TRENDING TAGS :
Indian Leaders Married: केवल राजीव गांधी ही नहीं इन दिग्गज राजनेताओं का भी विदेशी महिलाओं पर आया दिल, यहां देखें लिस्ट
Indian Leaders Married History: राजीव गांधी के अलावा भी कई राजनेताओं ने विदेशी महिलाओं से शादी रचाई। आइए जानते हैं उन पॉलिटिशियन्स के बारे में जिन्होंने प्यार में सरहद लांगी।
Politicians Who Married Foreigners (फोटो साभार- सोशल मीडिया)
Indian Politicians Who Married Foreigners: कहते हैं कि प्यार में केवल दिल की सुननी चाहिए। इश्क उम्र, जात-पात से बढ़कर होता है। यहां तक कि अगर किसी से दिल लग जाए तो सरहद की सीमा भी उसे नहीं रोक सकती है। ऐसे कई उदाहरण आपने फिल्म और क्रिकेट जगत से जुड़े लोगों में देखे होंगे, जिन्होंने सरहद की सीमा को पार करते हुए विदेशी नागरिक में अपना जीवनसाथी ढूंढा। लेकिन क्या आप जानते हैं भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले कई राजनेताओं ने भी विदेशी महिलाओं से शादी की है।
अगर बात किसी विदेशी महिला से शादी करने वाले राजनेता की हो रही हो तो उसमें सबसे पहले भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी (Rajiv Gandhi) का नाम सामने आता है, लेकिन आपको बता दें कि उनके अलावा भी कई पॉलिटिशियन्स विदेशियों को दिल दे चुके हैं। आइए जानते हैं उन राजनेताओं के बारे में जिन्होंने प्यार में सरहद लांगी।
इन राजनेताओं ने विदेश महिलाओं से की शादी
(फोटो साभार- सोशल मीडिया)
1- राजीव गांधी (Rajiv Gandhi)
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने साल 1968 में एक प्राइवेट सेरेमनी में सोनिया गांधी से शादी रचाई थी। दोनों की पहली मुलाकात 1965 में ब्रिटेन के कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान हुई थी। एक रेस्टोरेंट में दोस्तों के साथ लंच करने के दौरान राजीव ने सबसे पहली बार सोनिया को देखा था। वहां एक कॉमन फ्रेंड ने राजीव का सोनिया से परिचय कराया था और राजीव उन्हें पहली ही नजर में दिल दे बैठे। इटली के ओर्बसानो में जन्मीं सोनिया गांधी को भी राजीव गांधी भा गए थे। हालांकि तब सोनिया ये नहीं जानती थीं कि राजीव भारत के सबसे बडे़ राजनीतिक गांधी परिवार से नाता रखते हैं। धीरे-धीरे उनका प्यार परवान चढ़ा और दोनों ने धर्म और देश अलग होते हुए भी शादी कर ली।
(फोटो साभार- सोशल मीडिया)
2- एस जयशंकर (S. Jaishankar)
एस. जयशंकर जिनका पूरा नाम “सुब्रह्मण्यम जयशंकर (Subrahmanyam Jaishankar)” भारत के विदेश मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने जापानी मूल की महिला क्योको से शादी की है। ये उनकी दूसरी शादी है। उनकी पहली शादी शोभा से हुई थी। दोनों जेएनयू में साथ पढ़ते थे। दोस्ती और प्यार के बाद दोनों ने शादी कर ली थी, लेकिन दुर्भाग्य से, शादी के कुछ साल बाद, शोभा की कैंसर से मौत हो गई।
शोभा की मौत के बाद जयशंकर को टोक्यो में भारतीय दूतावास में नियुक्त किया गया। जहां उनकी मुलाकात क्योको सोमेकावा से हुई। मुलाकात के बाद जयशंकर और क्योको के बीच प्यार हुआ और उन्होंने सादगी के साथ शादी कर ली। जयशंकर की पत्नी क्योको लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करती हैं। हालांकि वह अपने पति के साथ अक्सर राजनीतिक बैठकों और कार्यक्रमों में भाग लेती हैं।
(फोटो साभार- सोशल मीडिया)
3- फारूक अब्दुल्ला (Farooq Abdullah)
जम्मू और कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला भी इस लिस्ट में शुमार हैं। उन्होंने 1968 में ब्रिटिश मूल की नर्स रहीं मौली (Mollie Abdullah) से शादी रचाई थी। अब्दुल्ला ने उस दौर में धर्म से बाहर जाकर प्रेम विवाह किया था। मौली से फारूक अब्दुल्ला की पहली मुलाकात लंदन के अस्पताल में हुई थी, जहां वह मेडिकल प्रैक्टिस के लिए गए थे। मौली से प्यार होने के बाद फारूक ने अपने परिवार को राजी किया और उन्हें शादी करके अपने साथ कश्मीर ले आए।
(फोटो साभार- सोशल मीडिया)
4- पवन कल्याण (Pawan Kalyan)
दक्षिण फिल्मों के सुपरस्टार और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण तीन शादी कर चुके हैं। उन्होंने पहली शादी 1997 में नंदिनी से की थी, लेकिन 2008 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद उन्होंने साल 2009 में रेनू देसाई संग सात फेरे लिए, लेकिन इस शादी की उम्र भी लंबी नहीं थी। दोनों अलग हो गए। रेनू से तलाक के एक साल बाद ही पवन ने 2013 में एना लेजनेवा से शादी कर ली।
एना लेजनेवा रूसी मॉडल और अभिनेत्री हैं। एक फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों की दोस्ती हुई थी। रेनू संग हुए तलाक के बाद पवन कल्याण का दिल एना पर आ गया और फिर दोनों ने 2013 में शादी रचा ली।