×

पुरुषों से अधिक चीनी खाती हैं महिलाएं

चीनी खाने से आदमी मोटा होता है। लोगों में घर कर गई इस धारणा ने शहर के वाशिंदों को इतना एतिहात बरतने को मजबूर कर दिया है कि लोग मानक से एक-तिहाई कम चीनी खा रहे हैं। मेट्रो के वाशिंदे 19.5 ग्राम चीन औसतन रोज खाते हैं।

Shivakant Shukla
Published on: 10 Feb 2020 9:40 AM GMT
पुरुषों से अधिक चीनी खाती हैं महिलाएं
X

योगेश मिश्र

लखनऊ: चीनी खाने से आदमी मोटा होता है। लोगों में घर कर गई इस धारणा ने शहर के वाशिंदों को इतना एतिहात बरतने को मजबूर कर दिया है कि लोग मानक से एक-तिहाई कम चीनी खा रहे हैं। मेट्रो के वाशिंदे 19.5 ग्राम चीन औसतन रोज खाते हैं।

हालांकि पुरुष प्रतिदिन 18.7 ग्राम और महिलाएं 20.2 ग्राम चीनी का उपभोग औसतन रोज कर रही हैं। घरेलू महिलाएं सबसे ज्यादा 21.3 ग्राम चीनी प्रतिदिन उपभोग करतीं हैं। महिला-पुरुष के बीच चीनी के उपभोग का सर्वाधिक अंतर मुंबई में है। यहां महिलाएं 28 ग्राम और पुरुष 24.4 ग्राम चीनी रोज खाते हैं। जबकि भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने औसतन 30 ग्राम चीनी खाने का मानक तय किया है। चीनी के उपयोग में मुंबई और अहमदाबाद सबसे आगे है। मुंबई के लोग 26.3 ग्राम और अहमदाबाद के लोग 25.9 ग्राम चीनी खाते हैं।

ये भी पढ़ें—कुंती ने की थी तामेश्‍वरनाथ की स्‍थापना

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर), नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर न्यूट्रिशन (एनआईएन) और इंटरनेशनल लाइफ साइंसेज इंस्टीट्यूट (आईएलएसए) के संयुक्त अध्ययन से यह पता चला है। यह निष्कर्ष 16 प्रमुख मेट्रो में जुटाए गए आंकड़ों पर आधारित है। रिपोर्ट के निष्कर्ष बताते हैं कि लोग सबसे ज्यादा 21 फीसदी चीनी मिठाइयों के जरिये खा रहे हैं। कोल्डड्रिंक्स के जरिये 17.2 फीसदी चीनी खाई जा रही है। जबकि 12 फीसदी फ्रूट जूस के जरिये, 11.6 फीसदी दुग्ध उत्पाद के जरिये चीनी खाई जा रही है। यही नहीं, 6.5 फीसदी लोगों के शरीर में चीनी चाकलेट के जरिये और 8.9 फीसदी लोगों के शरीर में चीनी सीधे शक्कर और गुड़ के जरिये जा रही है।

युवाओं में चीनी खाने का रुझान

युवाओं में चीनी खाने का रुझान कम है। 36 से 59 आयुवर्ग के लोग 20.5 ग्राम और 60 वर्ष से अधिक आयु के लोग 20.3 ग्राम चीनी रोज खाते हैं। जबकि 18-35 आयुवर्ग के लोगों में रोज चीनी की खपत 19.4 ग्राम है। 12 से 17 आयुवर्ग के बीच यह खपत घटकर 9.9 ग्राम रह जाती है। 5 से 11 साल के बच्चों में यह आंकड़ा 17.6 ग्राम का तथा 4 से छोटे आयुवर्ग के बच्चों में 15.6 ग्राम चीनी के खपत रोज का आंकड़ा है।

ये भी पढ़ें—उम्र को भी हराते, दीर्धानुभवी नेता राम नाईक

शाकाहारी औसतन 24 ग्राम चीनी रोज खाते हैं। जबकि मांसाहारियों में चीनी की खपत 18.2 ग्राम रोज है। चीनी युक्त खाद्य पदार्थों से लोग औसतन छह फीसदी एनर्जी हासिल कर रहे हैं। दिल्ली में चीनी की खपत 23.2 ग्राम, बेंगलूरु में 19.3 ग्राम, कोलकाता में 17.1 ग्राम, हैदराबाद में 15.5 ग्राम और चेन्नई 16.1 ग्राम प्रति व्यक्ति प्रतिदिन है। इन शहरों में चीनी से बने पदार्थों से क्रमशः 6.1, 4.1, 3.5, 5.4 और 3.9 फीसदी ऊर्जा लोगों को औसतन मिलती है।

Shivakant Shukla

Shivakant Shukla

Next Story