×

बड़ी धाकड़ है अपनी छोरी, AG में विनेश ने भारत को दिलाया दूसरा गोल्ड

Rishi
Published on: 20 Aug 2018 12:36 PM GMT
बड़ी धाकड़ है अपनी छोरी, AG में विनेश ने भारत को दिलाया दूसरा गोल्ड
X

जकार्ता : पैर में चोट के बाद भी हिम्मत न हारने वाली भारत की महिला पहलवान विनेश फोगाट ने सोमवार को मैट पर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। विनेश ने 18वें एशियाई खेलों में 50 किलोग्राम फ्रीस्टाइल स्पर्धा के फाइनल में जापान की इरि युकी को मात देकर पहला स्वर्ण पदक हासिल किया। विनेश एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला पहलवान बनी हैं। उन्होंने 2014 में इंचियोन में खेले गए पिछले संस्करण में कांस्य पदक जीता था। इस बार वह अपने पदक का रंग बदलने में सफल रहीं।

राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीतने वाली विनेश ने शुरू से ही जापानी खिलाड़ी को दबाव में रखा। विनेश ने पहले राउंड में शुरुआत में चार अंक लिए। इसके बाद विनेश ने जापानी खिलाड़ी को मैट पर गिराया, लेकिन जापानी खिलाड़ी ने शानदार डिफेंस करते हुए अपने कंधों को जमीन पर नहीं लगने दिया। पहले राउंड में विनेश 4-0 से आगे थीं।

दूसरे राउंड में विनेश ने अपने मजबूत डिफेंस से समय जाया किया। इसी बीच इरी एक अंक लेने में सफल रहीं। अंत में विनेश ने इरी को पटखनी देते हुए दो और अंक लेकर 6-2 से मुकाबला अपने नाम कर पहली बार सोने का तमगा अपने गले में डाला।

विनेश को सेमीफाइनल मैच में पैर में चोट लग गई थी बावजूद इसके वो रुकी नहीं और फाइनल में दमदार प्रदर्शन करने में सफल रहीं।

Rishi

Rishi

आशीष शर्मा ऋषि वेब और न्यूज चैनल के मंझे हुए पत्रकार हैं। आशीष को 13 साल का अनुभव है। ऋषि ने टोटल टीवी से अपनी पत्रकारीय पारी की शुरुआत की। इसके बाद वे साधना टीवी, टीवी 100 जैसे टीवी संस्थानों में रहे। इसके बाद वे न्यूज़ पोर्टल पर्दाफाश, द न्यूज़ में स्टेट हेड के पद पर कार्यरत थे। निर्मल बाबा, राधे मां और गोपाल कांडा पर की गई इनकी स्टोरीज ने काफी चर्चा बटोरी। यूपी में बसपा सरकार के दौरान हुए पैकफेड, ओटी घोटाला को ब्रेक कर चुके हैं। अफ़्रीकी खूनी हीरों से जुडी बड़ी खबर भी आम आदमी के सामने लाए हैं। यूपी की जेलों में चलने वाले माफिया गिरोहों पर की गयी उनकी ख़बर को काफी सराहा गया। कापी एडिटिंग और रिपोर्टिंग में दक्ष ऋषि अपनी विशेष शैली के लिए जाने जाते हैं।

Next Story