×

लोकसभा चुनाव 2019: यहां जानें देश भर में चल रहे मतगणना का हाल

इंतजार की घड़िया खत्म हो चुकी हैं। देश भर में वोटों की गिनती शुरू हो गई है। फाइनल नतीजे आने में थोड़ी देरी हो सकती है, जैसा कि चुनाव आयोग पहले ही घोषित कर चुका है।

Roshni Khan
Published on: 23 May 2019 4:16 AM GMT
लोकसभा चुनाव 2019: यहां जानें देश भर में चल रहे मतगणना का हाल
X
फ़ाइल फोटो

नई दिल्ली: इंतजार की घड़िया खत्म हो चुकी हैं। देश भर में वोटों की गिनती शुरू हो गई है। फाइनल नतीजे आने में थोड़ी देरी हो सकती है, जैसा कि चुनाव आयोग पहले ही घोषित कर चुका है।

चुनाव आयोग ने उम्मीद जताई है कि मतगणना के फाइनल नतीजे आने में रात दस बजे तक का या इससे भी ज्यादा समय लग सकता है। हालांकि, रुझान थोड़ी देर में सामने आने लगेंगे।

ये भी पढ़ें...लोकसभा चुनाव नतीजों से पहले पाकिस्तान को भारत ने “ढंग” से समझा दिया

यहां जानें देश भर में मतगणना का हाल...

लोकसभा चुनाव : पश्चिम बंगाल में मतगणना शुरू

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में 42 लोकसभा सीटों के लिए मतगणना बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे शुरू हो गई। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 379 मतगणना हॉल में मतों की गिनती के लिए करीब 25,000 कर्मियों को तैनात किया गया है। मतगणना हॉल की सुरक्षा केंद्रीय बलों की 82 कंपनियां कर रही हैं।

राज्य में 11 अप्रैल से शुरू हो कर सात चरणों में चुनाव हुए थे। चुनाव में 54 महिलाओं समेत 466 उम्मीदवार मैदान में थे। मतगणना केंद्रों पर 100 मीटर के दायरे के भीतर धारा 144 के तहत निषेद्याज्ञा लागू होने के अलावा तीन चरणों का सुरक्षा घेरा होगा।

मतगणना केंद्रों पर केवल अधिकृत व्यक्तियों को प्रवेश की अनुमति होगी। 42 लोकसभा सीटों में से प्रत्येक के लिए मतगणना पर्यवेक्षक होंगे जो पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। हर मतगणना केंद्र पर एक एक वीडियोग्राफर गणना प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग करेगा।

सभी मतगणना केंद्र सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से प्रत्येक चरण की मतगणना के अंत में रूझानों की घोषणा की जाएगी।

ये भी पढ़ें...लोकसभा चुनाव : भाजपा ने लगाई ममता बनजी के गढ़ में सेंध

लोकसभा चुनाव : कर्नाटक में 28 सीटों के लिए मतगणना आरंभ

बेंगलुरु: लोकसभा चुनाव के लिए कर्नाटक की 28 संसदीय सीटों पर मतगणना बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे आरंभ हो गई।

चुनाव अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मांड्या संसदीय सीट में सर्वाधिक (80.23 प्रतिशत) मतदान हुआ था और बेंगलुरु दक्षिण पर सर्वाधिक (53.47 प्रतिशत) मतदान हुआ था।

राज्य के प्रमुख निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार ने पहले बताया था कि चुनाव परिणाम शाम छह बजे आने की उम्मीद है।

हालांकि इसमें देरी भी हो सकती है। राज्य में दो चरणों में, 18 और 23 अप्रैल को मतदान हुआ था। यहां कुल 461 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे है।

उत्तर प्रदेश में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई मतगणना

लखनऊ: लोकसभा चुनाव के तहत उत्तर प्रदेश की 80 सीटों पर मतगणना का काम कड़ी सुरक्षा के बीच गुरुवार सुबह आठ बजे शुरू हो गया।

लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के साथ ही आगरा उत्तर तथा निघासन विधानसभा सीटों के उपचुनाव की मतगणना भी की जा रही है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू ने बताया कि प्रदेश में कुल 77 मतगणना केन्द्र बनाये गये हैं। आजमगढ़ तथा कुशीनगर में मतगणना दो केन्द्रों पर हो रही है, जबकि अन्य जिलों में मतगणना कार्य एक-एक केंद्र पर हो रहा है।

मतगणना में प्रदेश के कुल 979 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। मतगणना के लिए स्ट्रांग रूम को सभी प्रत्याशियों अथवा उनके अभिकर्ता तथा निर्वाचन आयोग द्वारा नामित प्रेक्षक की उपस्थिति में खोला जायेगा एवं मतगणना के लिए मशीनें मतगणना स्थल पर लायी जायेंगी।

प्रत्येक विधानसभा खण्ड में मतगणना के लिए आमतौर पर 14 मतगणना टेबिल तथा एक एआरओ टेबिल लगायी गयी हैं। एआरओ टेबिल सहित प्रत्येक टेबिल पर हर उम्मीदवार को एक काउन्टिंग एजेन्ट लगाये जाने की अनुमति है।

लू ने बताया कि मतगणना के समय जिन मतदेय स्थलों पर माकपोल के दौरान माकपोल के मतों को मशीन से क्लियर नहीं किया गया था उन पर निर्वाचन आयोग ने वीवीपैट स्लिप से गणना किये जाने के निर्देश दिये हैं।

मतगणना कार्य त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में केन्द्रीय रिजर्व बल एवं स्थानीय बलों की तैनाती सुनिश्चित की गयी है। काउन्टिंग रूम में मतगणना कक्ष के अन्दर जब तक किसी विशेष परिस्थिति में आरओ द्वारा आदेशित न किया जाये, पुलिस बल प्रवेश नहीं करेगा।

ये भी पढ़ें...Election 2019: ये हैं इस लोकसभा चुनाव की सबसे खूबसूरत उम्मीदवार

लोकसभा चुनाव : राजस्थान में मतगणना शुरू

जयपुर: राजस्थान में लोकसभा की 25 सीटों के लिए डाले गए मतों की गणना का काम बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे शुरू हो गया। इसके लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, राज्य में 25 केन्द्रों पर मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हो गयी। सबसे पहले डाक मतपत्रों और ईटीपीबीएस मतपत्रों की गणना की जा रही है। उसके बाद साढ़े आठ बजे से ईवीएम से मतों की गणना शुरू की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 25 केन्द्रों पर राउंडवार मतगणना करवाई जाएगी।

मतगणना स्थल और उसके आस-पास के क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतगणना स्थल पर प्रवेश के लिए त्रि-स्तरीय सुरक्षा की व्यवस्था की गई है ताकि वहां किसी तरह का कोई व्यवधान नहीं आए।

मध्यप्रदेश में मतगणना शुरू

भोपाल: मध्यप्रदेश के 51 जिला मुख्यालयों में कड़ी सुरक्षा के बीच बृहस्पतिवार को राज्य की 29 लोकसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों के लिए बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई है। यह मतगणना 51 जिला मुख्यालयों में कड़ी सुरक्षा के बीच हो रही है।

मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वी एल कांताराव ने बताया कि प्रदेश में उम्मीदवारों की संख्या और मतगणना के चरणों की संख्या को देखते हुए प्रदेश में पहला परिणाम रात लगभग दस बजे के बाद मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि ईवीएम की मतगणना पूर्ण होने के बाद प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के पांच वीवीपैट को रैण्डम पद्धति से चुनकर उनकी पर्चियों की गणना की जायेगी। इन पाँच वीवीपैट पर्चियों की गणना क्रमबद्ध तरीके से (एक के बाद एक) की जायेगी।

राव ने बताया कि प्रदेश में मतगणना के कम से कम 14 चरण कटनी में होंगे, जबकि अधिकतम 29 चरण इन्दौर की मतगणना में होंगे।

उन्होंने कहा कि मतगणना स्थलों पर निगरानी के लिये 1800 सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं।

राव ने बताया कि प्रदेश में मतगणना के काम में 15,000 कर्मचारी तैनात किये गये हैं, जबकि 9,000 सुरक्षाकर्मी मतगणना केन्द्रों और ईवीएम मशीनों की सुरक्षा में तैनात हैं। इसमें केन्द्रीय बलों की 17 कंपनियां भी शामिल हैं।

मध्यप्रदेश में चार चरणों में 29 अप्रैल, 6 मई, 12 मई एवं 19 मई को मतदान हुआ था और कुल 438 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में बंद हो गया था।

लोकसभा चुनाव : गुजरात में 26 संसदीय सीटों के लिए मतगणना शुरू

अहमदाबाद: गुजरात में 26 लोकसभा सीटों और उपचुनाव वाली चार विधानसभा सीटों के लिए डाले गए मतों की गिनती बृहस्पतिवार को 28 केंद्रों पर सुबह आठ बजे शुरू हो गई।

एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना केंद्रों पर 8,000 चुनाव कर्मियों को तैनात किया गया है।

निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि वीवीपैट मशीनों की पर्चियों की गिनती के चलते नतीजों की घोषणा में तीन से चार घंटे का विलंब हो सकता है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस मुरली कृष्ण ने कहा कि ईवीएम मतों की गिनती के बाद प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से बिना क्रम के चुनी गई पांच ईवीएम मशीनों की वीवीपैट पर्चियों की गिनती होगी।

सभी 26 लोकसभा सीटों और चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में 23 अप्रैल को वोट डाले गये थे। यहां 64.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया जो 1976 के बाद से राज्य में सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है। 1976 में 63.77 प्रतिशत मतदान हुआ था।

2014 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के गृह राज्य में 63.66 प्रतिशत मतदान हुआ था।

भाजपा ने उस समय सभी 26 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

ये भी पढ़ें...लोकसभा चुनाव 2019 रिजल्ट लाइव: रुझानों में एक बार फिर मोदी सरकार

लोकसभा चुनाव : महाराष्ट्र में मतगणना आरंभ, 48 सीटों के नतीजे शाम तक आने की उम्मीद

मुंबई: महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों पर मतगणना बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे शुरू हो गई, जहां दोपहर से रुझान आने शुरू होने और शाम तक अंतिम परिणाम घोषित होने की संभावना है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य में चार चरणों में कराए गए चुनाव में कुल 98,430 ईवीएम का इस्तेमाल किया गया था। राज्य के 38 स्थानों में 48 मतगणना केंद्रों पर मतों की गिनती बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे शुरू हो गई।

उन्होंने बताया, ‘‘ रुझान दोपहर तक आने शुरू होंगे और शाम चार बजे तक परिणाम आ जाएंगे।’’

देश में उत्तर प्रदेश के बाद सबसे ज्यादा 48 लोकसभा सीटें महाराष्ट्र में हैं। उत्तर प्रदेश में 80 लोकसभा सीट हैं। राज्य में 11, 18, 23 और 29 अप्रैल को चुनाव हुए। यहां कुल 867 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

अधिकारियों के अनुसार, पालघर और भिवंडी सीट में सबसे ज्यादा 35 राउंड में वोटों की गिनती होगी। इसके बाद भंडारा-गोंदिया और ठाणे में 33 राउंड में और बीड तथा सांगली में 32 राउंड में मतों की गिनती होगी।

एक अन्य अधिकारी ने बताया, ‘‘ वोटों की गिनती करने वाले अधिकारी बिना क्रम के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के पांच ईवीएम का चयन वीवीपीएटी जांच के लिए करेंगे और अगर कोई उम्मीदवार खास ईवीएम के चयन की मांग करता है तो ऐसा किया जाएगा और बिना क्रम के चुनी गई वोटिंग मशीन को हटा दिया जाएगा।’’

उन्होंने बताया कि मतों की गिनती से संबंधित जानकारी और रुझान ceo.maharashtra.gov वेबसाइट पर उपलब्ध होगा। यह जानकारी 1950 टोल फ्री नंबर पर भी उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि मीडिया के लिए राज्य सचिवालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।

राज्य में चुनाव लड़ने वाले दिग्गज नेताओं में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (नागपुर), हंसराज अहीर (चंद्रपुर), सुभाष भामरे (धुले), अनंत गीते (रायगढ़) महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख अशोक चव्हाण (नांदेड़) और पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे (सोलापुर) शामिल हैं।

ये भी पढ़ें...लोकसभा चुनाव 2019 में रिकॉर्ड वोटिंग, जानिए कब-कब कितना हुआ मतदान

लोकसभा चुनाव : छत्तीसगढ़ के 27 जिलों में 11 संसदीय सीटों के लिए मतगणना प्रारंभ

रायपुर: नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़ में कड़ी सुरक्षा के मध्य बृहस्पतिवार को सुबह राज्य के सभी 27 जिला मुख्यालयों में 11 लोकसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि प्रदेश के सभी 27 जिला मुख्यालयों में आज सुबह आठ बजे 11 लोकसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जाएगी तथा बाद में इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन के मतों की गिनती होगी। 11 लोकसभा क्षेत्रों में मतगणना के लिए 27 मतगणना केन्द्रों में 5,184 गणनाकर्मी और 1,500 माईक्रोऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मतगणना के लिए सभी स्थानों पर तथा खासकर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक जिले में मतगणना केन्द्र की सुरक्षा व्यवस्था त्रिस्तरीय है। यहां प्रत्येक स्तर पर पहचान पत्र की जांच उपरांत ही प्रवेश दिया जाएगा।

राज्य में 11 लोकसभा सीटों के लिए 11 अप्रैल, 18 अप्रैल और 23 अप्रैल को मतदान हुआ था। जिसमें राज्य के 71.48 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इस दौरान राज्य के मतदाताओं ने 166 उम्मीदवारों के भाग्य को इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन में बंद कर दिया था।

आज राज्य के जिन उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा उनमें कांग्रेस के तीन मौजूदा विधायक, विधानसभा अध्यक्ष की पत्नी और राज्य में भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष शामिल हैं।

छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में से चार अनुसूचित जनजाति के लिए तथा एक अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है।

देश में अंतिम चरण के मतदान के बाद कई एग्जिट पोल ने छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी को कम से कम दो से तीन सीट के नुकसान का अनुमान जताया है। वर्ष 2004 के बाद से हुए तीनों लोकसभा चुनावों में भाजपा ने राज्य की 11 में से 10 सीटें जीती थीं।

(भाषा)

Roshni Khan

Roshni Khan

Next Story