PM Modi In MP: पीएम मोदी का कमलनाथ-दिग्विजय पर तंज, बोले- इनकी कपड़ा फाड़ लड़ाई बेटों के लिए है

PM Modi In MP: रैली में पीएम मोदी का निशाना मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर था। पिछले दिनों दोनों के बीच मनमुटाव की खबरें आई थीं। एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें कमलनाथ ने टिकट कटने पर असंतुष्टों से कहा था कि जाकर दिग्विजय सिंह के कपड़े फाड़ो।

Ashish Kumar Pandey
Published on: 4 Nov 2023 3:50 PM GMT
PM Modis statement on Congress leaders Kamal Nath and Digvijay Singh
X

मध्यप्रदेश के रतलाम में पीएम मोदी: Photo- Social Media

PM Modi In MP: पीएम मोदी ने मध्यप्रदेश के रतलाम में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस नेताओं-कमलनाथ और दिग्विजय सिंह का नाम लिए बिना निशाना साधते हुए कहा कि इनकी कपड़ा फाड़ लड़ाई बेटों के भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने मध्य प्रदेश कांग्रेस के दो बड़े नेताओं कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के बीच चल रहे मनमुटाव पर तंज कसते हुए रतलाम की सभा में कहा कि यहां कांग्रेस के दो नेताओं के बीच कपड़े फाड़ने की कम्पीटिशन चल रही है। अभी तो यह फिल्म का ट्रेलर है। तीन दिसंबर को भाजपा की जीत के बाद यहां कांग्रेस की असली पिक्चर आपको दिखेगी।

रैली में पीएम मोदी का निशाना मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर था। पिछले दिनों दोनों के बीच मनमुटाव की खबरें आई थीं। एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें कमलनाथ ने टिकट कटने पर असंतुष्टों से कहा था कि जाकर दिग्विजय सिंह के कपड़े फाड़ो। जयवर्धन सिंह के कपड़े फाड़ो। दिग्विजय सिंह भी सर्वे के आधार पर टिकटों के बंटवारे को लेकर सवाल उठा चुके हैं। अब भी दोनों को इस घटना पर सफाई देनी पड़ रही है। इसी मुद्दे को मोदी ने रतलाम में शनिवार को चुनावी सभा के दौरान उठाया। उन्होंने कहा कि विकास का रोडमैप क्या होगा, यह कांग्रेस को पता नहीं है। इतनी दूर की कांग्रेस सोच ही नहीं सकती। कांग्रेस के नेता फिल्मी हैं। कांग्रेसियों के डायलॉग भी फिल्मी है। कांग्रेस की घोषणाएं भी फिल्मी हैं। किरदार फिल्मी है तो सीन भी फिल्मी ही होगा। यहां कांग्रेस के दो नेताओं के बीच कपड़े फाड़ने की कम्पीटिशन चल रही है। अभी तो यह फिल्म का ट्रेलर है। यह अपने-अपने चेलों को बताते हैं कि एक बार मौका मिल गया तो उसके बाद वो खुद के भी कपड़े फाड़ेंगे, आपके भी फाड़ेंगे। यह याद रखिए कि जहां भी इन्हें मौका मिला है, उन्होंने जनता के कपड़े फाड़ दिए।

कांग्रेस नेता कमलनाथ: Photo- Social Media

कांग्रेस मतलब घोटाले, अपराधियों का बोलबाला-

पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस को अवसर देना बहुत बड़ा संकट होता है। राजस्थान और छत्तीसगढ़ का पांच राज्यों में क्या हाल कर दिया। कांग्रेस मतलब राज्य में हजारों करोड़ के घोटाले, अपराधियों का बोलबाला, गरीबों से विश्वासघात, दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों पर अत्याचार, राज्य को बीमार बनाने की गारंटी। यह उनके स्वभाव में है। उनके खून का हिस्सा है।

ये भी पढ़ें: Mahadev App Scam: महादेव एप का क्या है फर्जीवाड़ा, घोटाले में कैसे आया सीएम भूपेश बघेल का नाम?

कर्जमाफी का फायदा किसानों को नहीं मिलता-

पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि देश में कोई ऐसा नहीं है, जिसे कांग्रेस ने ठगा नहीं है। कांग्रेस हर चुनाव में कर्जमाफी का झुनझुना लेकर आती है। कांग्रेस की कर्जमाफी का फायदा किसानों को नहीं, कांग्रेसियों के चेले-चपाटियों को होता है। भाजपा सरकार जो कहती है, वह करती है। हम किसानों के छोटे-बड़े खर्चों की चिंता कर रहे हैं। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत देशभर के किसानों को पैसा दे रहे हैं।

लगाया वंशवाद को बढ़ावा देने का आरोप-

पीएम मोदी ने कहा कि यहां के कांग्रेस के शीर्ष नेता आपस में क्यों लड़ रहे हैं? यह लड़ाई सीएम की कुर्सी के लिए नहीं है। उन्हें पता है यहां उनकी दाल नहीं गलने वाली है। वह लोग तो अपने-अपने बेटों के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। लड़ाई इस बात की है कि किसका बेटा मध्य प्रदेश कांग्रेस पर कब्जा करेगा। कांग्रेस सिर्फ परिवारवाद का परचम लहरा सकती है। मध्य प्रदेश का परचम लहराना कांग्रेस के बस की बात नहीं है। भाजपा ही आपको आगे लेकर जाएगी। आपका सपना पूरा करना ही मोदी का संकल्प है।

रतलामी सेव नहीं खाई तो यहां आया नहीं मानते

रैली के दौरान पीएम मोदी ने रतलामी सेव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रतलाम आए और रतलामी सेव नहीं खाई तो उसे रतलाम आया, माना नहीं जाता है। सही बात है न? यही सच्चाई है। जब तीन दिसंबर को भाजपा सरकार की वापसी का जश्न मनेगा, तब लड्डू के साथ रतलामी सेव भी खूब खाई जाएगी। एक जिला एक उत्पाद के तहत यहां सेव को चुना गया है। नमकीन क्लस्टर बनाया गया है।

ये भी पढ़ें: 'यूपी में कई बार बनी सपा सरकार, तब क्यों नहीं कराई जातीय जनगणना', केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल का अखिलेश से सवाल

दिल्ली वालों का हिसाब-किताब बदल जाएगा

मोदी ने दिल्ली में सर्वे कर जीत-हार की भविष्यवाणी करने वालों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग दिल्ली में बैठकर गुणा-भाग करते रहते हैं, आज उनका हिसाब-किताब बदल जाएगा। अब चर्चा यह नहीं होगी कि कौन जीतेगा? चर्चा यह होगी भाजपा दो-तिहाई बहुमत लेगी या उससे कम रहेगी।

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह: Photo- Social Media

पांच साल और गरीबों को मुफ्त राशन

मोदी ने कहा कि 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन देने वाली योजना दिसंबर में खत्म हो रही है। मोदी का निश्चय है कि आने वाले पांच साल के लिए इसे बढ़ाया जाएगा। 80 करोड़ देशवासियों का चूल्हा जलता रहे, यह मोदी की गारंटी है। गरीबों को मुफ्त राशन मिलता रहेगा। जो पैसे बचेंगे, गरीब जीवन की अन्य आवश्यकताओं पर खर्च कर सकेगा। मोदी जब गारंटी देता है तो उसे पूरी करने की गारंटी भी साथ देता है।

ये भी पढ़ें: CG Election 2023: छत्तीसगढ़ के दुर्ग में गरजे पीएम मोदी, कांग्रेस पार्टी की गारंटियों को बताया झूठ का पुलिंदा

घर-घर जाकर मेरा प्रणाम कहना

मोदी ने अनूठे अंदाज में जनसंपर्क अभियान भी शुरू कर दिया। उन्होंने सभा में आए लोगों से आग्रह किया कि सरकार तो बन ही जाएगी। शत-प्रतिशत बूथों पर कमल खिलना चाहिए। मेरा एक काम और करना होगा। यह चुनावी काम नहीं है। यह काम मेरे लिए करने को कह रहा हूं। यहां से घर-घर जाइए। घर जाकर कहिए कि मोदी जी रतलाम आए थे। उन्होंने आपको प्रणाम कहा है। हर परिवार को मेरा प्रणाम पहुंचेगा तो बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलेगा। उनका आशीर्वाद मिलता है तो मेरे काम करने की ताकत अनेक गुना बढ़ जाती है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story