TRENDING TAGS :
Hacks For Holi 2025: कपड़ों पर लग गया है रंगों का दाग, इन हैक्स से आसानी से हटाएं, नहीं पड़ेगी फेंकने की जरुरत
Holi 2025 Hacks: कपड़ों पर लगे गुलाल के रंगों को आसानी से निकाला जा सकता है। वो भी बिना ज्यादा मेहनत के। आइए जानते हैं इन हैक्स को।
Hacks For Holi 2025 (फोटो साभार- सोशल मीडिया)
Holi 2025: 14 फरवरी, 2025 को देश भर में हिंदू धर्म के सबसे बड़े त्योहारों में से एक होली (Holi) का जश्न मनाया जाएगा। इसे रंगों का त्योहार और एकता का पर्व भी कहा जाता है, क्योंकि इस दिन लोग अपने धर्म, जाति और स्टेटस को किनारे रखकर एक साथ गुलाल खेलते हैं। होली खेलने के लिए लोग कई दिन पहले से ही अपनी तैयारियां करनी शुरू कर देते हैं। साथ ही रंग खेलने के लिए पुराने कपड़े भी निकाल लेते हैं क्योंकि रंगों में सनने के बाद इसे फेंकना ही पड़ जाता है।
लेकिन क्या आप जानते हैं कपड़ों पर लगे गुलाल के रंगों को आसानी से निकाला जा सकता है। वो भी बिना ज्यादा मेहनत के। इसलिए आज हम आपके लिए कुछ ऐसे आसान तरीके लेकर आए हैं, जिनकी मदद से आप अपने कपड़ों से रंग को निकाल सकते हैं। ये तरीके आपको इसलिए भी पता होने जरूरी हैं क्योंकि भले ही आप पुराने कपड़े पहनकर होली खेल लें, लेकिन अगर आपके नए कपड़ों पर कलर लग जाए तो क्या करेंगे? और जब आपको उपाय पता होंगे तो आप बिना डरे अपने नए कपड़े को फिर से नया जैसा बना सकेंगे।
कपड़ों से रंग कैसे निकालें (Tips to Remove Holi Colour From Clothes)?
(फोटो साभार- सोशल मीडिया)
होली खेलते समय पहने गए कपड़ों को फेंकने में तो ज्यादा अफसोस नहीं होता है, लेकिन अगर किसी के घर होली मिलने जाओ और उनके रंग लगाने के बाद कपड़े पर गिर जाए या फिर रास्ते में बच्चे रंगों के पानी से भरे गुब्बारे मार दें तो ऐसे में आप कुछ कह भी नहीं पाते और अंदर ही अंदर अपने कपड़े खराब होने की चिंता सताने लगती है। लेकिन अगर आपको ये पता रहेगा कि कपड़ों पर लगे रंगों के दाग को कैसे निकालना है तो आपको आसानी होगी और आपके कपड़े भी खराब होने से बच जाएंगे। ये रहे होली के रंग को कपड़े से हटाने के बेहतरीन उपाय (How To Remove Color Stain From Clothes)।
1- टूथपेस्ट की मदद से कपड़ों से हटाएं होली के रंग
क्या आपको पता है आप जिस टूथपेस्ट का इस्तेमाल दांत साफ करने के लिए करते हैं, उसके जरिए होली के रंगों को भी छुड़ा सकते हैं। जी हां, टूथपेस्ट भी कपड़ों से होली के रंग को हटा सकता है। अगर कपड़ों से डिटर्जेंट और साबुन लगाने के बाद भी दाग नहीं जा रहा हो तो इन दागों पर टूथपेस्ट लगा दें। दाग वाले एरिया पर सफेद टूथपेस्ट लगाने के बाद 15 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। अब रगड़ कर कपड़े को साफ करने की कोशिश करें। अगर एक बार में रंग न निकलें तो ऐसा आप दो-तीन बार दोहरा सकते हैं। इस हैक से होली का रंग कपड़े से निकल जाएगा।
2- एल्कोहल से कैसे छुड़ाएं होली के रंग के दाग
(फोटो साभार- सोशल मीडिया)
इसके अलावा आप होली कलर्स के जिद्दी दागों को कपड़े से छुड़ाने के लिए एल्कोहल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे आसानी से गहरे से गहरे रंग भी कपड़े से हट सकते हैं। इसके इस्तेमाल से पहले कपड़े को हल्के गुनगुने पानी में डिटर्जेंट के साथ डालकर अच्छी तरह साफ कर लें। अब एक कटोरी में 2-3 चम्मच एल्कोहल लें। आप किसी भी एल्कोहल का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके बाद इसमें एक चम्मच पानी डालकर मिक्स करें। इस मिश्रण को दाग वाली जगह पर लगाएं और रगड़कर साफ करने की कोशिश करें। फिर थोड़ी देर इसे ऐसी ही छोड़ दें और बाद में सादे पानी से कपड़े को साफ कर लें। इससे रंग साफ हो जाएगा।
3- कपड़ों से होली कलर्स के दाग छुड़ाने के लिए नींबू का इस्तेमाल कैसे करें
(फोटो साभार- सोशल मीडिया)
नींबू सदियों से घरेलू उपायों में इस्तेमाल किया जा रहा है। यह बीमारियों को दूर करने के साथ ही कपड़े पर लगे रंगों के दाग को भी दूर कर सकता है। दरअसल, नींबू का रस नेचुरल क्लींजर के रूप में काम करता है। इसमें ब्लीचिंग प्रॉपर्टीज होती हैं और इसके कारण कपड़े पर लगा दाग आसानी से साफ हो जाता है। अगर बहुत कोशिशों के बाद कपड़े से रंगों का दाग नहीं निकल रहा है तो पहले कपड़े को गुनगुने पानी और डिटर्जेंट या साबुन लगाकर साफ करें। फिर जहां भी गुलाल का रंग लगा हो, वहां नींबू का रस लगाकर रगड़ें।
आप चाहें तो नींबू के रस में नमक भी मिला सकते हैं। इससे रंग और भी जल्दी साफ हो जाएगा। या फिर नींबू के रस में थोड़ा सा बेकिंग सोडा मिक्स कर सकते हैं। एक चौथाई बाल्टी पानी में बनाए गए लिक्विड को डालें और कपड़े को 20 मिनट के लिए भिगो दें। इससे कपड़ा आसानी से साफ हो जाता है।
4- बेकिंग सोडा कपड़ों से हटाएगा होली के रंगों का दाग
(फोटो साभार- सोशल मीडिया)
आपके घर में बेकिंग सोडा तो होगा ही, अगर नहीं है तो होली से पहले ही इसे खरीदकर रख लें। ये बहुत महंगा भी नहीं मिलता है। इसमें एक्सफोलिएटिंग प्रॉपर्टीज होती हैं। अगर आपके कपड़े पर होली का रंग लग जाए तो सोडा की मदद से उसे हटा सकते हैं। इसके लिए बेकिंग सोडा को पानी में घोलकर गाढ़ा पेस्ट बना लें और इस पेस्ट को रंग लगे जगह पर 30 मिनट के लिए लगाकर छोड़ दें। इसके बाद कपड़े को डिटर्जेंट से साफ कर लें। इस घरेलू उपाय से आसानी से कपड़े से होली के रंग को हटाया जा सकता है।
नोट- यह खबर सामान्य जानकारी के लिए है। इसकी सत्यता, सटीकता और असर की जिम्मेदारी न्यूजट्रैक नहीं लेता है।