×

Madhya Pradesh: 50 प्रतिशत कमीशन के मुद्दे पर सियासत गरमाई, कमलनाथ ने सरकार को घेरा, मुख्यमंत्री शिवराज ने दिया जवाब

Madhya Pradesh: मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले 50 प्रतिशत कमीशन का मुद्दा सियासी रूप से काफी गरमा गया है।

Anshuman Tiwari
Published on: 14 Aug 2023 5:07 PM GMT (Updated on: 14 Aug 2023 5:21 PM GMT)
Madhya Pradesh: 50 प्रतिशत कमीशन के मुद्दे पर सियासत गरमाई, कमलनाथ ने सरकार को घेरा, मुख्यमंत्री शिवराज ने दिया जवाब
X
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, बसपा चीफ मायावती, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान: Photo- Social Media

Madhya Pradesh: मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले 50 प्रतिशत कमीशन का मुद्दा सियासी रूप से काफी गरमा गया है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को लपकते हुए विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को घेरने का बड़ा हथियार बना लिया है। व्यापारियों का एक पत्र वायरल होने के बाद शिवराज सरकार की ओर से हर काम में 50 फ़ीसदी कमीशन लेने की चर्चा ने काफी तेजी पकड़ ली है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की ओर से इस बाबत ट्वीट किए जाने के बाद यह मामला सियासी रूप से काफी गरमा गया है। इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हो चुकी है। इस मामले में कांग्रेस के बाद बसपा मुखिया मायावती भी कूद पड़ी हैं।

उनका कहना है कि भाजपा और कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप के बीच जनता से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को पीछे छोड़ा जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस शासित राज्यों में भी भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया है। उधर कांग्रेस नेता कमलनाथ ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मध्य प्रदेश से बुरी सरकार को विदा करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को मुंहतोड़ जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस भ्रम फैलाकर मध्य प्रदेश के लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस का तीखा हमला, शिवराज ने दिया जवाब

दरअसल मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाला है। इस बार विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला हो रहा है। कांग्रेस 2020 में दलबदल करके कमलनाथ की सरकार गिराने का बदला लेने की कोशिश में जुटी हुई है। दूसरी ओर भाजपा 2024 की जंग से पहले मध्य प्रदेश को किसी भी कीमत पर अपने हाथ से नहीं गंवाना चाहती। ऐसे माहौल में व्यापारियों का 50 फ़ीसदी कमीशन का पत्र वायरल होने के बाद राज्य में सियासी तूफान खड़ा हो गया है। कांग्रेस लगातार इस मुद्दे पर शिवराज सरकार को घेरने की कोशिश में जुटी हुई है।

कांग्रेस के हमलावर रुख के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस मुद्दे पर कांग्रेस को जवाब देने की कोशिश में जुटे हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस राज्य में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है मगर उसे इस काम में कामयाबी नहीं मिलने वाली है।

भाजपा सरकार की विदाई का आह्वान

इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश से भाजपा सरकार की विदाई करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में बुराई सिर उठा रही है और बेरोजगारी में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। डीजल, सिलेंडर और अन्य चीजों की महंगाई में लोगों को त्रस्त कर रखा है। महिलाओं और दलितों के साथ अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हैं और किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो गए हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार बड़ी समस्या बन चुका है और इसने प्रदेश को तबाह कर दिया है। उन्होंने भ्रष्टाचार के राज को खत्म करने का आह्वान किया। कमलनाथ ने कहा कि आजादी के पर्व में हमें मध्य प्रदेश से सभी बुराइयों को खत्म करना है। विधानसभा चुनाव में इस बुराई को खत्म करने के लिए प्रदेश के लोगों को आगे आना चाहिए।

मायावती ने भाजपा के साथ कांग्रेस को भी घेरा

दूसरी ओर उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा की मुखिया मायावती ने कांग्रेस और भाजपा दोनों को घेरते हुए बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की समस्या सिर्फ मध्यप्रदेश में ही नहीं है बल्कि कांग्रेस शासित राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी भ्रष्टाचार बड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति हो रही है और इसकी आड़ में महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी, शोषण और अत्याचार जैसे ज्वलंत मुद्दे पीछे छूट गए हैं।

बसपा मुखिया ने कहा कि मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बसपा इन तीनों राज्यों में भाजपा और कांग्रेस के खिलाफ जनहित और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story