शामिल हैं। यहां 9 नवंबर को वोटिंग हुई थी। करीब 62 % लोगों ने अपने वोट का इस्तेमाल किया था।







tiwarishalini

tiwarishalini

Excellent communication and writing skills on various topics. Presently working as Sub-editor at newstrack.com. Ability to work in team and as well as individual.

Next Story