×

CIA के बयान पर VHP ने दी चेतावनी, कहा- जल्द से जल्द हटाया जाए टैग

Manali Rastogi
Published on: 15 Jun 2018 7:47 AM GMT
CIA के बयान पर VHP ने दी चेतावनी, कहा- जल्द से जल्द हटाया जाए टैग
X

नई दिल्ली: विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने अमेरिकी गुप्तचर संस्था CIA के उनके संगठन और बजरंग दल को उग्रवादी धार्मिक संगठन घोषित करने को घोर आपत्तिजनक, अपमानजनक तथा तथ्यों से परे बताया है और कहा है कि सीआईए इस टैग को जल्द हटाए।

यह भी पढ़ें: मोदी जी! बीजेपी विधायकों को नहीं पता पीएम मुद्रा योजना के बारे में

विहिप पूरी तरह से देश भक्त संगठन है और इसकी गतिविधियां देश को समर्पित हैं। विहिप के संयुक्त महासचिव सुरेन्द्र जैन ने शुक्रवार को कहा कि 60,000 से अधिक एकल विद्यालय तथा एक हजार से अधिक अन्य सेवा कार्य करते हुए विहिप देश के समग्र विकास के लिए समर्पित है।

विश्व हिंदू परिषद ने CIA द्वारा लगाए गए आरोप को बताया गलत

संगठन देश हित व हिन्दू हितों के साथ कभी समझौता नहीं करता। इन सब बात की जानकारी CIA को न हो, यह संभव नहीं है। इसके बावजूद अनर्गल आरोप लगाना किसी निहित स्वार्थ के कारण ही सम्भव है। संभवतः भारत के चर्चों द्वारा लिखे गए पत्र भी इस बृहद षडयंत्र के भाग हैं। ओसामा बिन लादेन को खड़ा करके जिहादी आतंकवादी की आग में विश्व को झोंकने वाला CIA किस अधिकार से भारत के देश भक्त संगठन पर टिप्पणी कर सकता है।

विहिप के संयुक्त महासचिव के यह भी कहा कि CIA की भारत विरोधी मानसिकता उसकी Factbook में छपे भारत के मानचित्र से भी स्पष्ट हो जाती है जिसमें गुलाम कश्मीर के अलावा कश्मीर के ही कुछ अन्य भाग को पाकिस्तान में दिखाया है। यह घोर आपत्तिजनक तथा देश का अपमान है।

जैन ने कहा कि अमेरिकी सरकार को अपनी कुख्यात एजेंसी को आदेश देना चाहिए कि वह अबिलम्ब अपनी गलतियों में सुधार कर भारत से माफी मांगे। यदि जल्द ही यह सुधार नहीं किया जाता तो विश्व हिन्दू परिषद् वैश्विक स्तर पर CIA के विरुद्ध आन्दोलन छेड़ेगा। CIA का भारत विरोधी इतिहास सर्व विदित है तथा वर्तमान षडयंत्र उसी मानसिकता का परिणाम है। विहिप ने इस मामले में केंद्र सरकार से भी अमेरिकी सरकार पर दबाव बनाने को कहा है।

Manali Rastogi

Manali Rastogi

Next Story