×

ऐतिहासिक ब्रू-रियांग समझौता : त्रिपुरा में ही बसेंगे 34 हजार विस्थापित

गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में गुरुवार को नई दिल्ली में भारत सरकार, त्रिपुरा और मिज़ोरम सरकार और ब्रू-रियांग प्रतिनिधियों के बीच में एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं। नए समझौते से करीब 23 वर्षों से चल रही बड़ी मानव समस्‍या का स्थायी समाधान किया जाएगा व करीब 34 हजार ब्रू-रियांग लोगों को त्रिपुरा में बसाया जाएगा।

राम केवी
Published on: 16 Jan 2020 4:02 PM GMT
ऐतिहासिक ब्रू-रियांग समझौता : त्रिपुरा में ही बसेंगे 34 हजार विस्थापित
X

नई दिल्लीः केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में गुरुवार को नई दिल्ली में भारत सरकार, त्रिपुरा और मिज़ोरम सरकार और ब्रू-रियांग प्रतिनिधियों के बीच में एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं। नए समझौते से करीब 23 वर्षों से चल रही बड़ी मानव समस्‍या का स्थायी समाधान किया जाएगा व करीब 34 हजार ब्रू-रियांग लोगों को त्रिपुरा में बसाया जाएगा।

इस अवसर पर मिजोरम के मुख्यमंत्री जोराम्थंगा, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिपलब कुमार देब, एनईडीए के अध्यक्ष हेमन्त बिस्व सरमा, टीआईपीआरए के अध्यक्ष प्रद्युत किशोर देबबर्मा, एवं ब्रू प्रतिनिधियों के साथ वारिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। यह ऐतिहासिक समझौता उत्तर पूर्व की प्रगति और क्षेत्र के लोगों के सशक्तीकरण के लिए प्रधान मंत्री मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप है। कार्यभार संभालने के बाद श्री मोदी ने कई नीतिगत कदम उठाए हैं, जिससे इस क्षेत्र के बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी, आर्थिक विकास, पर्यटन और सामाजिक विकास में सुधार हुआ है।

त्रिपुरा में बसना चाहते हैं ब्रू रियांग परिवार

श्री शाह ने कहा कि प्रधान मंत्री मोदी के नेतृत्व वाली भारत सरकार ने लंबे समय से हजारों की संख्या में प्रताड़ित व्यक्तियों को पुनः बसाने का स्थायी समाधान निकाल लिया है। इस समझौते के अंतर्गत ब्रू-रियांग को पुनर्स्थापित करने का यह मुद्दा त्रिपुरा और मिज़ोरम राज्‍य सरकारों व ब्रू-रियांग प्रतिनिधियों से विचार-विमर्श कर एक नई व्‍यवस्‍था बनाने का फैसला किया, जिसके अंतर्गत वे सभी ब्रू-रियांग परिवार जो त्रिपुरा में ही बसना चाहते हैं, उनके लिए त्रिपुरा में ही व्‍यवस्‍था करने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि इन सभी लोगों को राज्य के नागरिकों के सभी अधिकार दिये जाएँगे और वे केंद्र व राज्य सरकारों की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे। गृह मंत्री ने कहा की इस नए समझौते के बाद ये ब्रू-रियांग परिवार अपना सर्वांगीण विकास करने में समर्थ होंगे। इस नए समझौते को करने के लिए भारत सरकार को त्रिपुरा व मिज़ोरम सरकारों, ब्रू-रियांग प्रतिनिधियों का पूरा समर्थन मिला है।

मिलेंगी ये सुविधाएं

श्री शाह ने बताया की इस नई व्‍यवस्‍था के अंतर्गत विस्‍थापित परिवारों को 40x30 फुट का आवासीय प्‍लॉट दिया जाएगा और उनकी आर्थिक सहायता के लिए प्रत्‍येक परिवार को, पहले समझौते के अनुसार 4 लाख रुपये फ़िक्स्ड डिपॉज़िट में, दो साल तक 5 हजार रुपये प्रतिमाह नकद सहायता, दो साल तक फ्री राशन व मकान बनाने के लिए 1.5 लाख रुपये दिये जाएंगे। इस नई व्‍यवस्‍था के लिए त्रिपुरा सरकार भूमि की व्‍यवस्‍था करेगी। आज भारत सरकार, त्रिपुरा और मिज़ोरम सरकार और ब्रू-रियांग प्रतिनिधियों के बीच यह नया समझौता हुआ है जिसमें करीब 600 करोड़ रुपये की सहायता केंद्र द्वारा दी जाएगी।

एनएलएफटी के उग्रवादियों का भी कराया समर्पण

श्री शाह ने कहा कि हाल ही में उग्रवादी संगठन NLFT(SD) के 88 हथियारबंद उग्रवादियों द्वारा आत्मसमर्पण किया गया और उन्हें मुख्यधारा में शामिल किया गया। त्रिपुरा राज्य के लिए ये एक महत्वपूर्ण कदम था जिससे राज्य की शांति व्यवस्था मे महत्वपूर्ण सुधार हुआ। गृह मंत्री ने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर पूर्व कि बड़ी समस्याओं को तीव्र गति से हल किया जा रहा है और ब्रू-रियांग सम्झौता त्रिपुरा के लिए उस दिशा में एक दूसरा महत्वपूर्ण कदम है। गृह मंत्री ने कहा कि शीघ्र ही सम्पूर्ण उत्तर पूर्व में पूर्ण शांति बहाल कर इस क्षेत्र का तीव्र विकास किया जाएगा।

घटनाक्रम

वर्ष 1997 में जातीय तनाव के कारण करीब 5,000 ब्रू-रियांग परिवारों ने, जिसमें करीब 30,000 व्‍यक्‍ति थे, मिज़ोरम से त्रिपुरा में शरण ली जिनको वहां कंचनपुर, उत्‍तरी त्रिपुरा में अस्थायी शिविरों में रखा गया।

इसे भी पढ़ें

CM योगी का जिलाधिकारियों को बारिश-ओलावृष्टि से प्रभावितों को अविलंब राहत पहुंचाने का निर्देश

वर्ष 2010 से भारत सरकार लगातार प्रयास करती रही है कि इन ब्रू-रियांग परिवारों को स्थायी रूप से बसाया जाए। वर्ष 2014 तक विभिन्‍न बैचों में 1622 ब्रू-रियांग परिवार मिज़ोरम वापस गए। ब्रू-रियांग विस्‍थापित परिवारों की देखभाल व पुनर्स्‍थापन के लिए भारत सरकार त्रिपुरा व मिज़ोरम सरकारों की सहायता करती रही है।

इसे भी पढ़ें

ट्रंप ने भारत-चीन सीमा पर कही ये बड़ी बात, PM मोदी का ऐसा रहा रिएक्शन

3 जुलाई, 2018 को भारत सरकार, मिज़ोरम व त्रिपुरा सरकार व ब्रू-रियांग प्रतिनिधियों के बीच एक समझौता हुआ था जिसके उपरान्‍त ब्रू-रियांग परिवारों को दी जाने वाली सहायता में काफी बढ़ोतरी की गई। समझौते के उपरान्‍त वर्ष 2018-19 में 328 परिवार, जिसमें 1369 व्‍यक्‍ति थे, त्रिपुरा से मिज़ोरम इस नए समझौते के तहत वापस गए। अधिकांश ब्रू-रियांग परिवारों की यह मांग थी कि उन्‍हें सुरक्षा की आशंकाओं को ध्‍यान में रखते हुए त्रिपुरा में ही बसा दिया जाए।

राम केवी

राम केवी

Next Story