Top 5 Underworld Dons: अंडरवर्ल्ड दुनिया के सबसे खतरनाक डॉन, इनमें से कई सलाखों के पीछे

India Top 5 Underworld Dons : बाबा सिद्दीकी की मौत के बाद एक बार फिर देश में गैंगस्टर, माफिया और अंडरवर्ल्ड डॉन की खूब चर्चा हो रही है। आइए जानें देश के सबसे खतरनाक डॉन के बारे में।

Shreya
Written By Shreya
Published on: 13 Oct 2024 12:10 PM GMT
Underworld Dons In India: अंडरवर्ल्ड दुनिया के सबसे खतरनाक डॉन,  इनमें से कई सलाखों के पीछे
X

Underworld Dons In India (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

Top 5 Underworld Dons: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता और महाराष्ट्र विधानसभा के पूर्व सदस्य बाबा जियाउद्दीन सिद्दीकी (Baba Siddique) की हत्या की गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) ने जिम्मेदारी ली है। बाबा सिद्दीकी की मौत के बाद एक बार फिर देश में गैंगस्टर, माफिया और अंडरवर्ल्ड डॉन की खूब चर्चा हो रही है। आज हम बात करेंगे आपराधिक दुनिया पर राज करने वाले टॉप 5 अंडरवर्ल्ड डॉन (Dangerous Underworld Dons) के बारे में। चलिए जानते हैं इस लिस्ट में किस-किस के नाम शामिल हैं।

दाऊद इब्राहिम (Dawood Ibrahim)

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

जब भी बात ताकतवर अंडरवर्ल्ड डॉन की आती है तो उस लिस्ट में दाऊद इब्राहिम का नाम सबसे ऊपर लिया जाता है। आपने भी इस गैंगस्टर का नाम जरूर सुना होगा। बता दें भारत के मोस्टवांटेड अपराधियों की लिस्ट में शामिल दाऊद ही 1993 में हुई मुंबई ब्लास्ट का मुख्य मास्टरमाइंड था। उसने मुंबई धमाकों से पहले ही भारत छोड़ दिया था। इस ब्लास्ट में 250 से भी ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। बीते साल उसके मौत की भी खबर सामने आई थी। लेकिन उसके करीबी सहयोगी छोटा शकील का कहना था कि दाऊद बिल्कुल ठीक है। खबरों के मुताबिक, वह इस समय पाकिस्तान में शरण लिए हुए है।

2- हाजी मस्तान (Haji Mastan)

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

मुंबई अंडरवर्ल्ड का सुल्तान कहे जाना वाला हाजी मस्तान का असली नाम मस्तान मिर्जा था, लेकिन अपराध की दुनिया में वह हाजी मस्तान के नाम से मशहूर था। वह मूल रूप से तमिलनाडु का रहने वाला था, लेकिन बंबई (मुंबई) में रहता था। उसे मुंबई का पहला अंडरवर्ल्ड डॉन भी कहा जाता है। बाहुबली माफिया तस्कर हाजी 1970 तक मुंबई अंडरवर्ल्ड का सबसे ताकतवर डॉन बन चुका था। बताया जाता है कि मस्तान जुर्म की काली दुनिया में सबसे बड़ा नाम था, लेकिन बावजूद इसके अपनी पूरी जिंदगी इसने न तो किसी की जान ली और ना ही किसी पर हमला किया। हाजी मस्तान ने बॉलीवुड एक्ट्रेस सोना (Sona) से शादी की थी।

3- अबू सलेम (Abu Salem)

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

अबू सलेम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का रहने है। वह 1984 में काम की तलाश में मुंबई पहुंचा था, लेकिन आपराधिक दुनिया में संलिप्त हो गया। वह अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का सहयोगी था। अबू सलेम का नाम 1993 में हुए मुंबई ब्लास्ट, गुलशन कुमार की हत्या और अन्य आपराधिक गतिविधियों में सामने आया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह आजमगढ़ से युवकों को मुंबई लाकर उनसे शूट आउट को अंजाम दिलवाया करता था। इसके अलावा वह बॉलीवुड फिल्म मेकर्स को भी धमका कर जबरन पैसा वसूलता था।

अबू सलेम का नाम बॉलीवुड एक्ट्रेस मोनिका बेदी (Monica Bedi) के साथ जुड़ा था। दोनों एक दूसरे के प्यार में गिरफ्त थे। मोनिका को फिल्मों में रोल दिलवाने के लिए वह फिल्म निर्माताओं को धमकाया करता था। 2002 में उसे पुर्तगाल से गिरफ्तार किया गया था। लंबे समय बाद 2015 में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।

4- अरुण गवली (Arun Gawli)

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

डैडी (Daddy) के नाम से मशहूर अरुण गवली कभी मिल कर्मचारी हुआ करता था, लेकिन बाद में गैंगस्टर और राजनेता बन गया। दाऊद इब्राहिम के मुंबई छोड़कर चले जाने और अमर नाइक के मारे जाने के बाद मुंबई में अंडरवर्ल्ड की दुनिया में केवल एक ही खिलाड़ी बचा था, वो था अरुण गवली। उसके नाम से मुंबई के बड़े-बड़े लोग तक खौफ खाते थे। 20वीं सदी के अंत में अंडरवर्ल्ड में उसका एक मजबूत गढ़ था। कुछ सालों बाद उसने राजनीति की दुनिया में भी कदम रख दिया। उसे ऐसा लगता था कि विधायक बनने के बाद वह पुलिस की नजरों से बच जाएगा। लेकिन 2008 में शिवसेना के पार्षद कमलाकर जामसंडेकर की हत्या करने के मामले में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई। वहीं, उसके जेल में जाते ही पुलिस ने बाहर उसके पूरे गैंग का सफाया कर दिया।

5- छोटा राजन (Chhota Rajan)

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

छोटा राजन पहले बड़ा राजन के गैंग में शामिल था, जिसका मुख्य धंधा रंगदारी, जबरन वसूली, तस्करी, फिल्मों के टिकट ब्लैक करना और पैसे लेकर कब्जा दिलाना था। 1982 में बड़ा राजन की हत्या के बाद छोटा राजन ने ही उसके धंधों को आगे बढ़ाने का काम किया। छोटा राजन का खौफ इतना था कि बड़ा राजन के हत्यारे अब्दुल कुंजू ने उसके डर से खुद ही 1983 में पुलिस थाने में सरेंडर कर दिया था। हालांकि बाद में वह छोटा राजन के हाथों ही मारा गया था।

दाऊद इब्राहिम छोटा राजन से काफी प्रभावित था, इसलिए उसे अपने गैंग का हिस्सा बना लिया। 1984 तक छोटा राजन दाऊद का खास बन गया था। उसे दाऊद का दाहिना हाथ कहा जाता था, लेकिन बाद में दोनों एक दूसरे के दुश्मन नंबर वन बन गए। छोटा राजन 1993 के मुंबई सीरियल बम धमाकों में भी शामिल था, लेकिन इन विस्फोटों के बाद उसने दाऊद से नाता तोड़ दिया था। फिलहाल वह आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।

Shreya

Shreya

Next Story