Ajay Jadeja Family: अजय जडेजा के शाही परिवार में एक से बढ़कर एक धुरंधर, जानें नए जाम साहब की संपत्ति भी

Ajay Jadeja Royal Family: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी अजय जडेजा जामनगर के अगले जाम साहब घोषित किए गए हैं। उन्हें जाम साहब शत्रुशल्यसिंहजी ने अपना वारिस चुना है।

Shreya
Written By Shreya
Published on: 12 Oct 2024 5:41 AM GMT
Ajay Jadeja Family: अजय जडेजा के शाही परिवार में एक से बढ़कर एक धुरंधर, जानें नए जाम साहब की संपत्ति भी
X

Ajay Jadeja (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

Ajay Jadeja Royal Family: गुजरात के जामनगर के शाही परिवार ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी अजय जडेजा (Ajay Jadeja) को अपना उत्तराधिकारी घोषित कर दिया है। अजय जामनगर के जाम साहब शत्रुशल्यसिंहजी के करीबी रहे हैं। ऐसे में जाम साहब ने उन्हें ही अपना वारिस चुना है। शत्रुशल्यसिंहजी ने अपने पत्र में कहा कि मैंने अपनी दुविधा का समाधान कर लिया है, क्योंकि अजय जडेजा ने मेरे उत्तराधिकारी बनने का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है। मुझे यकीन है कि अजय जडेजा जामनगर के लोगों के लिए एक आशीर्वाद होंगे और समर्पण के साथ उनकी सेवा करेंगे। मैं उनका बहुत आभारी हूं।

वर्तमान जाम साहब शत्रुशल्य सिंहजी निसंतान हैं। ऐसे में उन्हें अपने वारिस की पसंदगी करनी थी। उन्होंने अपने करीबी अजय जडेजा को अपना उत्तराधिकारी बनाया है। अजय ही अब नवानगर, जो कि अब जामनगर के नाम से जाना जाता है, के अगले जाम साहब होंगे। बता दें पूर्व क्रिकेटर जडेजा जामनगर के शाही परिवार के वंशज हैं और नवानगर रियासत से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता दौलतसिंहजी जडेजा जाम साहब शत्रुसाल्यसिंहजी के चचेरे भाई हैं। आइए जानते हैं जामनगर के नए जाम साहब और पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा के परिवार, क्रिकेट करियर और नेटवर्थ के बारे में।

महान क्रिकेटर थे रिश्तेदार (Ajay Jadeja Family)

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

अजय जडेजा का जन्म 1 फरवरी 1971 को जामनगर में एक शाही परिवार में हुआ था। उनके पिता दौलतसिंहजी जडेजा वर्तमान जाम साहब शत्रुसाल्यसिंहजी के चचेरे भाई हैं। वह जामनगर लोकसभा से 3 बार सांसद रह चुके हैं। वहीं, उनकी मां ज्ञानबा जडेजा केरल के अलाप्पुझा की मूल निवासी हैं। जडेजा जिस रॉयल फैमिली से ताल्लुक रखते हैं, उसकी क्रिकेट में काफी समृद्ध विरासत है। उनके रिश्तेदारों में क्रिकेट जगत की महान हस्तियों के.एस. रणजीतसिंहजी और के.एस. दिलीपसिंहजी का नाम शामिल है।

रणजीतसिंहजी और दिलीपसिंहजी के नाम पर ही भारत की प्रतिष्ठित घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिता रणजी ट्रॉफी और दिलीप ट्राफी का नाम रखा गया है। बता दें रणजीतसिंहजी 1907 से 1933 तक नवानगर के शासक भी थे। वह वर्तमान जाम साहब शत्रुशल्य सिंह के पिता दिग्विजयसिंहजी के भाई थे। शत्रुशल्यसिंह को उनके चाचा रणजीतसिंहजी ने गोद लिया था और अपना वारिस बनाया था। शत्रुशाल्यसिंहजी खुद भी प्रथम श्रेणी क्रिकेटर थे।

अजय जडेजा की पत्नी (Ajay Jadeja Wife)

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

भारतीय क्रिकेट टीम के शानदार खिलाड़ी रहे अजय जडेजा की शादी समता पार्टी की पूर्व अध्यक्ष जया जेटली (Jaya Jaitly) की बेटी अदिति जेटली (Aditi Jaitly) से हुई है। जिनके साथ उनके दो बच्चे हैं। जडेजा अपनी निजी लाइफ को प्राइवेट ही रखना पसंद करते हैं। इसीलिए वह अपने परिवार को मीडिया की सुर्खियों में दूर रखते हैं।

कैसा रहा क्रिकेट करियर (Ajay Jadeja Cricket Career)

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

53 वर्षीय अजय जडेजा ने 1992 से 2000 तक भारतीय टीम के लिए क्रिकेट खेला है। जडेजा ने अपने करियर के दौरान भारत के लिए 15 टेस्ट मैच और 196 एकदिवसीय मैच खेले हैं। उन्हें कई मौकों पर टीम इंडिया की कप्तानी करने का भी मौका मिला। वह 1995 में एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे। जडेजा की गिनती अपने दौर की सबसे बेहतरीन फील्डरों में होती थी। वह अपने रनिंग के लिए जाने जाते थे।

अजय जडेजा पर मैच फिक्सिंग का आरोप भी लग चुका है। जिसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनके क्रिकेट खेलने पर बैन लगा दिया था। बाद में दिल्ली हाईकोर्ट ने अपने एक फैसले में खिलाड़ी पर लगे बैन को हटा दिया था। लेकिन वह उसके बाद कभी क्रिकेट नहीं खेल पाए। जडेजा आईपीएल में अलग-अलग टीम के मेन्टोर रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने हाल ही में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के साथ टीम मेंटर के रूप में काम किया था।

अजय जडेजा के पास कितनी है संपत्ति (Ajay Jadeja Net Worth In 2024)

शाही परिवार से ताल्लुक रखने वाले अजय जडेजा की गिनती भारत के सबसे अमीर खिलाड़ियों में होती है। उन्होंने खुद तो तगड़ी कमाई की ही, इसके अलावा उनके पास पारिवारिक संपत्ति भी है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मौजूदा समय में अजय जडेजा 250 करोड़ रुपये के मालिक हैं।

Shreya

Shreya

Next Story